मेट्रो यात्रियों के लिए बुरी खबर! इस महीने 8 दिन पूरी तरह से बंद रहेगी ईस्ट-वेस्ट मेट्रो सेवा। यानी हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड और सियालदह से सॉल्टलेक सेक्टर 5 तक ग्रीन लाइन मेट्रो के फेज 1 और फेज 2 पर फरवरी में 8 दिन पूरी तरह से मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी। इस बात की आधिकारिक रूप से घोषणा मेट्रो प्रबंधन की तरफ से भी की जा चुकी है। पर कब बंद रहेगी मेट्रो सेवाएं?
इससे आम यात्रियों को कितनी परेशानी होगी? क्यों बार-बार ग्रीन लाइन पर बंद की जा रही हैं मेट्रो सेवाएं?

सबसे पहले आपको बताते हैं-
कब-कब बंद रहेंगी मेट्रो सेवाएं?
फरवरी में 8 दिनों के लिए ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी। इस दौरान हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड तक और सियालदह से सॉल्टलेक सेक्टर 5 तक मेट्रो सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेगी। लेकिन मेट्रो सेवाएं लगातार 8 दिनों तक बंद नहीं रहेगी। दो अलग-अलग चरणों में इस लाइन पर मेट्रो सेवाएं बंद की जाएंगी। कोलकाता मेट्रो की ग्रीन लाइन पर 13 से 16 फरवरी तक (4 दिन) और 20 से 23 फरवरी तक (4 दिन) मेट्रो सेवाएं पूरी तरह से ठप्प रहेंगी।
क्यों बंद रहेंगी मेट्रो सेवाएं?
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार एस्प्लेनेड से सियालदह तक मेट्रो का सुरंग बनाने का काम पूरा हो चुका है। लेकिन अभी भी कुछ काम बाकी है। इस वजह से फरवरी में 8 दिनों के लिए ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवाओं को बंद रखने का फैसला लिया गया है। इनमें से 15 और 16 फरवरी और 22 व 23 फरवरी को शनिवार और रविवार है। इसलिए इस मेट्रो लाइन से होकर ऑफिस आने-जाने वाले यात्रियों को इन चारों दिन कोई परेशानी नहीं होगी। मेट्रो यात्रियों को सिर्फ 4 दिन ही मेट्रो सेवाएं बंद रहने की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बताया जाता है कि इस दौरान ग्रीन लाइन पर हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर 8 तक कम्यूनिकेशनल बेस्ड ट्रेन कंट्रोल सिस्टम की जांच की जाएगी। इस काम के लिए सिर्फ फरवरी ही नहीं, मार्च में भी मेट्रो सेवाएं बंद करनी पड़ सकती है।
गौरतलब है कि ईस्ट-वेस्ट मेट्रो लाइन को मुख्य रूप से नौकरीपेशा कर्मचारियों की सुविधा के लिए ही शुरू की गयी थी। उपनगरीय इलाकों से नौकरी के सिलसिले में कोलकाता आने वाले दैनिक यात्री हावड़ा स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर मेट्रो से एस्प्लेनेड तक आ जाते हैं, जिसके लिए उन्हें ऑफिस के व्यस्त समय में बस में लटकते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर आने-जाने की जरूरत नहीं पड़ती है।
इसके साथ ही सॉल्टलेक में कार्यरत कर्मचारी वर्तमान में एस्प्लेनेड से बस द्वारा सियालदह जाकर वहां से फिर मेट्रो सेवाओं का लाभ सॉल्टलेक सेक्टर 5 तक उठा पाते हैं। कुछ इसी तरह से उपनगरीय इलाकों से सियालदह स्टेशन पर उतरने वाले यात्री भी मेट्रो सेवाओं का लाभ उठा पाते हैं। अब हावड़ा मैदान को सॉल्टलेक सेक्टर 5 से जोड़ने की तैयारियों को तेज कर दिया गया है। इस वजह से इस लाइन पर मेट्रो सेवाओं को बंद करने की घोषणा की गयी है।



Click it and Unblock the Notifications














