हर साल सर्दियों के मौसम में आयोजित होने वाला केक शो (Cake Show) बेंगलुरु में शुरू हो चुका है। इस साल बेंगलुरु केक शो ने 50 सालों का अपना सफर पूरा कर लिया है। इस साल केक शो का थीम 'Celebration of Art' रखा गया है। केक शो की शुरुआत 13 दिसंबर 2024 को हो चुकी है। हर साल की तरह इस साल भी केक शो का आयोजन इंस्टिट्यूट ऑफ बेकिंग एंड केक आर्ट (IBCA) मायबेकर्समार्ट के सहयोग से कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार इस साल 50 तरह के केक बेंगलुरु केक शो में प्रदर्शित किये जा रहे हैं। लेकिन जिस केक ने यहां आने वाले लोगों को सबसे ज्यादा आकर्षित किया है, वह है राम मंदिर के आकार में बनी केक। इस केक शो का आयोजन केक बनाने वाले कलाकारों और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले नए छात्रों की कला को पूरी दुनिया के सामने लाना है।

कब तक चलेगा और क्या है Timing?
Newsnine की रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार बेंगलुरु का वार्षिक केक शो 13 दिसंबर 2024 से 1 जनवरी 2025 तक चलेगा। यानी क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर केक शो घूमने जाना एक अच्छा विकल्प बन सकता है। इस केक शो का आयोजन त्रिपुरवासिनी, पैलेस ग्राउंड्स में किया जा रहा है। यह आयोजन Open to all है, यानी इसमें आम से लेकर खास तक हर कोई जा सकता है। केक शो सुबह 11 बजे से रात को 9 बजे तक खुला रहता है।
एंट्री शुल्क : ₹100 प्रतिव्यक्ति

इस साल क्या है खास?
इस साल बेंगलुरु केक शो में सबसे ज्यादा ध्यान अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर के मॉडल के तर्ज पर बनाया गया विशाल केक है। 850 किलो का यह केक खाया जा सकता है। असली राम मंदिर में जिस तरह संगमरमर व पत्थरों को तराशकर कई मूर्तियां बनायी गयी हैं, ठीक उसी तरह इस केक में चीनी से शेर, हाथी और भगवान हनुमान की मूर्ति बनाकर लगाया हुआ है। इसके अलावा यहां डायनासोर वर्ल्ड के तर्ज पर भी एक केक बनाया गया है जिसमें डायनासोर के कई मॉडल्स सजाए हुए हैं। यह केक बच्चों को खूब पसंद आ रहा है।
इस केक में भी चीनी से डायनासोर के मॉडल बनाए गये हैं, जिन्हें खाया जा सकता है। केक शो की शान बढ़ा रहा है 20 फूट ऊंचा क्रिसमस ट्री (जिसे आप तस्वीर में राम मंदिर केक के पीछे देख सकते हैं)। खास बात है कि इस क्रिसमस ट्री को सजाने के लिए खाने योग्य चीजों का ही इस्तेमाल किया गया है जैसे मार्शमैलो व अन्य। एक टॉय ट्रेन इस क्रिसमस ट्री के चारों तरफ गोलाई में चक्कर काट रही है, जो देखने में बहुत प्यारा लग रहा है।

मीडिया रिपोर्ट में आयोजकों की तरफ से बताया गया है कि इस साल का वार्षिक केक शो बड़ा ही खास है, क्योंकि इस साल आधी शताब्दी का जश्न मनाया जा रहा है। बताया जाता है कि केक शो में विभिन्न थीम के आधार पर ही केक को बनाया और उन्हें सजाया गया है। सभी केक को सजाते समय अपने देश की कला और संस्कृति का खास ध्यान रखा गया है। दावा किया जाता है कि इस केक शो में आने वाले दर्शकों को कला के दम पर आकर्षित करने की कोशिश की जाती है, जिसका जीता-जागता उदाहरण राम मंदिर की थीम पर बना विशाल केक है।



Click it and Unblock the Notifications














