राजस्थान में यूं तो सालभर पर्यटकों का आनाजाना लगा ही रहता है लेकिन मानसून के समय में राजस्थान के झीलों का शहर कहलाने वाला उदयपुर कुछ ज्यादा ही खिल उठता है। अरावली पर्वत की गोद में बसे इस शहर के बारे में कहा जाता है कि मानसून के समय इसकी रौनक कुछ ज्यादा ही बढ़ जाती है। हर तरफ बस हरियाली और झीलें पानी से लबालब भर जाती हैं।
आसमान में उमड़ते बादलों को देखकर ऐसा लगता है मानों ये किले की दीवारों को छूकर निकल रही हो। पिछले कुछ दिनों से उदयपुर में मानसून भी काफी सक्रिय है। तो इससे पहले की मानसून के बादलों का वापस लौटना शुरू हो जाए, जल्दी से उदयपुर की एक छोटी सी ट्रिप का प्लान बना लें।

वो जगहें जिन्हें उदयपुर की मानसून ट्रिप में जरूर शामिल करना चाहिए :
1. सिटी पैलेस
उदयपुर के ट्रिप की शुरुआत सिटी पैलेस में घूमने के साथ करें। बारिश के समय जब पूरे उदयपुर का नजारा धुला-धुला सा दिखाई देता है, तब शानदार सिटी पैलेस की सुन्दरता देखते ही बनती है। मानसून में चारों तरफ धूल के बादल छंट जाने के कारण सिटी पैलेस और भी अधिक भव्य नजर आने लगता है। इसलिए सिटी पैलेस को अच्छी तरह से एक्सप्लोर जरूर करें।

2. पिछोला लेक
उदयपुर शहर ही पिछोला लेक को केंद्र में रखकर बसाया हुआ लगता है। पिछोला लेक यूं तो सालभर सुन्दर दिखता है लेकिन मानसून की बारिश के बाद यह पानी से लबालब भरा रहता है। इसलिए उस समय यह और भी ज्यादा मनमोहक नजर आने लगता है। अपने ट्रिप की एक शाम को सिर्फ पिछोला झील के किनारे बैठकर इसमें सूर्यास्त का शानदार नजारा देखने के लिए रिजर्व रखें।

3. सज्जनगढ़ किला
उदयपुर में फतेहसागर झील के किनारे स्थित सज्जनगढ़ किला को मानसून पैलेस के नाम से भी जाना जाता है। इस किले का निर्माण मेवाड़ राजवंश के महाराणा सज्जन सिंह ने करवाया था। इस किले को मानसून के बादलों को देखने के लिए ही बनवाया गया था। पहाड़ी की चोटी पर बने इस किले की दीवारों से टकराकर जब बादल गुजरते हैं, तब वह नजारा बेहद सुन्दर लगता है। इस 5 मंजिला किले में महाराजा सज्जन सिंह खगोलीय केंद्र बनाना चाहते थे लेकिन उनकी असामयिक मृत्यु की वजह से यह योजना पूरी न हो सकी।

4. रायता हिल्स
यह उदयपुर की बेस्ट ऑफबीट जगहों में से एक है। उदयपुर से मात्र 28 किमी की दूरी पर मौजूद इस गांव में सिर्फ 150 घर हैं। हरे-भरे पेड़ों वाली इस घाटी की सुन्दरता बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करती है। मानसून के समय चारों ओर हरियाली से भर जाने के कारण यह जगह प्रकृति प्रेमियों की पसंदीदा जगह बन जाती है। यहां आप फोटोशूट, प्री वेडिंग शूट या कपल्स शूट भी कर सकते हैं। चारों तरफ शांत होने के कारण आपके काम में कोई बाधा नहीं आएगी।

5. जयसमंद झील
जयसमंद झील एशिया की दूसरी सबसे विशाल कृत्रिम झील है। यह उदयपुर से लगभग 48 किमी की दूरी पर मौजूद है। वर्ष 1685 में महाराणा जय सिंह ने गोमती नदी पर बांध के निर्माण के दौरान इस झील का निर्माण किया था। गर्मियों के मौसम में यह उदयपुर की रानी की सबसे पसंदीदा जगह हुआ करती थी। जरा सोचिए, आसमान में मानसूनी काले बादल उमड़-घुमड़ रहे हो और इस झील में आप अपने पार्टनर के साथ बोटिंग का लुत्फ उठा रहे हो, कितना रोमांटिक लगेगा न। उदयपुर की ट्रिप पर यह निश्चित रूप से देखने लायक है।



Click it and Unblock the Notifications














