अहमदाबाद के कालूपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित सारंगपुर फ्लाईओवर पर ट्रैफिक का संचालन बंद किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस फ्लाईओवर को अगले डेढ़ सालों के लिए बंद किया जा रहा है। इस बाबत अहमदाबाद सिटी पुलिस कमिश्नर की ओर से एक विज्ञप्ति जारी कर दी गयी है।
इस विज्ञप्ति में अहमदाबाद के सारंगपुर फ्लाईओवर को बंद करने की तारीख, बंद करने की वजह के साथ-साथ इसे फिर से कब खोला जाएगा, उसके बारे में भी बताया गया है। इसके साथ ही अहमदाबाद सिटी पुलिस ने इस फ्लाईओवर को बंद करने के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्तों के बारे में भी बताया है।

कब से और क्यों बंद किया जा रहा है सारंगपुर फ्लाईओवर?
अहमदाबाद के कालूपुर रेलवे स्टेशन के पास मौजूद सारंगपुर फ्लाईओवर को कल से यानी 2 जनवरी 2025 से बंद कर दिया जा रहा है। इस फ्लाईओवर को अगले 1.5 सालों के लिए बंद किया जाएगा। इस फ्लाईओवर को आंशिक नहीं बल्कि पूरी तरह से ही बंद किया जा रहा है। सिटी पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि सारंगपुर फ्लाईओवर 2 जनवरी 2025 से 30 जून 2026 तक बंद रखने की घोषणा की गयी है। ऐसे में सवाल उठता है कि सारंगपुर फ्लाईओवर को इतने लंबे समय के लिए क्यों बंद किया जा रहा है?
इस बारे में DeshGujarat की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार अहमदाबाद म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन और भारतीय रेलवे संयुक्त रूप से सारंगपुर ब्रिज और कालूपुर ब्रिज का पुनर्निर्माण करने वाली है। इस वजह से फिलहाल सारंगपुर ब्रिज को बंद किया जा रहा है। बताया जाता है कि इस दौरान सारंगपुर फ्लाईओवर को पूरी तरह से तोड़ दिया जाएगा और उसके स्थान पर एक नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। जानकारी के अनुसार सारंगपुर और कालूपुर ब्रिज का संयुक्त रूप से पुनर्निर्माण में आने वाला खर्च करीब ₹439 करोड़ होने वाला है।

क्या होंगे वैकल्पिक रास्ते?
Indian Express की रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार अहमदाबाद सिटी पुलिस ने इस ब्रिज के बंद होने के बाद गाड़ियों के आने-जाने के लिए कुछ वैकल्पिक रास्तों के बारे में बताया है, जिनके बारे में जानकारी आगे दी जा रही है -
- गीता मंदिर और गांधी मैदान की तरफ से आने वाली गाड़ियां, कगदापीठ पुलिस स्टेशन की ओर जा सकते हैं। उसके बाद वे अनुपम ब्रिज से अनुपम सिनेमा होकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर बढ़ सकते हैं।
- गीता मंदिर से कालूपुर सर्किल की ओर जाने वाली गाड़ियां कालुपूर रोड से सारंगुर सर्किल की ओर वन वे ले सकते हैं। इसके बाद वे मोती महल होटल से होकर अपने-अपने रास्तों पर आगे बढ़ सकेंगे।
- सारंगपुर फ्लाईओवर की ओर रखैल और ओधव की ओर से आने वाली गाड़ियां रखैल चौराहा से न्यू कॉटन चौराहा की ओर मुड़ सकती हैं। इसके बाद अनुपम ब्रिज को पार कर वे कांकरिया और गीता मंदिर की ओर जा सकते हैं।
- रखैल और ओधव से सारंगपुर फ्लाईओवर की ओर आने वाली गाड़ियां, जो कालूपुर सर्किल या कालूपुर ब्रिज की ओर जाना चाहती हैं, वे कामदार मैदान चौराहा की ओर आगे बढ़ सकती हैं। इसके बाद चार्तोदा कब्रिस्तान होकर सरसपुर गुरुद्वारा पार कर कालूपुर ब्रिज से होकर अपने-अपने रास्तों पर आगे बढ़ सकती हैं।



Click it and Unblock the Notifications














