हमारे देश में हजारों ऐसे मंदिर मौजूद हैं, जिनसे कोई न कोई कहानी जरूर जुड़ी हुई है। आज देशभर में भगवान हनुमान की जयंती बड़े ही भक्तिभाव के साथ मनायी जा रही है। इस मौके पर हम आपको एक ऐसे अनोखे हनुमान मंदिर के बारे में बताने वाले हैं, जहां हनुमान जी को गोली लगी थी। जी हां, आज भी हनुमान जी के पैरो में गोली लगने के निशान स्पष्ट दिखाई देते हैं।
आपके मन में यह सवाल जरूर कौंधा होगा कि भला हनुमान जी को किसने गोली मारी होगी या उनपर किसने निशाना साधा होगा? इस अनोखे मंदिर को गोली वाले हनुमान जी का मंदिर कहा जाता है, जो सैंकड़ों साल पुराना बताया जाता है। यह मंदिर राजस्थान के बीकानेर से थोड़ी दूरी पर ही मौजूद है। अगर आप यह सोच रहे हैं कि हनुमान जी को किसी ने दुश्मनी निभाते हुए गोली मारने का दुस्साहस किया है, तो आप बिल्कुल गलत हैं।

कब लगी हनुमान जी को गोली?
बीकानेर के पास मौजूद यह मंदिर करीब 400 से 500 साल पुराना बताया जाता है। लेकिन यह हनुमान जी के पैरो में गोली लगभग 40-45 साल पहले ही लगी थी। दरअसल, किसी ने भी जान-बुझकर या किसी दुश्मनी के तहत हनुमान जी पर निशाना नहीं साधा था और न ही उनपर गोली चलाई थी।
बल्कि हनुमान जी को गोली गलती से लग गयी थी और वह भी पुलिसवालों के हाथों। कुछ दशक पहले इस मंदिर से थोड़ी दूरी पर ही पुलिस की फायरिंग रेंज हुआ करती थी, जहां पुलिसकर्मी अक्सर गोली चलाने और निशाना साधने का अभ्यास किया करते थे।
कैसे लगी थी गोली?
कहा जाता है कि मंदिर से थोड़ी दूरी पर ही पुलिस फायरिंग रेंज थी, जहां पुलिसकर्मी गोली चलाने का अभ्यास किया करते थे। इसी तरह एक दिन अभ्यास करते समय गलती से गोली सीधे मंदिर की तरफ चल गयी और हनुमान जी के मंदिर के कपाट को चीरते हुए गोली सीधे हनुमान जी की मूर्ति के पैरो में लग गयी।

बताया जाता है कि आज भी मंदिर के कपाट और हनुमान जी के पैरो पर गोली लगने के निशान स्पष्ट दिखाई देते हैं। इसके बाद ही यहां से पुलिस फायरिंग रेंज को हटा दिया गया जिसे मंदिर के पीछे कुछ दूर बनाया गया ताकि किसी भी इंसान या जानवर को कोई नुकसान न पहुंचे।
इस घटना के बाद से ही इस मंदिर को गोली वाले हनुमान जी का मंदिर कहा जाने लगा। साथ ही मान्यता है कि यहां मांगी गयी मन्नत गोली की रफ्तार से पूरी होती है।
कहां स्थित है यह मंदिर?
गोली वाले हनुमान जी का यह अनोखा मंदिर राजस्थान में बीकानेर से लगभग 7 किमी दूर सरेह नत्थानिया गोचर में स्थित है। यहां सुबह और शाम के वक्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जो भगवान हनुमान की पूजा करते और उनके सामने अपनी इच्छा जाहिर करते हैं।



Click it and Unblock the Notifications














