केदारनाथ धाम की यात्रा को सबसे दुर्गम यात्राओं में से एक माना जाता है। केदारनाथ की चढ़ाई आप चाहे तो पैदल, घोड़ा-खच्चर या फिर हेलीकॉप्टर से पूरी कर सकते हैं। हेलीकॉप्टर की बुकिंग आपको ऑनलाइन और घोड़ा-खच्चर की गौरीकुंड में घोड़ा बुकिंग काउंटर से करनी होगी।

केदारनाथ समुद्रतल से 3,583 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हिंदुओं का सबसे पवित्र स्थान है। हरिद्वार से लेकर केदारनाथ मंदिर तक की चढ़ाई के बीच में कई पड़ाव आते हैं जहां आप रुककर थोड़ा आराम करने के बाद आगे बढ़ सकते हैं। चुंकि यह चढ़ाई काफी दुर्गम है, इसलिए राज्य सरकार ने प्रत्येक यात्री का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया हुआ है।
चलिए बताते हैं केदारनाथ की चढ़ाई में आपका कितना खर्च हो सकता है
हेलीकॉप्टर सेवा
केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग करने पर राउंड टूर के लिए आपको लगभग 5500 रुपये प्रति यात्री किराया चुकाना पड़ सकता है। हालांकि भीड़ अधिक होने पर हेलीकॉप्टर राइड बुकिंग करने में आपको थोड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है। इसके साथ ही मौसम खराब होने पर हेलीकॉप्टर सेवा बाधित भी होती है।

कैसे करें हेलीकॉप्टर बुकिंग?
केदारनाथ हेलीकॉप्टर शटल सेवा 2024 की बुकिंग सिर्फ IRCTC के आधिकारिक वेबसाइट IRCTC Heli Yatra से ही बुक की जा सकेंगी। उत्तराखंड सरकार के आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक इसे बुक करने की पूरी पद्धति आगे दी जा रही है।
- सबसे पहले अपने चारधाम यात्रा का पंजीकरण उत्तराखंड सरकार के आधिकारिक वेबसाइट Registration and Tourist care पर जाकर कर लें।
- इसके बाद IRCTC Heli Yatra पर जाकर अपने रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल कर सीट की उपलब्धता की जांच करने के लिए हेलियात्रा प्रोफाइल बनाएं।
- आवश्यक जानकारियों को भरकर अपनी पसंद का स्लॉट चुनें और सुविधानुसार ऑनलाइन मोड पर पेमेंट कर अपनी बुंकिग को पूरा कर लें।
- केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीपैड पर जाते समय याद से अपना हेलीयात्रा टिकट साथ में लेकर जरूर जाएं।
ध्यान दें,
- हेली यात्रा का टिकट बुक करने के लिए पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है।
- हेली यात्रा का टिकट बुक कर लेने के बाद उसका प्रिंट आउट जरूर ले लें। डिजिटल फॉर्म में टिकट स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- सभी यात्रियों का अपने साथ वैध आईडी प्रमाणपत्र रखना अनिवार्य है।
नोट - उत्तराखंड सरकार द्वारा अपने आधिकारिक वेबसाइट पर की गयी घोषणा के अनुसार केदारनाथ की हेलीकॉप्टर टिकट (शटल सेवा) के टिकट की बुकिंग के लिए कोई भी एजेंट अधिकृत नहीं है। इसलिए कोई भी नकली एजेंट अगर ऐसा दावा करता है, तो उससे सावधान रहे। अधिक जानकारी के लिए https://www.euttaranchal.com/tourism/kedarnath-helicopter-service पर जाएं।
घोड़े-खच्चर से भी पहुंच सकते हैं मंदिर
केदारनाथ मंदिर तक पहुंचने के लिए घोड़े और खच्चर की सवारी भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है। गौरीकुंड के पास से आपको घोड़ा और खच्चर मिल जाएंगे। गौरीकुंड से मंदिर तक का किराया लगभग 2500 रुपये होता है। वहीं मंदिर से नीचे गौरीकुंड तक आने का किराया 1800 से 2000 तक हो सकता है।

घोड़े-खच्चर के लिए बुकिंग आपको गौरीकुंड के पास बने घोड़ा टिकट काउंटर से करनी होगी। टिकट लेने के बाद गौरीकुंड से करीब आधा किमी आगे बने घोड़ा पड़ाव तक पैदल जाकर आपको घोड़ा या खच्चर मिलेगा। घोड़े से मंदिर तक पहुंचने में लगभग 4- साढ़े 4 घंटों का समय और वापस लौटने में 3 घंटों का समय लगता है।
पैदल
अगर आप गौरीकुंड से मंदिर तक पैदल चढ़ाई करना चाहते हैं तो इसके लिए सबसे पहले अपने स्वास्थ्य का फुल चेपअप करवा ले। गौरीकुंड से आपको भीमबली, रामबाड़ा, लिंचोली, घोड़ा पड़ाव के रास्ते मंदिर तक का सफर तय करना होगा। रास्ते में ऑक्सीजन कम होने की वजह से आपको दिक्कत भी महसूस हो सकती है। केदारनाथ में मौसम कभी भी बिगड़ सकता है, इसलिए अपने साथ रेनकोट और वॉटरप्रुफ जूते जरूर रखें।

गौरीकुंड से मंदिर तक की 16 किमी की चढ़ाई को आप सुबह ही शुरू कर दें, तभी आप शाम की आरती के समय तक केदारनाथ मंदिर पहुंच सकेंगे। आपको यह चढ़ाई पूरी करने में 6-7 घंटों का समय लग सकता है। रात का समय ऊपर मंदिर के पास ही बिताकर अगले दिन सुबह फिर नीचे उतरना शुरू करें। पैदल जाने पर हरिद्वार से केदारनाथ यात्रा का खर्च 4000-5000 के बीच हो सकता है।



Click it and Unblock the Notifications















