अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर फ्लावर पार्क के बाद अब अहमदाबाद महानगरपालिका सबसे अनोखा लोटस गार्डन बनाने वाली है। इस गार्डन का आकार एक कमल के फूल के आकार का ही होगा। खास बात होगी कि इस गार्डन में सिर्फ कमल के फूल ही नहीं बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों के प्रसिद्ध फूलों के पेड़ लगाए जाएंगे।
हाल ही में इस बात की घोषणा अहमदाबाद महानगरपालिका की तरफ से की गयी है। भारत का राष्ट्रीय फूल होने की वजह से लोटस गार्डन का आकार कमल के फूलों की तरह ही करने की योजना बनायी गयी है।

इस गार्डन का नाम 'लोटस पार्क कौसूम - गार्लैंड ऑफ इंडिया' रखा जाएगा। अहमदाबाद म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन देवांग दानी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अहमदाबाद के लोगों को फूल बहुत पसंद है। हर साल यहां सफलतापूर्व फ्लावर शो का आयोजन किया जाता है।
इसी बात को ध्यान में रखते हुए लोटस पार्क बनाने की योजना बनायी गयी है जिसे देश के अलग-अलग राज्यों के प्रसिद्ध फूलों से सजाया जाएगा। बताया जाता है कि लोटस पार्क कौसूम को बनाने में लगभग 20 करोड़ रूपए की लागत आ सकती है।
लोटस पार्क का आकार कमल के फूल की तरह ही होगा जिसमें अलग-अलग स्तर पर उसकी पंखुड़ियां बनायी जाएगी। हर पंखुड़ी को एक फ्लोर की तरह इस्तेमाल करते हुए वहां दूसरे राज्यों के फूलों के पौधे लगाए जाएंगे और उनके महत्व को बताया जाएगा। फूल की हर पंखुड़ी को टैबलेट तकनीक के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है।

यह आर्द्रता, तापमान और अन्य सभी चीज़ों को भी नियंत्रित कर सकता है जो विभिन्न क्षेत्रों में फूल उगाने के लिए आवश्यक हैं। बताया जाता है कि इस गार्डन में 50 से अधिक प्रजातियों के फूल रखे जाएंगे। इस पार्क को सिविल, इलेक्ट्रिकल, स्ट्रक्चरल, एमईपी, प्रौद्योगिकी, आसपास के परिदृश्य विकास, सार्वजनिक सुविधाओं और पार्किंग आदि जैसी सुविधाओं के साथ बनाया जाएगा।
क्या-क्या रहेगा लोटस पार्क में
- फाउंटेन समेत पानी का तालाब
- इंफॉर्मेशन कियॉस्क
- गिफ्ट शॉप
- फ्लावर शॉप
- आयुवेद वेलनेस उत्पादों की दुकान
- टॉयलेट
- पैदल चलने की खुली जगह

मिली जानकारी के अनुसार लोटस पार्क को बनाने के लिए आधिकारिक रूप से अभी तक किसी जगह की घोषणा नहीं की गयी है लेकिन एसजी हाईवे के आसपास इस गार्डन को बनाने की योजना है। इसके साथ ही पुष्प संग्रहालय में दुनिया भर के फूलों का प्रदर्शन किया जाएगा। पर्यटक यहां फ्लोरल वेलनेस का भी लाभ उठा सकेंगे।
एक बार तैयार हो जाने के बाद कौसुम फ्लावर कॉम्प्लेक्स निश्चित रूप से अहमदाबाद का मुख्य आकर्षण बन जाएगा जो बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित करेगा। इसके साथ ही यह जगह फोटोग्राफी के शौकिनों और फोटोशूट के लिए भी आदर्श जगह के तौर पर उभरेगी।



Click it and Unblock the Notifications














