22 जनवरी को अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि में नवनिर्मित भव्य मंदिर के उद्घाटन के साथ राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के साथ अयोध्या की रौनक हज़ार गुना बढ़ जायेगी। यह रौनक न केवल नवनिर्मित मंदिर की वजह से बल्कि यहां लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की वजह से भी होगी। आपने भी अयोध्या जाने की तैयारी शुरू कर दी होगी और आपकी यात्रा मंगलमय होने के साथ-साथ बजट में हो, इसलिए हम आपको बजट फ्रेंडली ट्रिप के बारे में बताने जा रहे हैं। साथ ही हम आपको उन प्राचीन मंदिरों के नाम भी बतायेंगे, जिसका प्रिंट आप अपने पास जरूर रखियेगा, ताकि कुछ भी छूट न जाये।

खैर मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति पहुंच चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यजमानी में राम मंदिर का उद्घाटन और भूतल के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति में प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। राम मंदिर का भव्य उद्घाटन समारोह भी शुरू हो चुका है। संभावना जतायी जा रही है कि राम मंदिर के उद्घाटन के बाद हर रोज अयोध्या में करीब डेढ़ से 2 लाख श्रद्धालु पहुंचेंगे। 23 जनवरी से राम मंदिर के द्वार आम भक्तों के लिए खोल दिये जाएंगे।
एक नज़र भगवान राम के मुख्य मंदिर पर
अयोध्या का राम मंदिर पिछले करीब 500 सालों के संघर्ष की कहानी सुनाता है। 2.7 एकड़ के क्षेत्र में तैयार हुआ भव्य राम मंदिर यहां दिन-रात काम करने वाले कारीगरों की मेहनत का ही फल है। इस मंदिर की लंबाई करीब 360 फीट, चौड़ाई 235 फीट और ऊंचाई 161 फीट है। तीन मंजिला इस मंदिर के भूतल में रामलला की मूर्ति स्थापित की जा रही है, जो श्रीराम के 5 साल के बाल स्वरूप में है और प्रथम तल में होगा राम दरबार। मंदिर का अधिकांश हिस्सा पत्थरों को तराशकर तैयार किया गया है। परंपरागत नागर शैली से निर्मित इस मंदिर के निर्माण की सबसे खास बात है, कि इसके निर्माण में लोहे का बिल्कुल प्रयोग नहीं किया गया है।

मंदिर की नींव में धरती के नीचे 14 मीटर मोटी कंक्रीट की परत को कृत्रिम पत्थर की तरह बिछाया गया है लेकिन धरती के ऊपर मंदिर के निर्माण में कहीं भी कंक्रीट का इस्तेमाल नहीं किया गया है। राम मंदिर को तैयार करते समय न सिर्फ इसकी भव्यता का ध्यान रखा गया है बल्कि इसे इतना मजबूत बनाया गया है कि कम से कम अगले 1000 सालों तक इस मंदिर की एक भी ईंट को कोई नुकसान न पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट्स में तो यह भी दावा किया है कि राम मंदिर की नींव में टाइम कैप्सूल रखा गया है जिसमें राम मंदिर और अयोध्या का इतिहास के साथ-साथ राम मंदिर निर्माण के संघर्ष का भी विस्तार से वर्णन किया गया है। टाइम कैप्सूल को यह सुनिश्चित करने के लिए ही मंदिर की नींव में रखा गया है कि किसी कारणवश सालों बाद अगर प्राकृतिक आपदा के कारण भी राम मंदिर को कोई नुकसान पहुंचता है तो आने वाली पीढ़ी को इस मंदिर के बारे में पूरी जानकारी मिल सकें।
पूरी दुनिया की नज़रें अयोध्या पर
राम मंदिर के कारण पूरी दुनिया की नजरें इस समय अयोध्या पर ही टिकी हुई है। अयोध्या को न सिर्फ एक तीर्थ स्थल बल्कि पर्यटन स्थल के तौर पर भी विकसित किया गया है। देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों को कोई समस्या न हो इसलिए महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्याधाम को आनन-फानन में तैयार किया गया। इसके अलावा अमृत भारत योजना के तहत अयोध्या रेलवे स्टेशन का विकास भी किसी एयरपोर्ट के तर्ज पर ही किया गया है। मंदिर परिसर में भव्य राम मंदिर के अलावा महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, निषादराज, माता शबरी व ऋषिपत्नी देवी अहिल्या का मंदिर भी तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही परकोटा के चारों कोनों पर सूर्यदेव, मां भगवती, गणपति व भगवान शिव के चार मंदिर, उत्तरी भुजा में मां अन्नपूर्णा व दक्षिणी भुजा में हनुमान जी का मंदिर तैयार किया जाएगा।

कैसे पहुंचे अयोध्या
अयोध्या सड़क, रेल और हवाई मार्ग से देशभर से जुड़ा हुआ है। अयोध्या के लिए दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बैंगलोर, अहमदबाद से सीधी विमान सेवा शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही अयोध्या जाने के लिए फैजाबाद, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और दिल्ली से सीधी ट्रेन मिल जाएगी। वहीं वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और दिल्ली से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सीधी बसें भी आपको रामनगरी अयोध्या पहुंचा देगी।
दिल्ली से अयोध्या
फ्लाइट - दिल्ली से अयोध्या के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू हो चुकी है। दिल्ली से अयोध्या के लिए एयरइंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और स्पाइट जेट की फ्लाइट सेवा उपलब्ध है। अगर आप आज दिल्ली से अयोध्या की फ्लाइट बुक करते हैं, तो आपको करीब ₹3600 से ₹5300 तक का किराया चुकाना पड़ सकता है।
ट्रेन से - दिल्ली के नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशन से अयोध्या कैंट व अयोध्याधाम स्टेशनों के लिए कई ट्रेन खुलती हैं, जिनमें वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस शामिल हैं। अगर आप अयोध्या जाने के लिए इन ट्रेनों का विकल्प चुनते हैं तो दिल्ली से अयोध्या पहुंचने में आपको करीब 10 से 12.30 घंटों तक का समय लगता है। इसके अलावा दिल्ली से अयोध्या के आसपास के कुछ स्टेशन जैसे गोंडा जंक्शन, सुल्तानपुर आदि के लिए भी सीधी ट्रेन मिल जाएगी। वैशाली एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस और सुशासन एक्सप्रेस का विकल्प आपको मिल जाएगा। गोंडा से आपको फिर ट्रेन बदलकर अयोध्या जाना होगा, जिसमें आपको करीब 1 से डेढ़ घंटे का समय लग जाएगा।
बस से - अगर आप दिल्ली से अयोध्या तक बस से पहुंचना चाहते हैं तो आपको उत्तर प्रदेश रोड ट्रांसपोर्ट व इंटरसिटी स्मार्ट बस के अलावा और भी कई ट्रैवल एजेंसी की बसें मिल जाएंगी। दिल्ली से अयोध्या बस से पहुंचने में औसतन 10 से 11 घंटों का समय लग जाता है। बस का किराया करीब ₹900 से लेकर ₹1700 तक हो सकता है। हालांकि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपने किस श्रेणी वाला बस चुना है। दिल्ली से अयोध्या के बीच उत्तर प्रदेश रोड ट्रांसपोर्ट की 5 बसें चलती हैं जिनका किराया करीब ₹1400 तक होती है।
लखनऊ से अयोध्या
फ्लाइट से - लखनऊ से अयोध्या की सीधी फ्लाइट तो नहीं लेकिन वन स्टॉप फ्लाइट जरूर उपलब्ध है। इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्पाइस जेट की वन स्टॉप फ्लाइट आपको मिल जाएगी। हालांकि फ्लाइट की ये टिकट आपको काफी महंगी पड़ने वाली हैं। इसके लिए आपको ₹6800 से ₹8300 तक का किराया देना पड़ सकता है।
ट्रेन से - लखनऊ से अयोध्या जंक्शन या फिर अयोध्या कैंट जंक्शन स्टेशन की सीधी ट्रेन मिल जाएगी। लखनऊ जाने वाली कुछ ट्रेन जो अयोध्या से होकर गुजरती है, वो वंदे भारत एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, गरीब नवाज एक्सप्रेस और कैफियत एक्सप्रेस है। अयोध्या से लखनऊ के बीच की दूरी को तय करने में करीब 2 घंटा 50 मिनट का समय लग जाता है। अयोध्या से लखनऊ का किराया ₹130-₹750 के बीच होता है। हालांकि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप ट्रेन में किस श्रेणी से यात्रा करना चाहते हैं। सरयू-यमुना एक्सप्रेस (14650), बीईबीएसबी एकस्प्रेस (14236), याशवंतपुर गोरखपुर एक्सप्रेस (15024), साबरमती एक्सप्रेस (19167), गंगासतलज एक्सप्रेस (13308) आदि प्रमुख ट्रेनें हैं।
बस से - लखनऊ से अयोध्या के बीच इंटरसिटी स्मार्ट बस की सेवाएं उपलब्ध है। 3 घंटा 20 में ये बसें आपको लखनऊ से अयोध्या पहुंचा देंगी। इनका किराया ₹750 से ₹2,400 के बीच होता है जो निश्चित रूप स बस और सीट बुकिंग की श्रेणी पर निर्भर करता है।
पटना से अयोध्या
फ्लाइट से - पटना से भी अयोध्या की वन स्टॉप फ्लाइट उपलब्ध है। अगर आप आज बुकिंग करते हैं तो राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या जाने के लिए आपको ₹8300 से ₹9700 तक का किराया चुकाना पड़ेगा।
ट्रेन से - पटना से खुलने वाली ट्रेनें अयोध्या होकर गुजरती है। ट्रेन द्वारा पटना से अयोध्या पहुंचने में करीब 7 से 10 घंटे का समय लग जाता है। पटना से खुलने वाली जो ट्रेनें अयोध्या से होकर गुजरती हैं, उनमें पटना-इंदौर एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, पटना-कोटा एक्सप्रेस शामिल है। इसके अलावा गुवाहाटी-ओखा एक्सप्रेस जो पटना जंक्शन और पटना साहेब स्टेशन से होकर गुजरती है, वह अयोध्या कैंट से भी होकर गुजरती है। पटना से अयोध्या का किराया ₹255 से ₹985 के बीच आता है। ट्रेन और कोच की श्रेणी के आधार पर किराया में फर्क संभव है।
बस से - पटना से अयोध्या के बीच कई निजी ट्रैवल एजेंसियां बस चलाती हैं। सड़क मार्ग से पटना से अयोध्या तक पहुंचने में 9.30 से करीब 11.30 घंटे का समय लग जाता है, जिसके लिए आपको ₹1200 से ₹2800 तक का किराया चुकाना पड़ सकता है जो बस और टिकट की श्रेणी पर निर्भर करता है।
भोपाल, जयपुर, इंदौर, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता, आदि से अयोध्या
अगर आप पटना, दिल्ली या लखनऊ के अलावा किसी अन्य शहर से अयोध्या जाना चाहते हैं, तो बेहतर होगा पहले आप लखनऊ आयें। लखनऊ से अयोध्या का मात्र तीन घंटे का सफर है, जो आप बस या ट्रेन से तय कर सकते हैं। रही बात फ्लाइट की तो पटना, भोपाल, जयपुर, इंदौर, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता, समेत सभी बड़े शहरों से लखनऊ की सीधी फ्लाइट हैं। फिलहाल अयोध्या के लिए सीधी उड़ानें कुछ ही शहरों से शुरू हुई हैं। सभी बड़े शहरों से कनेक्ट करने में कुछ वर्ष लग सकते हैं, क्योंकि वह अयोध्या एयरपोर्ट में दूसरा टर्मिनल बनने के बाद ही संभव हो पायेगा।
अयोध्या आने वाले भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 6 जिलों से अयोध्या के लिए हेलीकॉप्टर सेवा को शुरू करने का फैसला लिया है। इस महीने के अंत तक अयोध्या में हेलीकॉप्टर सेवा को शुरू कर दिया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को आसमान से अयोध्या की भव्यता को देखने का मौका मिलेगा। इस हेलीकॉप्टर सेवा से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए नीचे दिये गये लिंक पर क्लीक करें।
अयोध्या में कहां-कहां जायें
भगवान राम की नगरी अयोध्या में ही इतनी सारी जगहें हैं, कि आपका समय कम पड़ जायेगा, लेकिन स्थान नहीं पूरे होंगे। जी हां हम यहां पर आपको अयोध्या के उन प्राचीन मंदिरों की सूची दे रहे हैं, जहां जाने के बाद आपको एक अलग सा अनुभव होगा। खास बात यह है कि ये सभी मंदिर भगवान राम जन्म भूमि मंदिर और रेलवे स्टेशन से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। ऐसे में आप एक ऑटो रिक्शा या टैक्सी करके सभी मंदिर कवर कर सकते हैं। लेकिन हां हो सकता है आपको सभी मंदिर कवर करने में दो से तीन दिन लग जायें। इसलिए अगर आप सभी मंदिर जाना चाहते हैं तो आपको समय लेकर आना होगा।
अयोध्या के प्रमुख मंदिर
राम जन्म भूमि मंदिर
रामकोट मंदिर
हनुमान गढ़ी मंदिर
पंचमुखी महादेव मंदिर
नागेश्वरनाथ मंदिर
श्री कालिका देवी मंदिर
लक्ष्मण जी मंदिर
राम की पैड़ी
बिड़ला मंदिर
कनक भवन
जैन श्वेतांबर मंदिर
रूसी मंदिर (रूसी मंदिर)
नेपाली मंदिर
रामायण भवन

अन्य प्राचीन मंदिर जहां आपको मिलेगा अयोध्या का इतिहास
सप्तहरि मंदिर
क्षीरेश्वर नाथ मंदिर
स्वर्गद्वार मंदिर
त्रेता ठाकुर मंदिर
मैटगेंड मंदिर
सप्तसागर मंदिर
श्रीमणिपर्वत मंदिर
सोनेश्वर मंदिर
काले राम मंदिर
श्री छुटकी देवी मंदिर
श्री त्रिपुराजी मंदिर
बराहक्षेत्र मंदिर
जम्बूतीर्थ मंदिर
टुंडीलाश्रम मंदिर
अगस्तसर मंदिर
श्री पाराशर मंदिर
गोकुल श्रीखंड महालक्ष्मी मंदिर
श्री स्वप्नेश्वरी मंदिर
तिलोदगी संगम मंदिर
श्री अशोक वाटिका मंदिर
दर्शनेश्वर मंदिर
छोटी देवकाली मंदिर
रानोपाली मंदिर
पत्थर मंदिर (पत्थर मंदिर)
रानीबौरी मंदिर
श्री यज्ञदेवी मंदिर
सत्यार मंदिर
रत्न सिंहासन मंदिर
नवीनगर मंदिर
गारपुर मंदिर
वंदी देवी मंदिर
भरत-हनुमान मिलन मंदिर
कबीरपंथ मंदिर
फूलपुर मंदिर
अशर्फी भवन मंदिर
श्रीलोमेश मुनि आश्रम
देवकाली मंदिर
अयोध्या में जाति अनुसार मंदिर
ये वो मंदिर हैं जो विभिन्न जाति एवं समुदायों के लोगों ने अयोध्या में बनवाये।
कुर्मी मंदिर
तैलिक मंदिर
पटनवार मंदिर
कोरी मंदिर
बेलदार मंदिर
संत रविदास मंदिर
विश्वकर्मा मंदिर
हलवाई मंदिर
पांडव क्षत्रिय मंदिर
यादव मंदिर
पासी मंदिर
अयोध्या में टीले (छोटा पहाड़ी स्थान)
इन सभी स्थानों पर छोटे-बड़े मंदिर हैं, जहां आपको भगवान के अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे।
मणि पर्वत
अंगद टीला
कुबेर टीला
सुग्रीव टीला
नल-नील टीला
अयोध्या में रहने के किफायती विकल्प :
अयोध्या में रहने के यूं तो कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन इन दिनों होटल और लॉज के किराए मानों आसमान छू रहे हैं। लेकिन चिंता मत किजीए। अयोध्या में रहने के कई ऐसे विकल्प भी मौजूद हैं जहां आप काफी कम कीमतों में रूक सकते हैं।
श्रीराम सिंधू धाम धर्मशाला : राम जन्मभूमि मंदिर से महज 600 मीटर की दूरी पर मौजूद है। यहां दो लोगों के लिए AC और Non-AC दोनों तरह के कमरे उपलब्ध हैं।
श्री जानकी महल ट्रस्ट : अयोध्या बस स्टैंड से 700 मीटर की दूरी पर जानकी घाट पर मौजूद है। यहां भी दो लोगों के लिए AC और Non-AC दोनों तरह के कमरे उपलब्ध हैं। परिवार के साथ या समुह में सफर करने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए यहां 3 बिस्तर वाले कमरे भी मिल जाएंगे। इस होटल में 24 घंटे चेकइन-चेकआउट, सीसीटीवी कैमरा, गर्म पानी और साफ पेयजल की सुविधा मिलती है।
रामबालक दास जी गुजराती धर्मशाला : अयोध्या बस स्टैंड से 2 किमी की दूरी पर मौजूद इस धर्मशाला में रूकने के कई विकल्प मिल जाएंगे। जैसे 2 लोग, 3 लोग और 4 लोगों के लिए AC और Non-AC की सुविधा वाले कमरे। यहां डॉर्मिटोरीज भी हैं, जो तीर्थ यात्रियों को कम बजट में अयोध्या में ठहरने का अच्छा विकल्प देती है।
श्री कठिया मंदिर धर्मशाला : हनुमान गढ़ी मंदिर से यह धर्मशाला सिर्फ 1.4 किमी की दूरी पर मौजूद है। कमरे काफी साफ और बड़े-बड़े हैं, जिनमें AC की सुविधा मिलेगी। इस धर्मशाला में पार्किंग के लिए भी जगह उपलब्ध है।



Click it and Unblock the Notifications















