आज के आधुनिक युग में टेक्नोलॉजी जहां एक ओर सुविधाएं और सुरक्षा प्रदान करती हैं। वहीं दूसरी ओर टेक्नोलॉजी की वजह से ही कई बार लोगों के जीवन में समस्याएं पैदा भी होती हैं। छोटे पोर्टेबल कैमरे ने बड़े-बड़े कैमरों के बैग को पीठ पर लादकर घूमने की समस्या को खत्म कर दिया है। लेकिन छोटे से पोर्टेबल कैमरे की वजह से कई बार लोग परेशानियों में भी पड़ जाते हैं।
खासतौर पर पर्यटकों के लिए होटल के कमरों में छिपे कैमरों का पता लगाना, एक बड़ी चुनौती बन जाती है। अगर अच्छी तरह से जांच पड़ताल न की जाए और कमरों में कहीं कोई कैमरा लगा रहा तो वह आपके निजी पलों को सोशल मीडिया पर वायरल होने से नहीं बचा सकता है।

होटल के कमरों में छिपे इन कैमरों की पहचान करने का काम इतना आसान भी नहीं होता है। अगर आप सरसरी निगाहों से देखेंगे तो इन कैमरों को इतनी सफाई से छिपाया जाता है कि कई बार ये दिखाई भी नहीं देते हैं। कई बार तो नंगी आंखों से भी ये कैमरे दिखाई नहीं देते हैं। तो क्या इन कैमरों का पता लगाना लगभग नामुमकिन है? बिल्कुल नहीं...कुछ खास तकनीक और डिवाइस की मदद से होटल के कमरों में छिपाए गये इन कैमरों के बारे में पता लगाया जा सकता है।
हम यहां होटल के कमरों में छिपे कैमरों का पता लगाने की कुछ खास तकनीकों का जिक्र करने वाले हैं। इन बातों को गांठ बांध लें और अपनी अगली यात्रा पर होटल के कमरे में इन तकनीकों का इस्तेमाल कर कैमरे की जांच जरूर लें -

1. फ्लैश लाइट का उपयोग करें
रूम में कोई छिपा कैमरा है या नहीं, इसका पता आप अपने मोबाइल के फ्लैश लाइट से लगा सकते हैं। रूम की सभी लाइट्स को बुझा कर, अंधेरे कोने और हर उस संभव जगह पर फ्लैश लाइट जलाएं, जहां छिपा कैमरा होने की संभावना है। कैमरे के लेंस चमकेगी तो आपको कैमरे का पता लग सकता है क्योंकि यह सामान्य चीजों की तरह नहीं होगी।
2. छुकर पता लगाएं
सिर्फ आंखों से देखकर या मोबाइल का फ्लैश जलाकर ही नहीं बल्कि चीजों को छुकर भी उनका पता लगाने की कोशिश करें। ऐसी जगहें जहां कैमरा छिपा हो सकता है जैसे वॉल हैंगिंग, सजावटी सामान, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस आदि को एक बार छुकर देखें। सुनने की कोशिश करें कि कहीं कोई सरसराहट या हल्की सी आवाज तो नहीं आ रही है।
3. सामान्य जगहों पर हो सकता है छिपा
किसी भी होटल के कमरे में जो सामान्य सी चीजें होती हैं, उनकी जरूर जांच करें। जैसे चाय की इलेक्ट्रिक केटली, टी सेट, ग्लास, आइने के पीछे, स्मोक डिटेक्टर, इलेक्ट्रिक स्विच बोर्ड और उसके सॉकेट, सजावटी सामान जैसे साइड लैम्प, फोटो फ्रेम आदि की अच्छी तरह से जांच कर लें।
4. बारीकी से जांचे
होटल के रूम में कोई छिपा हुआ कैमरा है या नहीं, इसकी जांच तभी शुरू कर दें जब होटल के कमरे में पहुंचे। बेडरुम, बाथरुम, साइड टेबल के आसपास, स्विच के आसपास कैमरे की जांच करें। अगर कमरे में कुछ भी संदेहास्पद दिखें, चाहे वह शो-पीस हो या फूलों का गुलदस्ता आदि हो। इसकी अच्छी तरह से और बारीकी के साथ जरूर जांच करें।
5. कहीं कोई तार या केबल तो नहीं
रुम में सिर्फ कैमरे को ही न ढूंढे बल्कि इस बात का ध्यान रखें कि कहीं कोई तार या केबल तो नहीं है। अगर है तो वह तार या केबल कहां जा रहा है, उसका कोई उपयोग है या बस यूं ही लगा हुआ है, संदेहास्पद कुछ तो नहीं है न। इन तारों या केबल के माध्यम से कैमरा को पावर या रिकॉर्ड की हुई फुटेज को ट्रांसफर किया जा सकता है।
6. रेडियो फ्रिक्वेंसी डिटेक्टर
रेडियो फ्रिक्वेंसी (RF) डिटेक्टर छिपे हुए कैमरों का पता लगाने के लिए कैमरों से निकलने वाले वायरलेस सिग्नल का इस्तेमाल करते हैं। अगर कमरे में कोई छिपा हुआ कैमरा हो तो उससे निकलने वाली तरंगें इस डिटेक्टर से छिप नहीं सकेंगी और इस बारे में तुरंत पता लग जाएगा।

7. Wi-Fi नेटवर्क स्कैनर
होटल में कभी भी Wi-Fi नेटवर्क का उपयोग न करें। इसके स्थान पर Wi-Fi नेटवर्क स्कैनर का इस्तेमाल करें और पता लगाएं कि कहीं कोई संदेहजनक चीज तो नहीं है। अगर जरा सा भी ऐसा लगता है तो उसकी अच्छी तरह से जांच करें।
8. स्मार्ट फोन ऐप से करें स्कैन
प्ले स्टोर में ऐसी कई मोबाइल ऐप उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग कमरे में छिपे कैमरों का पता लगाने के लिए किया जा सकता है। ऐसे किसी ऐप की मदद से भी आप छिपे कैमरों का पता लगा सकते हैं।
9. सुरक्षा अधिकारियों से बात करें
अगर होटल में छिपा कैमरा होने का संदेह आपके मन से बाहर नहीं निकल रहा है तो एक बार होटल के सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों से बात करें। अगर जरूरी महसूस हो तो किसी सुरक्षा विशेषज्ञ की सलाह भी ले सकते हैं।
10. सामान्य जगहें जहां छिपे हो सकते हैं कैमरा
बेडरुम - बिस्तर के फ्रेम, बिस्तर के नीचे, हेडबोर्ड के पीछे, अलार्म घड़ी, लैम्प, इलेक्ट्रॉनिक सामान या स्विच बोर्ड, ड्रावर के अंदर देखें (कोई केबल या तार तो नहीं), कमरे के कोनों में ऊपरी हिस्से में, सजावटी सामान, वॉल हैंगिंग आदि।
बाथरुम - स्मोक डिटेक्टर, कार्बन मोनोऑक्साइड डिटेक्टर, टॉयलेट या पर्सनल केयर वाले इलाके में कोई अवांछित डिवाइस, आइने के पीछे या सजावटी सामानों में।
सामान्य क्षेत्र - कमरे की छत, स्विच और स्विच बोर्ड, कहीं भी लगा हुआ कोई तार या केबल।



Click it and Unblock the Notifications














