अहमदाबाद से मुंबई के बीच देश की पहली बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारियां जोरो-शोरो से चल रही है। इस रूट पर बुलेट ट्रेन चलाने के लिए स्टेशन से लेकर रेलवे ट्रैक, रूट और ब्रिज इत्यादि का निर्माण प्रगति पर है। बुलेट ट्रेन परियोजना की दूसरी हाई स्पीड ट्रेन अहमदाबाद से दिल्ली के बीच चलायी जाएगी।
यह गुजरात की दूसरी हाई स्पीड ट्रेन होगी जो अहमदाबाद से राजधानी दिल्ली के बीच की दूरी को आधी से भी अधिक घटा देगी। बुलेट ट्रेन अहमदाबाद से दिल्ली के बीच की दूरी को महज 3.5 घंटे में पूरा करेगी जबकि इस दूरी अभी तय करने में सामान्य मेल/एक्सप्रेस से लगभग 12 घंटे का वक्त लग जाता है।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए भारतीय रेलवे ने DPR यानी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली है। इसके मुताबिक दिल्ली से अहमदाबाद के बीच की दूरी तय करते समय बुलेट ट्रेन 250 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पटरियों पर दौड़ेगी।
यह परियोजना भारत सरकार की उस योजना का हिस्सा है, जिसमें देश के चारों कोनों, पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण को बुलेट ट्रेन से जोड़ा जाएगा। इस बात का जिक्र लोकसभा चुनाव 2024 के अपने घोषणापत्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने भी किया है। भारत सरकार का मानना है कि इससे पर्यटन का विकास होगा।
मुंबई-अहमदाबाद की तरह ही दिल्ली-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के लिए भी खास एलीवेटेड कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। बताया जाता है कि बुलेट ट्रेन की इस रूट पर जमीन का अधिग्रहण कम से कम करने की योजना है। वर्तमान की दिल्ली-अहमदाबाद रूट पर ही बुलेट ट्रेन को भी चलाया जाएगा और इसके लिए मौजूदा ट्रैक के ठीक बगल में ही बुलेट ट्रेन के लिए भी ट्रैक को बिछाया जाएगा। इससे अधिक जमीन अधिग्रहण करने की जरुरत नहीं होगी।

दिल्ली-अहमदाबाद रूट पर 11 स्टेशनों का प्रस्ताव
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना की रूट पर कुल 11 स्टेशनों का प्रस्ताव दिया गया है। इनमें से प्रमुख स्टेशनों के नाम निम्न हैं -
- अहमदाबाद
- हिम्मतनगर
- उदयपुर
- भीलवाड़ा
- चित्तौड़गढ़
- अजमेर
- किशनगढ़
- जयपुर
- रेवाड़ी
- मानेसर
- दिल्ली
और कौन से रूटों पर बुलेट ट्रेन चलाने का प्रस्ताव
- दिल्ली-अमृतसर
- हावड़ा-वाराणसी-पटना
- दिल्ली-आगरा-लखनऊ-वाराणसी
- मुंबई-नासिक-नागपुर
- मुंबई-हैदराबाद कॉरिडोर
मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली-अहमदाबाद समेत इन सभी रूट्स के लिए भी भारतीय रेलवे ने फिजीबिलिटी (Feasibility) रिपोर्ट तैयार कर ली है।

देश की पहली बुलेट ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद के बीच जुलाई 2026 तक दौड़ने की संभावना है। 508 किमी लंबी इस हाई स्पीड ट्रेन के लिए नयी रेल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसमें से 352 किमी लंबा रेलवे ट्रैक गुजरात के 8 जिलों से होकर गुजरेगा।
वहीं देश में पहली बार समुद्र के अंदर सुरंग बनाकर उसके अंदर बुलेट ट्रेन भी इसी कॉरिडोर में दौड़ेगी। बताया जाता है कि इस रूट पर गुजरात वाले हिस्से में ट्रैक और सभी ब्रिज बनाने का काम लगभग पूरा हो चुका है और मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के पास बुलेट ट्रेन के लिए भूमिगत सुरंग बनाने का काम भी शुरू हो चुका है।



Click it and Unblock the Notifications

