अमीर खुसरो, जिनके बारे में कहा जाता है कि वह हिन्दूस्तान की हर अदा पर फिदा थे। उन्होंने कश्मीर के बारे में कहा था, "धरती पर अगर कहीं स्वर्ग है, तो वह यहीं है...यहीं है...यहीं है।" सालों-साल कश्मीर जाने वाला हर पर्यटक अमीर खुसरो के हर एक शब्द को दिल से महसूस करता है। कश्मीर आने वाला हर सैलानी, इस पर फिदा हुए बिना नहीं रह सकता है।

कश्मीर जाने का ख्वाब तो हर कोई देखता है लेकिन कई बार लंबी छुट्टियों की बात सोचकर लोग अक्सर कश्मीर जाने का प्लान ही कैंसिल कर देते हैं। अगर थोड़ी समझदारी से काम लिया जाए तो कश्मीर की सुन्दरता को शॉर्ट ट्रिप में भी एंजॉय किया जा सकता है।
हम इस आर्टिकल में आपको कश्मीर को एंजॉय करने का 5 दिनों का टूर प्लान बता रहे हैं। ध्यान रहे, यह टूर प्लान सिर्फ कश्मीर तक का है। अगर आप इस टूर में ही वैष्णो देवी की यात्रा को भी शामिल करना चाहते हैं तो आपको अलग से कुछ दिन इसमें जोड़ने पड़ेंगे। कश्मीर ऐसी जगह है जहां सिर्फ दिन के समय ही घूमना पड़ता है। शाम को सूरज ढलने के बाद घूमने का कोई मौका नहीं मिलता है, आपको होटल में वापस लौट जाना पड़ेगा।
Day 1
अगर आप कश्मीर फ्लाइट से जाते हैं तो आपका कुछ दिन समय बच सकता है। इसलिए कोशिश करें ट्रेन के बजाए फ्लाइट से जाने की। फ्लाइट से जाने पर आपके कश्मीर की ट्रिप राजधानी श्रीनगर से शुरू होगी। होटल में चेकइन के बाद आप श्रीनगर में थोड़ा इधर-उधर घूम सकते हैं। श्रीनगर के मार्केट में मिलने वाले सामानों की परख कर सकते हैं।

इस दिन अगर आप जल्दी श्रीनगर पहुंचकर होटल में चेकइन कर लेते हैं तो मुगल गार्डन, निशात बाग, शंकराचार्य मंदिर आदि में घूमने जा सकते हैं। इसके साथ ही शाम के वक्त डल झील में शिकारा राइड का भी लुत्फ उठा सकते हैं। आप चाहे तो डल झील के फ्लोटिंग मार्केट से भी सामान खरीद सकते हैं लेकिन इन सभी जगहों पर मोलभाव करके खरीदारी करने में ही समझारी होगी। इन सभी जगहों को एक दिन में आसानी से कवर किया जा सकता है।
श्रीनगर के शंकराचार्य मंदिर के बारे में जानना चाहते हैं तो NativePlanet का यह आर्टिकल पढ़े।
Day 2

दूसरे दिन सुबह जल्दी उठकर ब्रेकफास्ट कर सोनमर्ग के लिए निकल जाएं। यह श्रीनगर से करीब 80 किमी दूर है। गाड़ी से यहां पहुंचने में करीब ढ़ाई से 3 घंटों का समय लग सकता है। सोनमर्ग में आप चाहे तो आसपास के झील और ग्लेशियर घूमने जा सकते हैं या फिर सोनमर्ग में ही ताजी बर्फबारी, शानदार पहाड़ी नजारों और बर्फ में खेलने या स्लेज राइडिंग का आनंद उठा सकते हैं। ध्यान रखें, कश्मीर में कहीं भी बाहर खाते-पीते समय विशेष सावधानी बरते। वहां अक्सर सैलानी पेयजल से संक्रमण के कारण पेट में समस्या होने की शिकायत करते हैं।
Day 3

कश्मीर की अपनी ट्रिप के तीसरे दिन आप गुलमर्ग जा सकते हैं। गुलमर्ग में गंडोला राइड के फेज 1 और फेज 2 में जाकर आपको पहाड़ों और बर्फिली चोटियों को और भी करीब से देखने और बर्फ के बीच खेलने, फोटोशूट करने का मौका मिल सकता है। इसके अलावा गुलमर्ग में कई एडवेंचर गेम्स भी होते हैं जैसे स्की ड्राइविंग। गुलमर्ग की स्की ड्राईविंग दुनिया भर में मशहूर है। इसके अलावा आप सबसे लंबे गोल्फ कोर्स और स्ट्रॉबेरी घाटी में भी घूमने जा सकते हैं।
Day 4
चौथे दिन सुबह जल्दी उठकर ब्रेकफास्ट के बाद पहलगाम निकल जाइए। पहलगाम श्रीनगर से करीब 95 किमी दूर है। यहां बहुत सुन्दर फूलों की घाटियां, घने जंगल, बर्फिली पहाड़ की चोटियां और लिडर नदी का किनारा। होटल में चेकइन के बाद चंदनवाड़ी चले जाइए। यह पहलगाम से डेढ़ घंटे की दूरी पर है। अमरनाथ गुफा की यात्रा का बेसकैंप होने की वजह से यहां पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है।

चंदनवाड़ी से वापस लौटते समय आप बेताब वैली में भी सुकून के कुछ पल बीता सकते हैं। अगर आपको कश्मीरी कढ़ाई वाले कपड़े खरीदना चाहते हैं तो पहलगाम में छोटी-छोटी गुमटियों वाली दुकानों में जाएं। यहां आपको अच्छी क्वालिटी के सामान काफी किफायती कीमतों पर मिल जाएंगी। इस दिन आप पहलगाम में ही रूक सकते हैं, यहां कई होटल उपलब्ध हैं।
Day 5

अपनी कश्मीर ट्रिप का 5वां दिन खाली ही रखें। क्योंकि पहलगाम से सुबह निकलकर श्रीनगर एयरपोर्ट आने में आपको थोड़ा समय लग सकता है। रास्ते में कई चेकपोस्ट मिलेंगे जहां आपकी गाड़ी की अच्छी तरह से जांच की जाएगी। चुंकि श्रीनगर बहुत संवेदनशील एयरपोर्ट है इसलिए एयरपोर्ट पर प्रवेश करने से लेकर सिक्योरिटी चेकिंग तक कई स्तरों पर आपको जांच से गुजरना पड़ेगा जिसमें काफी समय लग सकता है। इस दौरान अपने साथ खाने-पीने के लिए सुखे खाद्य पदार्थ जैसे चिप्स, बिस्कुट, फल आदि जरूर रखें।



Click it and Unblock the Notifications













