चार दिन पहले ही दिवाली का त्योहार बीता है लेकिन गोवा के कोल्लम में रहने वाले स्थानीय निवासियों के चेहरे खुशी से आज खिल उठे हैं। हो भी क्यों न...लंबे समय से दूधसागर वाटरफॉल के लिए जीप चलाने वाले स्थानीय निवासियों की गोवा के पर्यटन विभाग के साथ चल रही तकरार जो खत्म हो गयी। गोवा के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले काफी परिवार ऐसे हैं, जिनकी रोजी-रोटी ही दूधसागर वाटरफॉल तक जीप चलाकर चलती है।
अक्तूबर के महीने में ही गोवा का पर्यटन सीजन शुरू हो चुका था लेकिन जीप सेवा प्रदाताओं के साथ चल रहे विवाद के कारण दूधसागर वाटरफॉल के लिए जीप सेवाओं को शुरू नहीं किया जा सका था।

क्या था विवाद?
गोवा में दूधसागर वाटरफॉल तक पहुंचने के लिए करीब 11 किमी रास्ता जंगल के अंदर से होकर जाता है। इस रास्ते को तय करने के लिए जंगल के एकदम सामने से जीप बुक करनी पड़ती है। हर साल मानसून के समय दूधसागर वाटरफॉल तक जीप की सेवा को बंद कर दिया जाता है, जो मानसून खत्म होने के बाद फिर से खुलती है।
इस साल 21 अक्तूबर से नये टूरिस्ट सीजन के लिए गोवा के दूधसागर वाटरफॉल तक जीप की सेवा को फिर से शुरू करने की घोषणा की गयी थी, लेकिन उसे शुरू नहीं किया जा सका। इस साल अगस्त में गोवा टूरिज्म विकास प्राधिकरण (GTDC) ने दूधसागर वाटरफॉल की जीप बुकिंग के लिए नये काउंटर और गोवा वन्य विकास कॉर्पोरेशन (GFDC) ने ऑनलाइन बुकिंग वेबसाइट को लॉन्च किया। जिसका टूर ऑपरेटर्स विरोध कर रहे थे।
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से निकला हल
GTDC और दूधसागर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के बीच पिछले लंबे समय से चल रहा तनाव खत्म हुआ और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार दोनों पक्षों में समझौता हो सका। Herald Goa की एक रिपोर्ट के अनुसार दूधसागर वाटरफॉल के लिए जीप सर्विस एक बार फिर से शुरू हो चुकी है। GTDC का ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम अगले एक महीने के लिए खुला रहेगा। इस समय के दौरान सेवा प्रदाता वेबसाइट को मैनेज करने के साथ पर्यटकों की ऑनलाइन बुकिंग भी लेते रहेंगे।
वहीं इसके साथ-साथ दूधसागर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन का ऑफलाइन बुकिंग काउंटर एक बार फिर से शुरू हो जाएगा। पर्यटक अपनी मर्जी से ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन बुकिंग कर सकेंगे। बताया जाता है कि टूर ऑपरेटर्स की भूख हड़ताल शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात की और शुल्क में ₹200 कम करने की भी घोषणा की, ताकि दोनों पक्षों के बीच शांति कायम की जा सकें। इस महीने के आखिर में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल की जिम्मेदारी दूधसागर टूर ऑपरेटर्स संभाल लेंगे।

क्या थी टूर ऑपरेटर्स की मांग
टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन की मांग थी कि GTDC काउंटर को बंद कर दिया जाए। वहीं दूधसागर वाटरफॉल के लिए ऑनलाइन बुकिंग सिर्फ टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के माध्यम से ही की जाएगी। टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन का दावा था कि GTDC दूधसागर वाटरफॉल तक ले जाने के लिए काफी ज्यादा शुल्क वसूल रहा है। इस वजह से पर्यटकों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसलिए GTDC के टिकट काउंटर को हटाकर पहले की तरह ही जीप ऑपरेटर्स एसोसिएशन का काउंटर से ही बुकिंग को शुरू करना होगा।
बता दें, इस समय करीब 110 वाहन ऑफलाइन माध्यम से दूधसागर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के साथ रजिस्टर्ड हैं, जिससे करीब 770 पर्यटक आवाजाही कर सकते हैं। वहीं 240 अतिरिक्त वाहन भी चलाए जा रहे हैं, जिनसे उन 1440 यात्रियों को दूधसागर वाटरफॉल तक ले जाया जा रहा है, जिन्होंने GTDC के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल से बुकिंग की थी।



Click it and Unblock the Notifications













