पिछले कुछ दिनों से देश के कई राज्यों में गर्मी बढ़ती ही जा रही है। पश्चिम बंगाल में गर्मी ने जहां पिछले 50 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया तो दूसरी ओर पटना में भी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। लेकिन हाल-फिलहाल में इस प्रचंड गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार दिखते नजर नहीं आ रहे हैं।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गांगेय पश्चिम बंगाल, उत्तर ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, कोंकण-गोवा, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी आदि राज्यों में Heat Wave चलने और लू चलने की आशंका है।

बिहार में पारा पहुंचा 42 डिग्री के पार
मिली जानकारी के अनुसार बिहार में राजधानी पटना 20-25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलने और दिन चढ़ने के साथ ही धूप में भी तेजी आने की संभावना है। इस वजह से आम लोगों को खासी परेशानी होने वाली है। बताया जाता है कि राजधानी पटना के अलावा पूर्णिया, दरभंगा, सुपौल, मोतिहारी, शेखपुरा और खगड़िया में भी मौसम तेवर तल्ख रहने वाले हैं।
शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना समेत राज्य के 20 शहरों में लू (Heat Wave) की आशंका जतायी गयी है। राज्य में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन शहरों में लू की आशंका
पटना, छपरा, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, दरभंगा, बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, बांका, गया, भागलपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चम्पारण, आरा, समस्तीपुर आदि।

UP में तबाही मचा रहा हीट वेव
उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत पूरा पूर्वी उत्तर प्रदेश हीट वेव की चपेट में है। 40 से 50 किमी की रफ्तार वाली गर्म हवाएं लोगों को दिन में परेशान कर रही हैं। वहीं भीषण गर्मी रात को भी लोगों को चैन से नहीं रहने दे रही है। मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
लखनऊ मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य का सबसे गर्म जिला प्रयागराज रहा जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। वहीं आगरा में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बताया जाता है कि अभी गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है।
पश्चिम बंगाल में हीट वेव का रेड अलर्ट

पश्चिम बंगाल में भी सूर्य देव की रेड इनिंग्स जारी है। हीटवेव ने पिछले 50 सालों का रिकॉर्ड तोड़ डाला है। राज्य के कई जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। सुबह 10 बजते ही महानगर कोलकाता की सुनसान सड़कें लॉकडाउन के समय की याद दिलाने लग रही हैं। बताया जाता है कि राजधानी कोलकाता और पुरुलिया जिले में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने की आशंका है।
इसके साथ ही कई जिलों में लू की संभावना भी जतायी गयी है। बात अगर दक्षिण बंगाल की, की जाए तो झारग्राम, बांकुड़ा, पश्चिम मिदनापुर समेत कई जिलों में तापमान बढ़ने और हीट वेव की आशंका जतायी गयी है। उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में बारिश होने और पारा के नीचे जाने की संभावना तो है लेकिन कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल को गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
दक्षिण बंगाल में अभी बारिश का भी कोई पूर्वानुमान नहीं है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले वर्ष 1980 में अप्रैल के महीने में इतनी भीषण गर्मी कोलकाता में पड़ी थी।
तेज गर्मी से राहत पहुंचाएगी बारिश की फुहार

बात अगर राजधानी दिल्ली की हो, तो यहां भीषण गर्मी से राहत पहुंचाती हुई हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जतायी गयी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल को बारिश की हल्की फुहार से दिल्ली भींगने वाली है लेकिन 28 अप्रैल से एक बार फिर से पारा ऊपर जाएगा और 29 अप्रैल को तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार 26 से 28 अप्रैल के बीच गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मी और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी हिस्सों में हल्की बर्फबारी और नीचले हिस्सों में बिजली गिरने के साथ ही ओलवृष्टि की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 अप्रैल को तेज हवाएं और मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।



Click it and Unblock the Notifications













