पूरे साल हर कोई अपनी-अपनी निजी जिंदगी में व्यस्त रहता है। कोई ऑफिस के काम में उलझा रहता है तो कोई अपने घर-परिवार को संभालने में उलझ जाता है। लेकिन साल में एक दिन ऐसा होता है जब बाकी सभी कामों को दूर रखकर भाई-बहन बचपन की खट्टी-मीठी यादों को ताजा करते हैं।

जी हां, हम बात कर रहे हैं रक्षाबंधन की। इस साल रक्षाबंधन 30 और 31 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन को और भी स्पेशल बनाने के लिए आप अपने भाई-बहनों के साथ कैम्पिंग के लिए जा सकते हैं। यकीन मानिए, कैम्पिंग के दौरान खुले आसमान के नीचे बिताये हुए ये पल आप सबके लिए यादगार बन जाएंगे और अगले कई सालों तक आप इन्हें याद करके मुस्कुराते रहेंगे।
हम आपको कैम्पिंग की कुछ ऐसी जगहों के बारे में बता रहे हैं जहां आप अपने भाई-बहनों के साथ जा सकते हैं।
ऋषिकेश

ऋषिकेश को योगनगरी कहा जाता है। यहां आने वाले लोगों में ज्यादातर आध्यात्मिक कारणों से आते हैं लेकिन ऋषिकेश भारत के उन चुनिंदा जगहों में से है, जहां आप कैम्पिंग का आनंद ले सकेंगे। गंगा के किनारे टेंट में रहना आपको ना सिर्फ प्रकृति से जोड़ेगा बल्कि बचपन में टेंट बनाकर भाई-बहनों के साथ घर-घर खेलने की यादों को भी ताजा कर देगा। यहां कैम्पिंग के साथ आप ट्रेकिंग, रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग भी कर सकते हैं। दिल्ली से ऋषिकेश की दूरी 233 किमी है। इसके अलावा आप सड़क मार्ग से रोड ट्रिप पर भी यहां जा सकते हैं।
त्सो मोरीरी

क्यों ना इस बार दुनिया के सबसे ऊंची झीलों में से एक त्यो मोरीरी के किनारे बैठकर बहन से राखी बंधवायी जाए। है ना काफी रोमांचक। त्सो मोरीरी दुनिया के सबसे ऊंची झीलों में से एक है जो लद्दाख में मौजूद है। यह जगह कैम्पिंग के लिए भी काफी फेमस है। यहां कैम्पिंग का बेस्ट समय मई से सितंबर के बीच है। साल के बाकी समय यह झील बर्फ की मोटी चादर से ढंकी रहती है। और हां, अगर यहां राखी का त्योहार मनाने का प्लान है तो जाते समय साथ में राखी और बहन के लिए गिफ्ट खरीदकर साथ ले जाएं, क्योंकि वहां आपको इन चीजों की दुकानें नहीं मिलेगी।
जैसलमेर और पुष्कर

रेगिस्तान में कैंपिंग का अनुभव करना चाहते हैं राजस्थान में जैसलमेर और पुष्कर आपका स्वागत करने के लिए तैयार है। रेत के टीले, रेगिस्तान की सफारी, ऊंट की सवारी, बोन फायर के आसपास राजस्थानी फोक डांस, खुले आसमान के नीचे तारे गिनते हुए ठेठ राजस्थानी खाना खाना और फिर टेंट में सोना...भाई-बहनों के साथ समय बिताने के लिए इससे बेहतर और क्या हो सकता है। और हां, अगली सुबह उठकर राजस्थान के मार्केट्स से बहन के लिए शॉपिंग करना इस कैंपिंग पर जाने वाले हर भाई का फर्ज बनता है।
स्पीति घाटी

हिमाचल प्रदेश के केलांग जिले में मौजूद स्पीति घाटी में देश और दुनिया भर से लोग कैम्पिंग करने के लिए आते हैं। अगर आप और आपके भाई-बहन एडवेंचर के शौकिन हैं तो स्पीति घाटी जरूर जाइए। यहां प्राकृतिक सुन्दरता, हरी-भरी पहाड़ियों और खूबसूरत झीलों के साथ ही भाई-बहनों के साथ होने वाली मस्ती आपको वापस लौटने के बाद भी जरूर गुदगुदाती रहेगी। इसके अलावा आप चाहे तो चंद्रताल झील भी जा सकते हैं, जिसे लेक ऑफ मून कहा जाता है। समुद्रतल से लगभग 4300 मीटर की ऊंचाई पर मौजूद ट्रैक पर ट्रेकिंग का अलग ही आनंद है। यह झील मनाली से 111 किमी की दूरी पर है।
वायनाड

केरल का वायनाड एक लोकप्रिय टूरिस्ट स्पॉट है। यहां लोग ट्रेकिंग और कैम्पिंग के लिए आते हैं। अगर आपको हरियाली, पहाड़ी और ट्रि हाउस जैसे एक्सपीरियंस करने हैं तो वायनाड में कैम्पिंग के लिए जाना अच्छा विकल्प हो सकता है। यहां आपको ट्रेकिंग के कई विकल्प भी मिलेंगे। इसके साथ ही झरने, कॉफी के बागान और वन्यजीव अभ्यारण्य लोगों को बेहद आकर्षित करता है। भाई-बहनों के साथ बैठकर हंसी-ठिठोली करते हुए अगर फिल्टर कॉफी का स्वाद लेना है तो वायनाड जरूर जाएं।



Click it and Unblock the Notifications













