बैंगलोर, मदुरै, चेन्नई जैसे दक्षिण भारतीय शहरों में रहने वाले लोग कई बार सिर्फ बजट की समस्या के कारण प्रकृति की गोद में बसे केरल की सुन्दरता को नहीं निहार पाते हैं। केरल, जिसे 'God's Own Country' माना जाता है, में बैकवॉटर, हरियाली और इतने सुन्दर प्राकृतिक परिदृश्य हैं, कि लोग इन्हें बस मंत्रमुग्ध होकर देखते रह जाते हैं।

अगर आप भी बजट की समस्या के कारण केरल में बैकवॉटर नाव की सवारी करने से हिचकिचा रहे हैं, तो घबराने की जरुरत नहीं है। सिर्फ ₹400 में आप केरल बैकवॉटर में नाव की सवारी का आनंद उठा सकते हैं। हम आपको इस आर्टिकल में अलाप्पुझा-पथिरमनल-कुमारकम वेगा बोट यात्रा के बारे में विस्तार से बता रहे हैं।
इस बैकवॉटक नाव की सवारी में वेम्बनाड बैकवॉटर से आपको अलाप्पुझा, पथिरामनल और कुमारकम देखने का मौका मिल जाएगा, वह भी सिर्फ ₹400 में। इस एक पैकेज में आप पूरा दिन बैकवॉटर की सुन्दरता को निहारते हुए बिता सकते हैं। केरल जल परिवहन विभाग ने वेगा नाव से कम लागत वाली अलाप्पुझा की बोट यात्रा का पैकेज निकाला है।
चलिए तो फिर विस्तार से जानते हैं वेगा बोट पैकेज के बारे में -

केरल के अलाप्पुझा जिले में पथिरामनल बैकवॉटर वेगा बोट पैकेज एक दिन का बोट राइड है। वेगा बोट पैकेज हर दिन उपलब्ध होता है लेकिन इसे इतने अधिक लोग पसंद करते हैं, कि बिना पहले से बुकिंग कर अगर आप जेट्टी पर पहुंचते हैं तो संभव है कि बोट में आपको सीट न मिले। वेगा बोट में कुल 120 सीटें बुक की जा सकती हैं। इनमें से 40 सीटें एसी और 80 सीटें नॉन-एसी हैं। नॉन-एसी सीट के लिए आपको महज ₹400 का किराया चुकाना होगा और एसी सीटों के लिए किराया ₹600 रुपए है। सीटों की बुकिंग मोबाइल नंबर पर फोन करके की जा सकती हैं।
ध्यान दें, जिस व्यक्ति के मोबाइल नंबर से वेगा बोट में सीटें बुक की गयी हैं, यात्रा के दौरान नाव पर उसका होना अनिवार्य है। इसलिए अगर आप किसी टूर ऑपरेटर के साथ केरल की टूर पर जाने वाले हैं और अलाप्पुझा में पथिरामनल बैकवॉटर में वेगा बोट राइड बुक करने की योजना बना रहे हैं, तो इसकी बुकिंग टूर ऑपरेटर नहीं बल्कि अपने मोबाइल नंबर से ही करें।

वेगा बोट राइड की यह बेहद सुन्दर यात्रा हर दिन सुबह 11 बजे अलाप्पुझा बोट जेट्टी से शुरू होती है। हां, इस यात्रा के दौरान अपने साथ कैमरा ले जाना मत भूलें। क्योंकि यात्रा के दौरान आपको कई ऐसे प्राकृतिक नजारों से रू-ब-रू होने का मौका मिलेगा, जिसे आप बिल्कुल भी मिस करना नहीं चाहेंगे। इस यात्रा के हर एक पल को आप अपनी आंखों और अपने कैमरे में बस कैद करके इसे अपने साथ बेहद सुन्दर यादों की तरह सहेजकर वापस लौटना पसंद करेंगे। नाव की यह यात्रा पुन्नमदा, वेम्बनाद बैकवॉटर, मुहम्मा, पथीरामनल, कुमारकोल, मर्थान्दम, चिथिरा, कुप्पापुरम और आखिरकार अलाप्पुझा में वापस लौटने के साथ पूरी होगी।

4 घंटे की इस यात्रा के दौरान आपको पथिरामनल में 1 घंटा बिताने का मौका मिलेगा। जानकारी के लिए बता दें, पथिरामनल अलप्पुझा जिले में वेम्बनाड बैकवॉटर के मध्य स्थित लगभग 10 एकड़ के क्षेत्रफल वाला एक छोटा सा द्वीप है। यह जगह खासतौर पर बर्ड वॉचिंग के लिए बेहद मशहूर है। जिन लोगों को सोलो ट्रैवलिंग करना पसंद है, उन्हें पथिरामनल आईलैंड खुब पसंद आता है। इस बोट राइड में अपनी सीट की बुकिंग के लिए आप मोबाइल नंबर 9400050325 और 9400050326 पर कॉल कर सकते हैं।
खाने की चिंता करने की जरुरत नहीं है। कुदुम्बश्री मिशन के माध्यम से आपको सिर्फ ₹100 के शुल्क पर मछली करी, सांबर, अवियल, थोरन और अचार समेत पारंपरिक केरल व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। इसके बाद नाव ही आपके लिए आइसक्रीम समेत चाय-नाश्ते की व्यवस्था भी रहेगी। अलाप्पुझा वापस लौटकर समुद्र तट पर सूर्यास्त और लाइट हाउस जरूर देखें।
कैसे पहुंचे अलाप्पुझा
अलाप्पुझा विमान, ट्रेन और सड़क मार्ग से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। अलाप्पुझा का सबसे नजदीकी एयरपोर्ट कोचिन एयरपोर्ट है, जो यहां से लगभग 86 किमी की दूरी पर मौजूद है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बैंगलोर जैसे शहरों से कोचिन के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। कोचिन एयरपोर्ट से टैक्सी, प्री-पेड टैक्सी या फिर कैब लेकर आप अलाप्पुझा पहुंच सकते हैं। अलाप्पुझा रेलवे स्टेशन कोस्टल रेलवे के अंतर्गत एर्नाकुलम और कन्याकुमारी के बीच आता है। तिरुवनंतपुरम, कोच्ची, चेन्नई, बैंगलोर व मैंगलोर आदि शहरों से यहां के लिए सीधी ट्रेन उपलब्ध है।



Click it and Unblock the Notifications














