बेंगलुरु में केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) के लिए सरला एविएशन एयर टैक्सी (Air Taxi) की सेवा को शुरू करने वाला है। इसकी घोषणा पिछले दिनों ही हुई थी जो खबरों की सुर्खियां भी बना था। लेकिन एयर टैक्सी सेवाओं को शुरू करना कोई बच्चों का खेल नहीं है। बल्कि इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा।
न सिर्फ एयर टैक्सी के लिए हल्के और उड़ पाने वाले छोटे विशेष वाहनों का उत्पादन करना, एयरपोर्ट और राज्य प्रशासन समेत अन्य जरूरी अनुमतियां लेना आवश्यक होगा लेकिन एयर टैक्सी की सेवाओं को शुरू करने के लिए वर्टिपोर्ट बनाना भी बेहद जरूरी होगा।

जी हां, वर्टिपोर्ट (Vertiport)। क्या होता है वर्टिपोर्ट? क्यों बेंगलुरु में एयर टैक्सी की सुविधाओं को शुरू करने से पहले वर्टिपोर्ट बनाना जरूरी है और एयर टैक्सी से वर्टिपोर्ट का क्या संबंध है?
क्या होता है वर्टिपोर्ट?
वर्टिपोर्ट विशेष रूप से डिजाइन की गयी वह संरचनाएं होती हैं, जहां से वर्टिकल वाहन या स्पष्ट शब्दों में कहे तो इलेक्ट्रॉनिक उड़ पाने वाले हल्के वाहन जैसे एयर टैक्सी और ड्रोन उड़ान भरते हैं। एक तरह से वर्टिपोर्ट वर्टिकल वाहनों, जिसे वर्टिकल टेकऑफ एंड लैंडिंग एयरक्राफ्ट (VTOL) भी कहा जाता है, के लिए एयरपोर्ट का काम करता है।
यहां इन वर्टिकल वाहनों के टेकऑफ से लेकर लैंडिंग तक में समर्थन प्रदान करने वाली सुविधाएं, रिचार्ज, कार्गो और यात्रियों के चढ़ने-उतरने की पूरी व्यवस्था होती है। जिन शहरों में भी एयर टैक्सी को शुरू करने की योजनाओं पर काम किया जा रहा है अथवा भविष्य में भी जिन शहरों में एयर टैक्सी को शुरू करने की योजना बनायी भी जाएगी उन सभी जगहों पर एयर टैक्सी को शुरू करने से पहले वर्टिपोर्ट को शुरू करना अनिवार्य होगा।
क्या होंगी वर्टिपोर्ट की खासियतें :
- टेकऑफ और लैंडिंग पैड : वर्टिपोर्ट पर विशेष रूप से डिजाइन की हुई जगह होगी, जहां से VTOL एयरक्राफ्ट सुरक्षित रूप से टेकऑफ और लैंड कर सकेंगी। खास बात होगी कि इन जगहों को सिर्फ एयरक्राफ्ट को डायरेक्ट लैंड या टेकऑफ के लिए ही बनाए जाने की जरूरत होगी और लंबे रनवे की जरूरत नहीं होगी।
- यात्री टर्मिनल : एयरपोर्ट की तरह ही वर्टिपोर्ट पर भी यात्रियों के बैठने, इंतजार करने की जगह, टिकट सिस्टम, बोर्डिंग सुविधाओं और एयर टैक्सी से जुड़ी जानकारियां आदि मुहैया कराने के लिए एक यात्री टर्मिनल बनाना होगा।

- चार्जिंग या रिफ्यूलिंग स्टेशन : एयर टैक्सी को इलेक्ट्रिक ऊर्जा पर ही चलाने की योजना है, इसलिए वर्टिपोर्ट पर चार्जिंग की सुविधा का उपलब्ध होना अनिवार्य है। लेकिन जो एयर टैक्सी परंपरागत ईंधन से चलेंगे या उड़ेंगे, उनके लिए भी रिफ्यूलिंग स्टेशन की व्यवस्था करनी होगी।
- रखरखाव : कुछ वर्टिपोर्ट पर एयर टैक्सी के रखरखाव, उसकी मरम्मत आदि की व्यवस्थाएं भी करनी होगी, ताकि एयर टैक्सी लंबे समय तक अच्छी तरह से काम कर सकें।
- एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट : एयर टैक्सियों के आपस में टकरा जाना, दूसरे वाहनों जैसे हेलीकॉप्टर, ड्रोन या विमान से टकरा जाने जैसे खतरों को कम करने के लिए वर्टिपोर्ट पर एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ तालमेल बैठाने या दूसरे वाहनों और विमानों से संपर्क करने के लिए कम्यूनिकेशन सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है।
- आवाज और पर्यावरण का ध्यान : कई बार वर्टिपोर्ट को शहरों के बीच में या घनी आबादी वाले जगहों पर ही बनाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में वर्टिपोर्ट को इस तरीके से बनाया जाता है कि ध्वनि प्रदूषण न फैल पाए और पर्यावरण को भी कोई नुकसान न पहुंचे।
बैंगलोर से पहले और कौन-कौन से देशों में चल रही है एयरपोर्ट के लिए Air-Taxi की तैयारी
कहां बनेगा वर्टिपोर्ट :
- एयरपोर्ट : वर्टिपोर्ट को एयरपोर्ट परिसर के अंदर या आसपास ही बनाया जा सकता है ताकि शहरी क्षेत्रों से एयरपोर्ट टर्मिनल तक आवाजाही करने में यात्रियों को कोई समस्या न हो और उन्हें किसी ट्रैफिक में फंसने की परेशानी से बचाया जा सकें।
- शहरों में : शहरी क्षेत्रों में वर्टिपोर्ट को इमारतों की छतों, पार्किंग या किसी और जगह पर बनाया जा सकता है ताकि यात्री को एयर टैक्सी में चढ़ने या उतरने में कोई समस्या न हो।
- उपनगरीय इलाके : उपनगरीय इलाकों को शहरी क्षेत्रों से जोड़ने और यातायात सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उपनगरीय शहरों में भी वर्टिपोर्ट बनाए जा सकते हैं।
बेंगलुरु एयर-टैक्सी का किराया मात्र 1700 रुपए, यानी प्राइम सिडान के बराबर... क्या संभव है ऐसा?
वर्टिपोर्ट का भविष्य :
जैसे-जैसे शहर आधुनिक से अत्याधुनिक बनते जा रहे हैं, शहरों में एयर टैक्सी जैसी परिवहन की नयी सुविधाओं को शुरू करने की योजनाएं बनायी जा रही हैं, ऐसा लगता है भविष्य में वर्टिपोर्ट बहुत ही सामान्य सी जगह बन जाएंगी। इनका विस्तार और संख्या में बढोतरी मांग बढ़ने के साथ-साथ किया जाएगा ताकि यात्रियों के लिए परिवहन के इन साधनों तक पहुंच को आसान बनाया जा सकें।



Click it and Unblock the Notifications














