बाबा बर्फानी की अमरनाथ यात्रा के शुरू होने की तारीख का सिर्फ ऐलान ही नहीं हुआ है बल्कि रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इस साल अमरनाथ यात्रा कुल 38 दिनों तक चलेगी। अमरनाथ यात्रा का पूरा प्रबंधन श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (SASB) ही करता है। यह पवित्र यात्रा बड़ी ही कठिन मानी जाती है और बाबा बर्फानी के दर्शन करने अमरनाथ की पवित्र गुफा तक की यात्रा करने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है।
अगर आप भी इस साल अमरनाथ यात्रा पर जाने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन अभी तक इसी उलझन में है कि रजिस्ट्रेशन कैसे करें, क्या-क्या कागजात लगेंगे या कितना शुल्क लगेगा आदि, तो हम आपकी इस उलझन को अभी सुलझा दे रहे हैं।

- अमरनाथ यात्रा शुरू : 3 जुलाई 2025
- अमरनाथ यात्रा समापन : 9 अगस्त 2025
शुरू हो चुका है रजिस्ट्रेशन
केदारनाथ धाम समेत उत्तराखंड में होने वाली चार धाम की यात्रा की तरह ही अमरनाथ धाम की यात्रा के लिए भी रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। इस साल कुल 38 दिनों तक अमरनाथ यात्रा चलेगी, जिस दौरान पवित्र गुफा में बर्फ से बनने वाले स्वयंभू महादेव के बाबा बर्फानी स्वरूप का दर्शन कर सकते हैं। पिछले साल लगभग 5.12 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी की दर्शन किए थे।
यह संख्या पिछले 12 सालों में सबसे ज्यादा थी। उम्मीद की जा रही है कि इस साल भी अमरनाथ धाम की यात्रा पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ देगी। इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 अप्रैल से ही शुरू हो चुकी है।
बता दें, अमरनाथ यात्रा के दौरान किसी भी विशेष तिथि से 8 दिनों पहले रजिस्ट्रेशन को बंद कर दिया जाएगा और तिथि के गुजरने के बाद फिर से रजिस्ट्रेशन को शुरू किया जाएगा।
कैसे करेंगे रजिस्ट्रेशन?
अमरनाथ यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के आधिकारिक वेबसाइट jksasb.nic.in पर जाकर ही पूरी की जाएगी जिसके बारे में विस्तार से हम आपको आगे बता रहे हैं -
- SASB के आधिकारिक वेबसाइट पर यात्रा परमिट रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करें।
- इसके अगले चरण में एक फॉर्म खुलेगा, जिसपर यात्रा मार्ग, यात्रा की तारीख, यात्रा के संबंध में अन्य जानकारियां, व्यक्तिगत जानकारियां और मेडिकल की जानकारी भरें।
- पासपोर्ट साइज फोटो, पहचान पत्र और मेडिकल सर्टिफिकेट की स्कैन्ड कॉपी अपलोड करें।
- पेमेंट का विकल्प आएगा, जहां अपनी सुविधानुसार विकल्प चुने और डेबिट/क्रेडिट कार्ड, UPI पेमेंट या फिर इंटरनेट बैंकिंग की मदद से पेमेंट पूरा करें।
- यात्रा परमिट डाउनलोड कर लें।

इसके अलावा आप अमरनाथ यात्रा का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन देशभर के 533 बैंक शाखाओं पर जाकर भी करवा सकते हैं, जिसमें पंजाब नेशनल बैंक की 309 शाखाएं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की 99 शाखाएं, जम्मू-कश्मीर बैंक की 91 और यस बैंक की 34 शाखाएं शामिल है। यहां KYC और मेडिकल सर्टिफिकेट देना भी अनिवार्य है।
रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी कागजात -
- पासपोर्ट साइज फोटो
- आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर कार्ड, ड्राईविंग लाइसेंस आदि में किसी भी एक पहचान पत्र की कॉपी।
- राज्य के अधिकृत डॉक्टर से सत्यापित हेल्थ सर्टिफिकेट।
कितना लगेगा शुल्क?
अमरनाथ यात्रा के रजिस्ट्रेशन के लिए शुल्क लगता है। पिछले साल के मुकाबले इस साल शुल्क में श्री अमरनाथजी श्राइन ने थोड़ी वृद्धि की है। पिछले साल जहां प्रति व्यक्ति यह शुल्क ₹150 था। वहीं इस साल इस शुल्क को बढ़ाकर ₹220 प्रति व्यक्ति किया गया है।
ध्यान रहें, अमरनाथ गुफा की पवित्र यात्रा 13 साल से कम आयु के बच्चे, 70 साल से अधिक आयु के वृद्ध और 6 सप्ताह से अधिक दिनों की गर्भवती महिलाएं नहीं कर सकती हैं।

अमरनाथ गुफा का रूट -
अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के दो रास्ते हैं -
1. पहलगाम - चंदनवाड़ी होकर
2. बालटाल से अमरनाथ की गुफा तक
पहलगाम से अमरनाथ गुफा की यात्रा का मार्ग करीब 48 किमी लंबा है, जिसे पूरा करने में लगभग 3 से 5 दिनों का समय लगता है। इस रूट पर तीर्थ यात्री चंदनवाड़ी से चढ़ाई शुरू करते हैं, जहां से पिस्सू टॉप, शेषनाग और पंचतरणी जैसे पड़ावों से होकर गुजरते हैं।
बालटाल वाला रास्ता पहलगाम की तुलना में छोटा जरूर है लेकिन यह ज्यादा मुश्किल है। बालटाल से अमरनाथ गुफा की चढ़ाई 14 किमी की है लेकिन यह चढ़ाई बिल्कुल खड़ी चढ़ाई होती है जिसके दूसरी ओर गहरी खाई है। इस चढ़ाई को 1 से 2 दिनों में पूरी की जाती है। बालटाल कैंप से यात्रा शुरू करने पर डोमेल, बरारी और संगम आदि पड़ाव आते हैं।



Click it and Unblock the Notifications













