राजस्थान अपनी परंपरा, धरोहर और शाही राजघरानों के लिए दुनिया भर में फेमस है। राजस्थान आने वाले सैलानी इन आलीशान होटलों में रुकना और शाही जीवन को अनुभव करना बेहद पसंद करते हैं। जयपुर का ऐसा ही एक होटल रामबाग पैलेस को दुनिया का नंबर 1 होटल के खिताब से नवाजा गया है।

इस होटल में एक रात का किराया सुनकर ही आपकी रातों की नींद उड़ जाएगी।
आइए आपको दुनिया के नंबर 1 होटल रामबाग पैलेस के बारे में बताते हैं :
जयपुर का गहना - रामबाग पैलेस होटल
सबसे पहले हम आपको रामबाग पैलेस होटल के संक्षिप्त इतिहास से रू-ब-रू करवाते हैं। इस होटल को जयपुर का गहना कहा जाता है। 1835 में 47 एकड़ में फैले इस आलिशान महल का निर्माण करवाया गया। 1925 में यह पैलेस जयपुर के महाराजा का स्थायी निवास बन गया।

1957 में महाराजा सवाई मान सिंह द्वितीय ने इस आलिशान महल को एक शानदार होटल में बदल दिया। उस समय यह सवाई मान सिंह द्वितीय, उनकी रानी महारानी गायत्री देवी और उनके परिवार का निवास स्थान हुआ करता था। समय के साथ यह होटल लग्जरी होटल में बदल गया।
रामबाग पैलेस का खाना
इस होटल में दुनिया के बेहतरीन व्यंजन राजसी ठाठ-बाट के साथ परोसा जाता है। इस लग्जरी होटल ने स्पेशियालिटी के अनुसार शेफ और कुक को नियुक्त किया है। यहां आपको भोजन गोल्डन थाली और बर्तनों में परोसे जाते हैं जो आपके एक्सपीरियंस को और भी शाही बनाता है।

इस पैलेस के डायनिंग एरिया में आपको दुनिया भर और देश के लगभग हर प्रांत का बना स्वाद मिलेगा। पैलेस के राजपूत कमरे में आपको अनौपचारिक रूप से पूरा दिन खाना मिलेगा। सुवर्ण महल में आपको राजस्थानी, पंजाबी, हैदराबादी और अवधी स्टाइल के व्यंजन मिलेंगे। पैलेस के पोलो बार में एलिट व्हिस्की और बियर मिलेगी।
पैलेस में मिलती है शाही सुविधाएं

रामबाग पैलेस में एक विशाल बागीचा, मार्बल के गलियारे, आलीशान सुईट कमरे और हवादार बरामदे मिलेंगे। होटल में महिलाओं के लिए ब्यूटी पार्लर, कपड़े धुलवाने की सुविधा, पैलेस में घूमाने के लिए बहूभाषी गाईड, 24 घंटे डॉक्टर की सुविधा, शहर में घूमने के लिए विंटेज गाड़ी, जीवा स्पा (जहां ताजा फूलों, एसेंशियल ऑयल और एसेंस का इस्तेमाल कर माइंड व बॉडी को रिलैक्स फील करवाया जाता है) की सुविधा उपलब्ध है।
कितना है एक रात का किराया?
रामबाग पैलेस का सबसे महंगा और बेहतरीन सुईट सुख निवास और सूर्यवंशी सुईट है। इन दोनों कमरों से नाहरगढ़ का किला और अरावली पर्वत का व्यू साफ नजर आता है। इन कमरों में एक रॉयल डाइनिंग रुम, मास्टर बेडरुम और ड्रेसिंग एरिया की सुविधा दी जाती है।

इन सुईट में एक रात का किराया 4 लाख से लेकर 10 लाख तक हो सकता है। इस लग्जरी होटल में एक रात का किराया 30 से 35 हजार से शुरू होता है। बता दें, इस आलीशान होटल का एक रात का किराया सीजन पर निर्भर करता है। इसकी कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
घूम सकते हैं रामबाग पैलेसे होटल

रामबाग पैलेस होटल में भले ही आप रुक ना सकें लेकिन टिकट लेकर यहां घूम तो सकते हैं। यूं तो कहा जाता है कि रामबाग पैलेस होटल पूरा दिन खुला रहता है लेकिन बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए यह पैलेस सुबह 10 बजे से लेकर शाम को 5 बजे तक ही खुला रहता है। यहां का प्रवेश शुल्क प्रति व्यक्ति 50 रुपये होता है। यहां जाने का बेस्ट समय अक्टूबर से लेकर मार्च तक का होता है। उस समय गर्मी ज्यादा नहीं होती है। यहां आपको उद्यानों में खुला घूमते मोर भी दिखेंगे।
कैसे पहुंचे रामबाग पैलेस

रामबाग पैलेस जयपुर मुख्य शहर से करीब 8 किमी दूर है। जयपुर एयरपोर्ट से यह पैलेस लगभग 11 किमी दूर है। अगर आप इस महल में रुकने वाले हैं तो पिक एंड ड्रॉप की सुविधा के बारे में पूछ सकते हैं। आप चाहे तो एयरपोर्ट से सीधे टैक्सी लेकर भी रामबाग पैलेस होटल पहुंच सकते हैं। जयपुर रेलवे स्टेशन से यह महल करीब 6 किमी दूर है। यहां तक पहुंचने के लिए आप टैक्सी या फिर टुक-टुक (ऑटो-रिक्शा) ले सकते हैं। सड़क मार्ग से रामबाग पैलेस लगभग सभी बड़े शहरों से जुड़ा हुआ है।



Click it and Unblock the Notifications














