
दक्षिण भारत के केरल राज्य स्थित कोट्टायम एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है, जो अपने मनमोहक परिदृश्य और प्राकृतिक आकर्षणों के लिए जाना जाता है। लगभग 2204 वर्ग किमी क्षेत्र में फैला यह शहर कुदरती खूबसूरती के अद्भुत रूप प्रदर्शित करता है। पश्चिमी घाट की पहाड़ियां, वेम्बानद झील और हरे-भरे खेत कोट्टायम की सौंदर्यता पर चार चांद लगाने का काम करते हैं।
इतिहास के पन्ने बताते हैं कि इस शहर का महत्व बढा़ने में दक्षिण के चेरा साम्राज्य की अहम भूमिका रही है, इस क्षेत्र पर उनकी पकड़ अच्छी थी। कोट्टायम और उसके आसपास घूमने के कई सारे विकल्प मौजूद हैं, जहां का प्लान आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ बना सकते हैं। इस लेख के माध्यम से जानिए इस शहर के उन नजदीकी स्थलों के बारे में जो वीकेंड गेटवे के लिए काफी खास माने जाते हैं।

कुमाराकोम
PC- Augustus Binu
दूरी - 31.8 किमी
कोट्टायम से 31.8 किमी की दूरी पर स्थित कुमारकोम एक शानदार वीकेंड गेटवे के रूप में जाना जाता है। यह केरल की वेम्बनाड झील के पास बसा एक खूबसूरत सा गांव है। पर्यटन के लिए यह गंतव्य काफी खास माना जाता है, जहां आप विभिन्न प्रकार के वनस्पतियों को देखने के साथ-साथ, खूबसूरत स्थलों का भ्रमण और नौकायन, फिशिंग जैसी गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं।
यहां एक पक्षी अभयारण्य भी है, जो लगभग 14 एकड़ के क्षेत्र में फैला है। यहां आप विभिन्न प्रकार के देशी व प्रवासी पक्षियों को आसानी से देख सकते हैं। यहां आने वाले सैलानियों को वेम्बनाड झील की सैर का बहुत ही ज्यादा पसंद है। पारिवारिक भ्रमण के लिए यह स्थल काफी खास है।

वायकॉम
PC- Praanthan
दूरी - 33 किमी
कोट्टायम से लगभग 33 किमी की दूरी पर स्थित वायकॉम एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है,जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ ऐतिहासिक महत्व के लिए भी जाना जाता है। यह स्थल अपने वायकॉम सत्याग्रह के लिए ज्यादा प्रसिद्ध है, अस्पृश्यता के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन था। त्रावणकोर का वायकॉम सत्याग्रह अपने समय के सबसे महत्वूर्ण आंदोलन था।
इस सत्याग्रह में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पेरियार रामास्वामी ने भी भाग लिया था। इसके अलावा आप यहां के प्रसिद्ध महादेव मंदिर के दर्शन कर सकते हैं जिसे दक्षिण का काशी कहा जाता है। वायकॉम के आसपास कई प्राकृतिक आकर्षण मौजूद हैं जहां की सैर का भी आप आनंद ले सकते हैं।

वागामोन
PC- Sajetpa
दूरी- 63 कि.मी
कोट्टायम से 64 किमी दूरी पर स्थित वागामोन ट्रेकर्स के लिए स्वर्ग माना जाता है। दूर-दूर से ट्रैवलर्स यहां रोमांचक गतिविधियों का आनंद लेने के लिए आते हैं। वागामोन भारत के चुनिंदा सबसे साक्षार जिलों में भी गिना जाता है। यहां के चाय के बागान, हरियाली से भरे क्षेत्र, हरी घास, मखमली लॉन और शीतल हवाएं इस स्थल को खास बनाने का काम करती है।
अपनी इन खूबियों के कारण यहां प्रकृति प्रेमियों से लेकर एडवेंचर के शौकीन आना पसंद करते हैं। यहां स्थित पहाड़ी घाटी और प्राकृतिक झरने सैलानियों को बहुत हद तक प्रभावित करने का काम करते हैं। आप यहां अपने परिवार या दोस्तों के साथ एक शानदार ट्रिप का प्लान कर सकते हैं।

इरुमेली
PC- jay
दूरी- 50 कि.मी
आप कोट्टायम से लगभग 50 किमी की दूरी पर स्थित इरुमेली की सैर का प्लान बना सकते हैं। पर्यटन के लिहाज से यह एक शानदार गंतव्य है। यह स्थल सबरीमाला मंदिर का प्रवेश द्वार भी माना जाता है। सबरीमाला दक्षिण भारत का एक प्रसिद्ध हिन्दू तीर्थ स्थल है।
इरुमेली अपनी वावर मस्जिद के लिए भी काफी ज्यादा प्रसिद्ध है। स्थानीय लोगों के अनुसार वावर सबरीमाला मंदिर में देवता भगवान अयप्पा के मित्र और साथी थे। एक शानदार अनुभव के लिए आप यहां की यात्रा कर सकते हैं।

एरनाकुलम
दूरी- 64.9 कि.मी
उपरोक्त स्थलों के अलावा आप कोट्टायम से 64.9 कि.मी की दूरी पर स्थित एरनाकुलम की सैर का प्लान बना सकते हैं। एरनाकुलम केरल का महत्वपूर्ण जिला है, जो राज्य की आर्थिक राजधानी कहा जाता है। इन सब के अलावा यह स्थल अपने धार्मिक स्थलों के लिए भी काफी प्रसिद्घ है, जहां विभिन्न धर्मों(हिन्दू, ईसाई, इस्लाम) के पवित्र स्थलों के दर्शन कर सकते हैं।
पर्यटन के लिहाज से भी यह एक महत्वपूर्ण स्थल है, जहां देशी-विदेशी सैलानियों का आवागमन लगा रहता है। आप यहां कई शानदार दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications














