नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) पर पहले ट्रायल लैंडिंग की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी है। मिली जानकारी के अनुसार 5 अक्तूबर को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहला ट्रायल लैंडिंग करवाया जाएगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी उपस्थित होने की संभावना व्यक्त की गयी है। लेकिन कब से यात्री सेवाएं शुरू होंगी?
कब से घरेलू उड़ान नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगी और कब अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों के लिए नवी मुंबई एयरपोर्ट को खोला जाएगा?

Hindustan Times की एक रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार हाल ही में महाराष्ट्र के सिटी एंड इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CIDCO) के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय शिरसत ने नवी मुंबई एयरपोर्ट का दौरा किया। उनके साथ अडाणी समूह के दूसरे अधिकारी भी मौजूद रहे। बता दें, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर CIDCO की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है। एयरपोर्ट का दौरा करने के बाद शिरसत ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि एयरपोर्ट का निर्माण हमारे लक्ष्य के अनुसार ही संतोषजनक रूप से हो रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि 5 अक्तूबर को भारतीय वायु सेना का विमान एयरपोर्ट के रनवे पर ट्रायल रन के लिए लैंड करेगा। साथ में उन्होंने यह भी कहा कि हम यह ट्रायल रन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में करने की योजना बना रहे हैं। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की देखरेख में की जा रही हैं। लेकिन कब से यात्री सेवाएं नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शुरू होंगी? मीडिया रिपोर्ट में किये गये दावों को सच माने तो मार्च 2025 तक नवी मुंबई एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं जून 2025 से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें नवी मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगी।
बता दें, पीएम मोदी द्वारा अपने मुंबई दौरे के दौरान कई परियोजनाओं के शुरु करने की संभावना है। वह मुंबई के पहले भूमिगत मेट्रो लाइन 3 यानी एक्वा लाइन मेट्रो का आरे कॉलोनी से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स तक के स्ट्रेच का उद्घाटन भी कर सकते हैं।

बताया जाता है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट को बनाने में करीब ₹16,700 करोड़ की लागत आयी है। पिछले महीने ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इंस्ट्रूमेंटल लैंडिंग सिस्टम की टेस्टिंग की थी। जानकारी के अनुसार अक्तूबर में ट्रायल लैंडिंग के लिए C-13OJ, जो चार इंजन वाली टर्बोप्रॉप मीलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान है, और एक सुखोई SU-30 का इस्तेमाल करने की योजना है। संजय शिरसत ने उम्मीद जताते हुए कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट गेम चेंजर साबित होगा। यह एयरपोर्ट पर 4 इंटर-कनेक्टेड टर्मिनल होंगे।
इस एयरपोर्ट पर एक बार में 350 विमानों को पार्क करने की सुविधा होगी, जिसके साथ ही मेट्रो, ट्रेन और रोड के साथ यातायात का संपर्क इस एयरपोर्ट पर हर तरफ से पहुंचना आसान बनाएगा। उन्होंने बताया कि हमने सभी अधिकारियों को मार्च 2025 तक एयरपोर्ट को पूरी तरह से तैयार करने के लिए आवश्यक निर्देश दिये हैं।



Click it and Unblock the Notifications














