गणेश चतुर्थी, जिसे भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इसे विनायक चतुर्थी या गणेशोत्सव के नाम से भी जाना जाता है। हर साल बड़े ही उत्साह के साथ गुजरात के अहमदाबाद में भी गणेश चतुर्थी का उत्सव आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग हिस्सा लेते हैं। हालांकि अहमदाबाद में नवरात्रि का त्योहार सबसे ज्यादा जोश में मनाया जाता है लेकिन गणेशोत्सव भी पीछे नहीं रहता।
इस साल गणेश चतुर्थी का उत्सव 7 सितंबर से शुरू होने वाला है और कोई भी त्योहार मिठाईयों के बिना अधूरा ही माना जाता है। तो चलिए प्रथम पूज्य भगवान गणपति के जन्मोत्सव के साथ त्योहारों के इस सीजन का आगाज करते हैं और अहमदाबाद में भगवान गणेश के प्रमुख पूजा पंडालों के बारे में जानने के साथ-साथ उन लजीज मिठाईयों के बारे में भी जान लेते हैं, जो त्योहारों के सीजन में गुजरात की शान होते हैं।

सबसे पहले जान लेते हैं अहमदाबाद के प्रमुख गणेश पूजा पंडाल -
1. कृष्णा मित्रा मंडल, नारनपुरा : यह पंडाल हमेशा से ही अपनी कलात्मक थीम और शानदार सजावट की वजह से श्रद्धालुओं को बहुत पसंद आता है। गणेशोत्सव के दौरान यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन करने और सजावट व लाइटिंग का लुत्फ उठाने आते हैं।
2. शाहपुर का राजा : अहमदाबाद में शाहपुर का राजा एक मस्ट वीजिट गणेशोत्सव पंडाल है। यह पंडाल मूल रूप से शानदार सजावट और भगवान गणेश की विशाल मूर्तियों की वजह से ही सबसे ज्यादा लोकप्रिय होता है। यहां उत्सव के दौरान अक्सर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जो इस जगह के वातावरण को भक्तिमय बना देता है।

3. मणीनगर : अहमदाबाद के इस इलाके में कई गणेशोत्सव पूजा होते हैं। इनमें शिव शक्ति योग मंडल और श्री सार्वजनिक गणेश उत्सव मंडल प्रमुख हैं। अहमदाबाद के ये पंडाल अपने विशाल आकार की भगवान गणेश की प्रतिमाओं और यहां के उत्सवपूर्ण माहौल की वजह से सबसे ज्यादा दर्शकों को आकर्षित करते हैं।
4. मधुपुरा का राजा : अहमदाबाद के प्रमुख गणेश पूजा कमेटियों में से एक है मधुपुरा का राजा। इस पूजा पंडाल का अध्यात्मिक माहौल श्रद्धालुओं को यहां आने के लिए आकर्षित करता है। अहमदाबाद के दूसरे पंडालों की तरह ही मधुपुरा का राजा गणेशोत्सव पंडाल को भी बड़े ही आकर्षक तरीके से सजाया जाता है।

5. श्री केशवानंद महाराज गणेश उत्सव मंडल : अगर गणेशोत्सव का असली रंग और जश्न के माहौल को एंजॉय करना चाहते हैं तो श्री केशवानंद महाराज गणेश उत्सव मंडल के पंडाल में जरूर जाएं। यहां सिर्फ गणेशोत्सव ही नहीं बल्कि कई तरह की सामाजिक गतिविधियां भी अक्सर होती रहती हैं।
इन लजीज मिठाईयों के बिना अधूरा होगा गणेश चतुर्थी का त्योहार :

1. मोदक : जेन Z बच्चे अक्सर मोदक को मीठे मोमो या डम्पलिंग कहा करते हैं। वास्तव में चावल के आटे में नारियल का बुरादा और गुड़ को भरकर बनायी जाने वाले मोदक भगवान गणेश को सबसे ज्यादा प्रिय माने जाते हैं।
2. चुरमा लड्डू : आटे या बेसन से बनी लोई को तेल अथवा घी में तलने के बाद उसे हाथों से मसलते हुए पहले चुरा बनाया जाता है। फिर इसमें घी, इलायची पाउडर और गुड़ मिलाकर मसलते हुए लड्डू के आकार में गोल-गोल मिठाई बना ली जाती है। इस मिठाई के बिना तो किसी भी गुजराती उत्सव का पूरा होना असंभव सा लगता है।

3. पुरन पोली : अगर गणेशोत्सव का आनंद आप गुजरात में बैठकर मराठी अंदाज में लेना चाहते हैं तो पुरन पोली को जरूर ट्राई करें। आटे की लोई के अंदर चना दाल, गुड़ और दालचीनी का पाउडर डालकर उसे पराठे की तरह तवा पर घी से सेंक लिया जाता है। यह मराठी मीठा पराठा है, जिसे किसी भी उत्सव के दौरान महाराष्ट्र में जरूर पकाया जाता है।
4. मोहनथाल : गुजराती मिठाईयों में बेसन का इस्तेमाल भरपूर किया जाता है। बेसन में घी, कंडेंस्ड मिल्क और गुड़ मिलाकर उसे अच्छी तरह से पकाया जाता है। आप चाहें तो इसमें पिस्ता, काजू, इलायची, किशमिश या अपनी पसंद के दूसरे ड्राई फ्रुट भी डाल सकते हैं। मोहनथाल एक ऐसी मिठाई है जो गणेश चतुर्थी पर गुजरात में भगवान गणेश को जरूर भोग लगाया जाता है।

5. घूघरा : यह मिठाई काफी हद तक होली के समय उत्तर प्रदेश-बिहार में बनने वाली गुझिया जैसी ही दिखती है। आटा की लोई के अंदर खोया और गुड़ अथवा चीनी को भरकर उसे घी में तब तक तला जाता है, जब तक वह सुनहरे रंग की न हो जाए। घूघरा आमतौर पर गुजरात की एक लोकप्रिय मिठाई है, जिसे किसी भी खुशी के माहौल में बनाया और खाया जाता है।
6. लड्डू : भगवान गणेश को लड्डू बेहद प्रिय हैं। बेसन में घी, ड्राई फ्रुट मिलाकर उसे अच्छी तरह से पकाकर आप लड्डू बना सकते हैं। अथवा मोतीचूर के लड्डू भी भगवान गणेश को भोग में चढ़ा सकते हैं। अगर आपके पास मोदक का मोल्ड है, तो आप मोतीचुर या बेसन के लड्डूओं को मोदक मोल्ड में डालकर उन्हें मोदक का आकार भी दे सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications


