गर्मियों के मौसम की सबसे अच्छी बात मानी जाती है कि इस सीजन में आम खाने को मिलता है। सबको भले ही पता हो कि आम सिर्फ गर्मी के सीजन में ही मिलेंगे लेकिन इसका इंतजार तो पूरे साल ही किया जाता है। और जरा सोचिए कोई मेला जो सिर्फ और सिर्फ आमों का हो...हर तरफ बस हरे-पीले-लाल और पके हुए आम...चारों से आती पके रसीले आमों की खुशबू...सोच कर ही मुंह में पानी आ गया न...!
ऐसे नजारे का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो चले आइए बैंगलोर के प्रसिद्ध लालबाग बोटैनिकल गार्डन (Lalbagh Botanical Garden) में। यहां एक बार फिर से शुरू हो चुका है मैंगो मेला 2024 (Mango Mela)। साल में एक बार लगने वाला यह मेला लालबाग गार्डन में और कुछ दिनों तक ही चलने वाला है।

आम कभी भी 'आम' नहीं होता है बल्कि यह तो बड़ा ही 'खास' होता है। आम को लोग दिल से फलों का राजा मानते हैं। कर्नाटक, जो आम उत्पादन का अग्रणी राज्य है, की राजधानी बैंगलोर के लालबाग बोटैनिकल गार्डन में हर साल आम के मौसम को एक उत्सव की तरह मनाया जाता है। यहां हर साल लगभग 3 सप्ताह के लिए मैंगो मेला का आयोजन किया जाता है। इस साल मैंगो मेला 2024 की शुरुआत 23 मई से हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मैंगो मेला 10 जून तक जारी रहेगा।
कौन-कौन सी किस्म के मिल रहे हैं आम?
लालबाग मैंगो मेला में 70 से ज्यादा स्टॉल बनाए गये हैं, जहां से लोग अपनी मनपसंद आम खरीद भी सकते हैं। मुख्य रूप से यहां कर्नाटक में ही उगाए गये ताजे आमों की बिक्री की जा रही है, जिसे लोग बड़े चाव से खरीद रहे हैं। पूरे मेला परिसर में अगर कोई रंग नजर आ रहा है तो वह है पीला और हरा रंग...। न किसी के परफ्यूम और न ही किसी फूल की सुगंध...इस वक्त लालबाग मैंगो मेला परिसर के हर कोने में फैल रही है तो बस आम की खुशबू। जिन किस्मों के आम यहां मोटे तौर पर सबसे ज्यादा मिल और पसंद किये जा रहे हैं, वो निम्न हैं :
- दशहरी
- इमाम पसंद
- रसपुरी
- केसर
- अल्फांसो
- तोतापुरी
- बादाम
- मल्लिका

इसके अलावा मैंगो मेला में आमप्रेमियों को सबसे अधिक आकर्षित आम की जो किस्म कर रही है, वह है करी-इशद। बता दें, करी-इशद मध्य प्रदेश में उत्पादित होने वाला आम का एक किस्म है जिसे GI टैग से नवाजा जा चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पिछले साल तक मैंगो-मेला में करी-इशद ₹200 प्रतिकिलो की दर से बिक रहा था लेकिन...इस साल GI टैग मिलने के बाद आम की इस प्रजाति के भाव बढ़ चुके हैं और अब यह ₹200 प्रतिकिलो की दर से बिक रहा है।
सस्ती या फिर महंगी है खास-ए-आम?
स्थानीय लोग, जो बड़ी संख्या में मैंगो मेला में जा रहे हैं, उनके अनुसार लालबाग मैंगो मेले में आम की कीमतें सस्ती तो बिल्कुल नहीं है। हां, थोड़ी महंगी ही कही जा सकती है। लेकिन मैंगो मेला में मिल रहे आम की गुणवत्ता बहुत अच्छी है। इस वजह से यहां बिकने वाले आम की ज्यादा कीमत लोगों को अधिक परेशान नहीं कर रही है।
बड़ी संख्या में लोग लालबाग मैंगो मेला में पहुंच भी रहे हैं और अपनी पसंदीदा आम की शॉपिंग भी कर रहे हैं। यहां सिर्फ पके आम ही नहीं बल्कि आम से बनी दूसरी चीजें जैसे आम-पापड़, चिप्स, जेली आदि के स्टॉल भी लगाए गये हैं, जिनपर काफी संख्या में आमप्रेमी पहुंच रहे हैं।

एंट्री फीस और Timing
मिली जानकारी के अनुसार बैंगलोर के लालबाग मैंगो मेला की एंट्री फीस ₹30 है। हालांकि बच्चों के लिए मैंगो मेला में एंट्री निःशुल्क है। मॉर्निंग वॉक पर आने वाले लोगों के लिए लालबाग बोटैनिकल गार्डन सुबह 6 से 9 बजे तक और आम लोगों के लिए सुबह 9 से शाम 5 बजे तक खुला रहता है। मैंगो मेला में प्रवेश करने वाले लोगों के लिए भी लालबाग बोटैनिकल गार्डन सुबह 9 से शाम 5 बजे तक खुला है।



Click it and Unblock the Notifications














