1 अप्रैल से देशभर के विभिन्न टोल प्लाजा के शुल्क में परिवर्तन किया गया है। हैदराबाद भी इससे अछूता नहीं है। हैदराबाद में मुख्य रूप से 2 टोल प्लाजा पर शुल्क में बदलाव हुआ है लेकिन एक टोल प्लाजा पर शुल्क में हुए बदलाव की वजह से जहां वाहन चालकों के पॉकेट पर थोड़ा सा दबाव बढ़ेगा। वहीं दूसरे टोल प्लाजा पर शुल्क में बदलाव की वजह से यात्रियों के पॉकेट को थोड़ी सी राहत मिलेगी।
जिन दो टोल प्लाजा के शुल्क में बदलाव हुआ है, उनमें शामिल हैं - 1. हैदराबाद-विजयवाड़ा हाईवे टोल प्लाजा और 2. हैदराबाद आउटर रिंग रोड (ORR) टोल प्लाजा। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इन दोनों टोल प्लाजा पर टोल शुल्क में बदलाव हुआ है। लेकिन कहां घटा और कहां बढ़ा है टोल शुल्क?

हैदराबाद आउटर रिंग रोड टोल प्लाजा
Siasat.com की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 1 अप्रैल से हैदराबाद आउटर रिंग रोड (ORR) से होकर आने-जाने वाली गाड़ियों के टोल शुल्क में बदलाव हुआ है। बताया जाता है कि इस टोल प्लाजा के शुल्क को थोड़ा सा बढ़ाया गया है, जो वाहनों के प्रकार के आधार पर प्रतिकिमी टोल शुल्क में दिखाई देगा।
नया टोल शुल्क -
- कार, जीप और छोटी गाड़ियां - इस श्रेणी की सभी गाड़ियों के लिए ₹0.10 प्रति किमी टोल शुल्क बढ़ाया गया है। इसकी वजह से टोल शुल्क ₹2.34 प्रतिकिमी से बढ़कर ₹2.44 प्रतिकिमी हो गया है।
- मिनी बस और हल्की वाणिज्यीक गाड़ियां - इस श्रेणी की गाड़ियों का टोल शुल्क ₹3.77 प्रतिकिमी से बढ़कर ₹3.94 प्रतिकिमी हो गया है।
- भारी वाहन - ट्रक, बस और भारी वाहनों के लिए इस टोल प्लाजा का शुल्क कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है जिसका प्रभाव गाड़ी मालिकों के पॉकेट के साथ-साथ किराया पर भी पड़ने की संभावना है। बताया जाता है कि भारी वाहनों के लिए इस टोल प्लाजा का शुल्क ₹5.09 प्रतिकिमी से बढ़कर ₹15.78 प्रतिकिमी कर दिया गया है।
बताया जाता है कि टोल शुल्क में हुए इन बदलावों का असर 158 किमी लंबे आउटर रिंग रोड पर पड़ेगा, जिस पर हैदराबाद ग्रोथ कॉरिडोर लिमिटेड (HGCL) का नियंत्रण है।

हैदराबाद-विजयवाड़ा हाईवे टोल प्लाजा
Telugu360.com की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे से होकर गुजरने वाली सभी श्रेणियों की गाड़ियों पर टोल शुल्क को कम करने की घोषणा की है। बताया जाता है कि घटी हुई टोल शुल्क 1 अप्रैल से ही लागू हो जाएंगी। इस हाईवे के चौतुप्पल मंडल के पंतंगी और केतेप्लली मंडल के कोर्ला पहाड़ व आंध्र प्रदेश के चिलकालु में मौजूद टोल प्लाजा पर शुल्क को कम करने का फैसला लिया गया है।
कहां-कितना घटा टोल शुल्क?
पंतंगी टोल प्लाजा
- कार, जीप, वैन - यहां गाड़ियों को एक तरफ के लिए ₹15 और राउंड ट्रिप के लिए ₹30 टोल शुल्क देना पड़ेगा।
- हल्के वाहन - एक तरफ के लिए इस श्रेणी की गाड़ियों को ₹25 और राउंड ट्रिप के लिए ₹40 का टोल शुल्क देना होगा।
- बस, ट्रक व भारी वाहन - एक तरफ के लिए इस श्रेणी की गाड़ियों को ₹50 और राउंड ट्रिप के लिए ₹75 टोल शुल्क देना पड़ेगा।
चिलकालु टोल प्लाजा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस टोल प्लाजा से होकर आने-जाने वाली लगभग सभी प्रकार की गाड़ियों के एक तरफ के टोल शुल्क में ₹5 और राउंड ट्रिप के टोल शुल्क में ₹10 कम किया गया है।
बताया जाता है कि जो लोग 24 घंटे के अंदर वापसी की यात्रा करते हैं, उन्हें सभी प्रकार की गाड़ियों के टोल शुल्क में 25% तक की छूट दी जाएगी। टोल शुल्क में दी जा रही यह छूट 31 मार्च 2026 तक लागू रहेगी।
टोल शुल्क में दी जा रही इन छूट का सबसे ज्यादा फायदा नेशनल हाईवे से होकर दोनों राज्यों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को मिलने की उम्मीद की जा रही है।



Click it and Unblock the Notifications














