अहमदाबाद में घूमने जाने की बेस्ट जगहों की अगर बात की जाए तो सबसे पहला नाम आता है साबरमती रिवरफ्रंट का। चाहे अहमदाबाद में रहने वाले हो या पर्यटक हो, यह सबका पसंदीदा जगह है। खासतौर पर छुट्टियों के दिनों में साबरमती रिवरफ्रंट पार्क में घूमने आने वाले लोगों की तादाद काफी ज्यादा होती है। और यहां आने वाले लोग अटल ब्रिज पर बिना घूमे वापस नहीं लौटते हैं।
लेकिन अब साबरमती रिवरफ्रंट हो या अटल ब्रिज, दोनों जगहों पर ही प्रवेश करना पहले के मुकाबले थोड़ा महंगा होने वाला है क्योंकि दोनों जगहों के लिए ही साबरमती रिवरफ्रंट विकास प्राधिकरण (SRFDCL) ने एंट्री शुल्क में वृद्धि की घोषणा की है।

इस बारे में Times of India की एक रिपोर्ट के अनुसार SRFDCL ने साबरमती रिवरफ्रंट के आसपास मौजूद सभी पार्क और अटल ब्रिज दोनों जगहों पर एंट्री शुल्क को बढ़ाने का फैसला लिया है। अधिकारियों का कहना है कि एंट्री शुल्क में वृद्धि यहां घूमने आने वाले लोगों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए लिया गया है। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों में, खासकर छुट्टियों के दिनों में साबरमती रिवरफ्रंट के आसपास के सभी पार्क और अटल ब्रिज पर घूमने के लिए आने वाले लोगों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है।

बताया जाता है कि एंट्री शुल्क में वृद्धि का प्रस्ताव 21 सितंबर को हुई प्रोजेक्ट कमेटी की बैठक में रखा गया था जिसे 15 अक्तूबर को बोर्ड मीटिंग के दौरान पारित कर दिया गया। पार्क और अटल ब्रिज में हुए शुल्क वृद्धि के बाद अब नया शुल्क लागू कर दिया गया है जो पुराने शुल्क का लगभग दोगुना है। जिन जगहों पर नया शुल्क लागू किया गया वो हैं :-
- रिवरफ्रंट
- सुभाष ब्रिज गार्डन
- उस्मानपुरा गार्डन
- चिल्ड्रेन्स पार्क
- बायोडायवर्सिटी पार्क
- बी. जे. पार्क
- फ्लावर पार्क
- अटल ब्रिज
कितना हुआ नया शुल्क

12 साल तक के बच्चों के लिए अटल ब्रिज पर पहले ₹30 का शुल्क लगता था जिसे अब बढ़ाकर ₹50 कर दिया गया है। वहीं 3 से 12 साल तक के बच्चों का अटल ब्रिज पर पहले एंट्री शुल्क ₹15 लिया जाता था जिसे अब बढ़ाकर दोगुना यानी ₹30 कर दिया गया है। साबरमती रिवरफ्रंट फ्लावर पार्क और अटल ब्रिज का कॉम्बो एंट्री शुल्क वयस्कों के लिए पहले ₹40 हुआ करता था जिसे अब बढ़ाकर लगभग दोगुना ₹70 कर दिया गया है। वहीं 3 से 12 साल तक के बच्चों के लिए कॉम्बो एंट्री शुल्क पहले ₹20 होता था जिसे भी दोगुना करते हुए अब ₹40 कर दिया गया है। बायोडायवर्सिटी पार्क में 12 साल से ऊपर की आयु के सभी व्यक्तियों का एंट्री शुल्क ₹30 बढ़ाया गया है।
मीडिया से बात करते हुए देव चौधरी, डेप्यूटि म्यूनिसिपल कमिश्नर ने बताया कि 3 साल से कम आयु के बच्चे और दिव्यांग को रिवरफ्रंट के सभी पार्क और अटल ब्रिज पर मुफ्त एंट्री मिलेगी। वहीं अगर कोई स्कूल अपने छात्रों को लेकर आना चाहता है तो उनका एंट्री शुल्क ₹1 बढ़ाकर अब ₹5 कर दिया गया है। वरिष्ठ नागरिकों को पहले एंट्री शुल्क ₹5 चुकाना पड़ता था लेकिन अब उन्हें दोगुना एंट्री शुल्क ₹10 चुकाना होगा। नये एंट्री शुल्क 17 अक्तूबर 2024 से लागू कर दिये गये हैं।



Click it and Unblock the Notifications














