आज की भागदौड़ वाली जिन्दगी में दोस्तों और परिवार, बच्चों के साथ समय बिताने के लिए भी समय चुराना पड़ता है। ऑफिस का काम है कि खत्म होने का नाम ही नहीं लेता है और उसके साथ ही कभी बच्चों की पढ़ाई तो कभी कोई और काम बीच में आ जाता है, जिस वजह से छुट्टियां ही नहीं मिल पाती है। लेकिन अगले सप्ताह ही आपको एक शानदार मौका मिलेगा जब बिना को अतिरिक्त छुट्टी लिये ही आप आसपास की जगह का एक छोटा ट्रिप तो करके ही ऑफिस खुलने से पहले वापस लौट आ सकते हैं।
अगर आप पुणे या आसपास की किसी जगह पर रहते हैं, तो 3 दिनों के एक छोटे से ट्रिप पर दोस्तों या फिर पार्टनर को लेकर निकल पड़े औरंगाबाद की तरफ।
Good Friday पर लंबा Weekend
अगले सप्ताह Good Friday पर लंबा Weekend होने वाला है। इस साल 18 अप्रैल (शुक्रवार) को Good Friday है। इसके बाद शनिवार और रविवार को छुट्टियां होती ही हैं। और पुणे से औरंगाबाद (संभाजीनगर) तक की लगभग 234 किमी की दूरी को सड़क मार्ग से आने-जाने में आपको 5.30 से 6 घंटे का वक्त लग सकता है।
इसलिए अगर आप सोमवार को अहले सुबह 3.30-4 बजे भी औरंगाबाद से पुणे के लिए निकलते हैं तो 8-8.30 बजे तक पुणे पहुंच जाएंगे। इसके बाद आपके पास ऑफिस जाने का पर्याप्त समय भी रहेगा। और अगर आप ट्रेन से पुणे और औरंगाबाद के बीच की दूरी को तय करते हैं तो समय थोड़ा और कम यानी 4.30 से 5 घंटे का लग सकता है।
3 दिनों में घूमे औरंगाबाद (संभाजीनगर)
- Good Friday वाले दिन आप औरंगाबाद के लिए सुबह के समय निकल पड़े। अगर 18 अप्रैल को आप 8 बजे भी पुणे से गाड़ी से निकलते हैं तो उसी दिन दोपहर 1-1.30 बजे तक औरंगाबाद पहुंच जाएंगे। इसके बाद होटल में चेकइन कर थोड़ा आराम कर लें।
- इसके बाद उसी दिन आप औरंगाबाद से लगभग 30 किमी दूर एलोरा की गुफाओं की तरफ चले जाएं। यहां कैलाश मंदिर और एलोरा की गुफाओं को देख लें, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में भी शामिल है।
- यहां घूमने के बाद देर शाम तक वापस होटल आकर रात को यहीं ठहरे।
- दूसरे दिन सुबह-सुबह जल्दी ब्रेकफास्ट कर निकल जाएं औरंगाबाद की गुफाओं को देखने के लिए। 6वीं और 7वीं शताब्दी में बनी ये गुफाएं दो अलग-अलग दिशाओं में बनी हुई हैं। इनकी पश्चिमी समूह में गुफा संख्या 1 से 5 और पूर्वी समूह में 6 से 10 तक मौजूद है। दोनों समूहों के बीच की दूरी करीब 1 किमी है। तांत्रिक शैली में डिजाइन की हुई ये गुफाएं देश के प्राचीन इतिहास की गवाह हैं।
- इसके बाद बीबी का मकबरा चले आएं, जिसका निर्माण औरंगजेब के बेटे ने अपनी मां राबिया के लिए करवाया था। कहा जाता है कि इस मकबरा का डिजाइन अताउल्लाह ने किया था, जिन्होंने ताजमहल का डिजाइन तैयार किया था।
- तीसरे दिन आप चाहे तो किला-ए-अर्क भी घूमने के लिए जा सकते हैं, जिसका निर्माण औरंगजेब के आदेश पर किया गया था। हालांकि आज यह खंडहर में बदल चुका है और यहां जुम्मा मस्जिद और दरबार ही सिर्फ बचा हुआ है, जिसे देखने के लिए पर्यटक आते रहते हैं।
- या फिर, आप औरंगाबाद में ही घूम-फिर सकते हैं, होटल के अपने कमरे में थोड़ा रिलैक्स कर सकते हैं, कुछ शॉपिंग कर सकते हैं या फिर अगर होटल में स्वीमिंग पुल की सुविधा है तो गर्मियों के मौसम में एक छोटी सी डुबकी वहां भी लगा सकते हैं।
- इसके बाद शाम को होटल में वापस लौट कर आराम करें।
- तीसरे दिन अहले सुबह उठे। इस दिन ब्रेकफास्ट होटल में करने के बजाए कुछ सूखा खाना पैक करवा लें। फिर पुणे के लिए रवाना हो जाएं।
किराया
तीन दिन तक होटल में रुकने का किराया आपको 8 से 9 हजार रुपया हो सकता है।
पुणे से औरंगाबाद तक अगर जाने के लिए आप किराए पर गाड़ी लेते हैं, तो उस हिसाब से ही आपको किराया भी चुकाना होगा। आप चाहे तो पुणे से औरंगाबाद जाने के लिए बस का विकल्प भी चुन सकते हैं जो बड़े ही आरामदायक तरीके से आपको औरंगाबाद तक पहुंचा देंगी।
बसों का किराया 250 से 500 रुपया प्रति व्यक्ति तक हो सकता है। हालांकि यह बस के प्रकार और सीट पर निर्भर करता है। वहीं ट्रेन से जाने पर आपको काफी सस्ता पड़ेगा।



Click it and Unblock the Notifications

















