ट्रेन का सफर हमेशा सुहाना होता है। खेत-खलिहान वाले नजारे, गर्मागर्म चाय और समोसे की खुशबू से लेकर अलग-अलग तरह के लोगों से मिलना। लेकिन अचानक इस सुहाने सफर में लगता है जोरदार झटका...जब यह ध्यान में आता है कि स्टेशन या ट्रेन में ही आपका कोई सामान छूट गया है। अब क्या करें...!
या तो ट्रेन स्टेशन से निकल चुकी होती है या फिर आप स्टेशन से घर या होटल पहुंच चुके होंगे। कई बार लोग अपना सामान वापस पाने की उम्मीद ही छोड़ देते हैं। लेकिन क्या आप मानोगे अगर हम आपसे कहें कि थोड़ी सी समझदारी से इस मुश्किल का हल भी मिल सकता है।

अगर स्टेशन/ट्रेन में छूटा सामान!
घर से बाहर निकलने से पहले सबसे पहले ही मोबाइल में अपने सामान की फोटो खींचकर उसे सेव कर लें। इससे खो जाने या चोरी होने की स्थिति में सामान की पहचान करने में बड़ी सुविधा होगी। जैसे ही आपको अपने सामान के गुम होने का पता चलें तो सबसे पहले उस स्टेशन पर पहुंचे, जहां आपका सामान छूटने की सबसे अधिक संभावना है। स्टेशन पर रेलवे के अधिकारियों से संपर्क करें और RPF के पास शिकायत दर्ज करवाएं।
ऐसा करने से रेलवे और पुलिस अधिकारी कानूनी रूप से आपके खोये सामान को ढूंढने और जांच-पड़ताल करने के लिए जिम्मेदार बन जाती है। इसके बाद RPF आपसे आपका ट्रेन नंबर और सीट नंबर भी पूछेगी। खोजबीन के बाद अगर आपका सामान मिल गया तो उसे RPF थाने में जमा करवा दिया जाता है। कई बार सामान को उस स्टेशन पर जमा करवा दिया जाता है जहां से वह गुम हुआ था।
आपका सामान मिल गया है, इसकी सूचना आपको दी जाएगी और साथ में दस्तावेज भी मंगवाएं जाएंगे जिससे सामान आपके होने की पुष्टि हो सके। यहीं वह समय होता है जब मोबाइल में सेव किया फोटो आपके काम आ सकता है।
क्या करें अगर चोरी हो जाएं सामान!
स्टेशन या ट्रेन में अगर सामान छूट जाए तो वह किसी भी RPF या रेलवे अधिकारी को मिल सकता है, जो उसे थाना या स्टेशन के ऑफिस में जमा करवा देगा। लेकिन क्या करें अगर आपका सामान चलती ट्रेन में से चोरी हो गया हो? कुछ ऐसा ही बेंगलुरु के जे. पी. नगर में रहने वाली सौम्या अग्रवाल के साथ हुआ था। वह जून 2011 में उद्यान एक्सप्रेस में सफर कर रही थी।
मुंबई से बेंगलुरु तक के इस 24 घंटे के सफर के बीच में ही उसका लैपटॉप चलती ट्रेन में चोरी हो गया। उसने तुरंत टीटी से संपर्क किया और टीटी ने चलती ट्रेन में GRP कॉन्स्टेबल को इसकी सूचना दी। GRP ने भी बड़ी मुस्तैदी दिखाई और बेंगलुरु टीम को अलर्ट कर दिया। चलती ट्रेन में एक-एक पैसेंजर की तलाशी लेना तो मुमकिन नहीं था, लेकिन स्टेशन पहुंचने पर गेट से निकलने वाले लोगों पर GRP अपनी पैनी नज़र गडाये रही। अंतत: यशवंतपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग के दौरान चोर को पकड़ लिया गया और सौम्या को उसका लैपटॉप सुरक्षित वापस मिल गया।
चलती ट्रेन हो या स्टेशन पर ही अगर आपका सामान चोरी हो जाता है तो बिना समय गंवाएं तुरंत GRP या रेलवे के किसी भी आधिकारी जैसे टीटी या अन्य से संपर्क कर अपनी समस्या खुल कर बताएं। आप जितनी जल्दी अपना सामान गुम या चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाएंगे, आपका सामान वापस मिलने की संभावनाएं भी उतनी ज्यादा ही बढ़ जाती हैं।



Click it and Unblock the Notifications














