लुंबिनी गार्डन अपनी विशिष्ट अवधारणा के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है। तट के किनारे बना यह ईको फ्रेंडली बोटिंग पार्क बेंगलुरु के हेब्बल केंपापुरा में आउटर रिंग रोड पर स्थित है। 1.5 किमी में फैला यह गार्डन नागावारा झील के किनारे पर बना है। इस गार्डन का नाम गौतम बुद्ध के जन्मस्थान पर पड़ा है और यहां बुद्ध की 25 फीट ऊंची प्रतिमा बनाई गई है।
अगर आप परिवार के साथ मनोरंजन करना चाहते हैं तो फिर यह जगह आप के लिए है। परिवार वाले इस गार्डन को इस लिए भी ज्यादा पसंद करते हैं क्योंकि यहां बच्चों के लिए मनोरंजन के साधन किसी एम्यूजमेंट पार्क की तरह है। झील में बोटिंग करना यहां का सबसे बड़ा आकर्षण है। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए बाउंसी ट्रेन, प्ले एरिया, बंगी जंप, बाउंसी राइड और स्पेनिश बुल राइड शामिल है।
बेंगलुरु में भले ही समुद्री किनारा न हो पर लुंबिनी गार्डन मानव निर्मित वेव पूल के जरिए इसकी भरपाई करता है। जब आप मुख्य मार्ग पर चलेंगे तो आप हरियाली के बीच झील का दिलकश नजारा देख सकते हैं। साथ यहां कई फूड कोर्ट भी हैं, जहां आप उचित मूल्य पर खाना खा सकते हैं। अगर आप परिवार के साथ बेंगलुरु घूमने जा रहे है तो लुंबिनी पार्क आपका इंतजार कर रहा है।



Click it and Unblock the Notifications