दिवाली का त्योहार दिल्ली और मुंबई के लिए अच्छी खबर लेकर आया है। धनतेरस से ठीक एक रात पहले दिल्ली और मुंबई में हुई हल्की बुंदाबांदी से प्रदूषण के स्तर में काफी सुधार देखने को मिल रहा है। इस वजह से दिल्ली वालों की सांसों पर लगा जहरीले धुंए का पर्दा थोड़ा छंटता नजर आया है लेकिन बारिश के बाद दिल्ली के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।

गौर करने वाली बात यह है कि राजधानी दिल्ली में बारिश उस वक्त हुई है, जब अनियंत्रित प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार कृत्रिम बारिश करवाने के बारे में सोच-विचार कर रही है। वहीं मुंबई में उस समय बारिश हुई है जब बढ़ते प्रदूषण के स्तर ने लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें ला दी थी।
बारिश के बाद सुधरा दिल्ली का AQI
दिल्ली-NCR में गुरुवार की रात को हुई बारिश से AQI में काफी सुधार देखने को मिला है। इस बारिश ने शहर की वायु प्रदूषण की स्थिति को नियंत्रित करने में काफी ज्यादा मदद पहुंचायी है। शुक्रवार की सुबह आनंद विहार का AQI 162, श्रीनिवासपुरी का AQI 109, आरकेपुरम का AQI 106, वजीरपुर का AQI 91 और जहांगीरपुरी का AQI 85 दर्ज किया गया है।
बता दें, मंगलवार की रात को करीब 10 बजे आनंद विहार और आसपास के इलाके का AQI 999 पर पहुंच गया था। हालांकि रात 11 बजे AQI में थोड़ी गिरावट दर्ज की गयी थी लेकिन यह तब भी गंभीर स्थिति में ही बना हुआ था।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट
बीती रात हुई बारिश की वजह से हवा की गुणवत्ता में सुधार तो हुआ लेकिन इससे तापमान में गिरावट जरूर दर्ज की गयी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बारिश की वजह से हवा की गुणवत्ता में जो सुधार हुआ है उसके 11 से 19 नवंबर तक बने रहने की संभावना है।
अगर ऐसी ही छिटपुट बारिश फिर से हुई तो संभावना है कि हवा की गुणवत्ता में यह सुधार उसके बाद भी बनी रहे। वहीं बारिश की वजह से दिल्ली के तापमान में करीब 2 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है।
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भी हुई बारिश

मुंबई और आसपास के उपनगरिय क्षेत्रों जैसे ठाणे, पनवेल, नवी मुंबई, कांजुरमार्ग, भांडुप, मुलुंड, पवई, आरे, डोंबिवली, कल्याण, उल्हासनगर और बदलापुर में पिछली रात करीब 9 बजे गरज के साथ बारिश हुई। दिल्ली की तरह ही मुंबई के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित हुई और इससे हवा की गुणवत्ता में सुधार भी दर्ज किया गया है।
हालांकि बेमौसम बारिश की वजह से दिवाली की शॉपिंग पर निकले लोगों और दुकानदारों को काफी परेशानी हुई। इसके अलावा पंजाब और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
कैसा रहेगा दूसरे राज्यों का मौसम
स्काईमेट वेदर से मिली जानकारी के अनुसार तमिलनाडू, केरल, कर्नाटक, दक्षिण कोंकण और गोवा के साथ ही महाराष्ट्र के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
अगर पहाड़ी क्षेत्रों की बात की जाए तो गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ ही राजस्थान, हरियाणा, सिक्किम और असम के अलग-अलग इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बर्फबारी के बाद सड़क बंद

जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में तेज बर्फबारी की शुरुआत हो चुकी है। बताया जाता है कि पीरपंजाल के पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी की वजह से राजौरी और पुंछ के रास्तों को कश्मीर से जोड़ने वाले मुगल रोड को बंद कर दिया गया है। इन रास्तों पर फिसलन काफी ज्यादा है।
इस वजह से यातायात को पूरी तरह से बंद करने का फैसला लिया गया है। राज्य के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इस वजह से कश्मीर के तापमान में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गयी है। क्षेत्र में सर्दी का प्रकोप भी अब बढ़ने लगा है।



Click it and Unblock the Notifications














