मानसून और बारिश के समय गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की वजह से उत्तराखंड के ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग (River Rafting) को बंद कर दिया गया था। लेकिन अब पर्यटक फिर से ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग का आनंद ले सकेंगे। 23 सितंबर से ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग की अनुमति फिर से दे दी गयी है। अनुमति मिलने के साथ ही रिवर राफ्टिंग करवाने वाले व्यापारी भी अपने राफ्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों को व्यवस्थित करने में जुट गये हैं।
बता दें, एडवेंचर टूरिज्म के लिए ऋषिकेश आने वाले बड़ी संख्या में पर्यटक रिवर राफ्टिंग का आनंद लेते हैं। बारिश की वजह से नदियों के जलस्तर में वृद्धि के बाद 30 जून को रिवर राफ्टिंग को बंद कर दिया गया था।

मिली जानकारी के अनुसार अभी मरीन ड्राइव से शिवपुरी और ब्रह्मपुरी से राम झूला नीम बीच तक ही राफ्टिंग का संचालन किया जाएगा। जैसे-जैसे जलस्तर कम होना शुरू होगा बाकी के सभी राफ्टिंग प्वाएंट से भी राफ्टिंग करवाई जाएगी।
कौन से हैं लोकप्रिय राफ्टिंग प्वाएंट्स
- ब्रह्मपुरी से ऋषिकेश राफ्टिंग
- शिवपुरी से ऋषिकेश राफ्टिंग
- मरीन ड्राइव से शिवपुरी राफ्टिंग
- मरीन ड्राइव से ऋषिकेश राफ्टिंग
- कौडियला से ऋषिकेश राफ्टिंग

ब्रह्मपुरी से ऋषिकेश राफ्टिंग - कुल 8 किमी की दूरी में राफ्टिंग करवायी जाती है, जिसमें 1 से 1.5 घंटे का समय लगता है। ब्रह्मपुरी से नीम बीच तक रिवर राफ्टिंग का खर्च लगभग ₹300 होता है।
मरीन ड्राइव से शिवपुरी राफ्टिंग - कुल 10 किमी की दूरी में राफ्टिंग करवायी जाती है जिसके लिए 1.5 से 2 घंटे का समय लगता है। मरीन ड्राइव से शिवपुरी के बीच राफ्टिंग का खर्च लगभग ₹600 होता है।
शिवपुरी से ऋषिकेश राफ्टिंग - 16 किमी की दूरी में राफ्टिंग को 2 से 2.5 घंटे में पूरा किया जाता है। शिवपुरी से ऋषिकेश के नीम बीच तक राफ्टिंग का खर्च लगभग ₹1000 होता है।
मरीन ड्राइव से ऋषिकेश राफ्टिंग - 26 किमी की दूरी में इस राफ्टिंग को पूरा करने में लगभग 4 घंटे का समय लग जाता है। मरीन ड्राइव से ऋषिकेश के नीम बीच के बीच की राफ्टिंग का खर्च लगभग ₹1500 होता है।
कौडियला से ऋषिकेश राफ्टिंग - 36 किमी की दूरी में राफ्टिंग को पूरा करने में करीब 5 से 6 घंटे का वक्त लग जाता है। यह राफ्टिंग कठिन स्तर का माना जाता है। कौडियला से ऋषिकेश की इस राफ्टिंग का खर्च लगभग ₹2500 होता है।
नोट - सभी किराया प्रति व्यक्ति। रिवर राफ्टिंग की बुकिंग ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से की जा सकती है। गूगल (Google) में कई संस्थाएं आपको मिल जाएंगे जो ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग करवाने के लिए रजिस्टर्ड हैं। हमारी सलाह है कि अच्छी तरह से देख-परख और जांच के बाद ही अपनी बुकिंग किजीएगा।
राफ्टिंग के लिए किन बातों का रखें खास ख्याल -

सही सीजन का करें चुनाव - ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग के लिए सबसे अच्छा समय सितंबर के अंत से लेकर नवंबर के मध्य तक का माना जाता है। नवंबर के अंत से ठंड बढ़नी शुरू हो जाती है। ठंड के थोड़ा कम होने के बाद यानी मार्च से अप्रैल के अंत तक का समय भी राफ्टिंग के लिए सही होता है। इस समय मौसम भी सुहाना होता है और जलस्तर भी राफ्टिंग के लिए आदर्श रहता है।
सही राफ्टिंग स्ट्रेच का चुनाव - आपको एडवेंचर का शौक है लेकिन क्या आपने कभी राफ्टिंग किया है और अगर किया है तो कितनी लंबी राफ्टिंग आप कर सकते हैं? ऋषिकेश में राफ्टिंग के लिए जाते समय खुद से ये सवाल जरूर पूछे। ऋषिकेश में आमतौर पर जो राफ्टिंग स्ट्रेच लोकप्रिय हैं ब्रह्मपुरी (शुरुआती लेवल), शिवपुरी (मध्यम लेवल) और मरीन ड्राइव या कौडिवला (एडवांस स्तर)।
सुरक्षा हमेशा टॉप पर - एडवेंचर के चक्कर में जान को जोखिम में डालना कभी भी अक्लमंदी का काम नहीं होगा। इसलिए राफ्टिंग पर जाने से पहले हमेशा ऑपरेटर द्वारा दिये गये सभी सामानों की गुणवत्ता, सुरक्षा का कितना ख्याल रखा जा रहा है और अनुभवी गाइड को ही चुने। लाइफ जैकेट या हेलमेट आदि की गुणवत्ता को अच्छी तरह से जांचने के बाद ही राफ्टिंग शुरू करने की हामी भरे।



Click it and Unblock the Notifications














