पटना में होने वाला है कुछ ऐसा जिसे देखकर दांतों तले ऊंगली दबा लेंगे आप। पटना में होने वाला है भारतीय वायु सेना (IAF) के सूर्य किरण एयरोबेटिक्स टीम का एयर शो। इसका आयोजन होगा जेपी गंगा पथ पर। सबसे अच्छी बात है कि 2 दिन होने वाले इस एयर शो के पहले दिन छात्र और पटनावासी इसे मुफ्त में देख सकेंगे।
हालांकि दूसरे दिन आधिकारिक तौर पर इस एयर शो का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन करेंगे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। मीडिया रिपोर्ट में इस बात की जानकारी कैबिनेट सेक्रेटेरियट डिपार्टमेंट (CSD) के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए. सिद्धार्थ के हवाले से इस बात की जानकारी दी गयी।

Times of India की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार पटना में भारतीय वायु सेना के सूर्य किरण एयरोबेटिक्स टीम का एयर शो 22 और 23 अप्रैल को आयोजित होगा। इसे पटना के जेपी गंगा पथ पर आयोजित किया जाएगा। 22 अप्रैल को टीम रिहर्सल करेगी जिस दिन यह शो स्कूल और कॉलेज के छात्रों के साथ-साथ पटना निवासियों के लिए खुला होगा।
इस दिन सभी मुफ्त में भारतीय वायु सेना के हवाई जहाजों को एयर शो के लिए रिहर्सल करते हुए देख सकेंगे। 23 अप्रैल को इसका आधिकारिक तौर पर आयोजन होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। एयर शो को देखने के लिए आने वाले मेहमानों और स्थानीय निवासियों के लिए बैठने की व्यवस्था भी यहां की जाएगी।

बताया जाता है कि एयर शो में बैठने की व्यवस्था जेपी गंगा पथ के उस हिस्से में किया जाएगा जो ए.एन. इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल स्टडिज (ANSISS) के उत्तर में होगा। इन दोनों (22 और 23 अप्रैल) दिनों के दौरान ट्रैफिक से संबंधित सभी जानकारियां जल्द ही जारी कर दी जाएंगी।
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह एयर शो ठीक उसी तर्ज पर होगा, जैसा स्वतंत्रता व गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली में आयोजित होता है। दो दिनों तक भारतीय वायु सेना के 9 जेट विमान अपना शानदार प्रदर्शन करेंगे। इस एयर शो में विमान महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु के बीच गंगा नदी के ऊपर अपना प्रदर्शन करेंगे। दोनों दिन एयर शो सुबह 10.15 से दोपहर 12.15 तक आयोजित होगा।



Click it and Unblock the Notifications
