बॉलीवुड की पहली लेडी सुपरस्टार श्रीदेवी को गुजरे 6 सालों का समय बीत चुका है लेकिन आज भी उनके फैंस बड़ी ही शिद्दत से उन्हें याद करते हैं। 24 फरवरी 2018 को दुबई के एक बाथटब में डूबने से श्रीदेवी का निधन हो गया था। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने श्रीदेवी को ट्रिब्यूट दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार BMC ने लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स के एक जंक्शन का नाम श्रीदेवी के नाम पर करने का फैसला किया है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है, जब सड़कों के नाम बॉलीवुड के स्टार्स या सुपरस्टार्स के नाम पर रखे गये हैं। इससे पहले भी मुंबई और देश के कई दूसरे शहरों में सड़कों का नाम बदलकर बॉलीवुड स्टार्स के नाम पर रखा जा चुका है।

नया नाम होगा श्रीदेवी कपूर चौक
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी के सम्मान में लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स के एक चौक का नाम श्रीदेवी कपूर चौक नाम रखने का फैसला BMC ने लिया है। बता दें, जिस चौक का नाम बदला जाएगा उसी जगह श्रीदेवी रहा करती थी। श्रीदेवी ग्रीन एकर्स टावर में रहती थी जो इसी रोड पर स्थित है। इतना ही नहीं, श्रीदेवी की मृत्यु के बाद उनकी अंतिम यात्रा भी इसी रोड से होकर निकाली गयी थी।
इस वजह से ही स्थानीय लोग पिछले लंबे समय से ही इस रोड का नाम श्रीदेवी रोड रखने की अपील कर रहे थे। हालांकि BMC के इस फैसले से श्रीदेवी के पति और फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर ज्यादा खुश नजर नहीं आ रहे हैं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा, "वो (श्रीदेवी) बहुत प्राइवेट पर्सन थी और उसकी लाइफ भी प्राइवेट रहनी चाहिए।" उन्होंने तो यहां तक कहा कि जब तक मैं जिंदा हूं श्रीदेवी पर बायोपिक नहीं बनने दूंगा।
पहले भी कई स्टार्स के नाम पर सड़कों का हो चुका है नामकरण
सुशांत सिंह राजपूत

दक्षिण दिल्ली के एंड्र्यूजगंज में एक सड़क का नाम सुशांत सिंह राजपूत मार्ग रखा गया है। दिल्ली की सड़क का नाम साल 2021 के जनवरी में बदला गया था। संदिग्ध परिस्थितियों बॉलीवुड के उभरते कलाकार सुशांत सिंह राजपूत का निधन 14 जून 2020 मुंबई में उनके घर में हो गया था।
अपने कमरे में सुशांत का शव फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया था। हालांकि शुरुआती दौर में यह आत्महत्या लग रही थी, लेकिन सुशांत के परिवार और बहनों का दावा है कि सुशांत ने आत्महत्या नहीं बल्कि उसकी हत्या की गयी थी।
विक्रम चंद्रकांत गोखले
26 नवंबर 2023 को बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार विक्रम गोखले की पहली पुण्यतिथी पर महाराष्ट्र सरकार ने अंधेरी वेस्ट में उनके नाम पर एक सड़क का नाम रखने का फैसला लिया। यह सड़क सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट एसोसिएशन और सीएडब्ल्यूटी के नये हेडक्वार्टर के पास ही मौजूद है जिसका उद्घाटन अक्तूबर 2023 में किया गया था। कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल के चार नंबर गेट से सिंटा टावर की ओर जाने वाली सड़क का नाम नटश्रेष्ठ विक्रम गोखले मार्ग रखा गया है।
नरगिस दत्त

बॉलीवुड स्टार नरगिस दत्त के नाम पर मुंबई के बांद्रा वेस्ट, पाली हिल इलाके में एक सड़क का नामकरण किया गया है। एक्ट्रेस की मृत्यु के बाद उनकी याद में इस सड़क का नाम बदलकर नरगिस रोड कर दिया गया था। बता दें, नरगिस की मौत साल 1981 में कैंसर से जुझते हुए हो गयी थी। उनकी मृत्यु से ठीक तीन दिन पहले उनके बेटे और बॉलीवुड स्टार संजय दत्त की पहली फिल्म रॉकी का प्रीमियर आयोजित किया गया था।
मो. रफी चौक
दिग्गज गायक मो. रफी की सुरीली आवाज आज भी लोगों को दीवाना बनाने के लिए काफी होती है। इस दिग्गज सिंगर के नाम पर मुंबई के एसवी रोड, बांद्रा में मौजूद है मो. रफी चौक। इस चौक से महज थोड़ी ही दूरी पर मो. रफी का घर रफी मेंशन भी मौजूद है।
आरडी बर्मन चौक
बॉलीवुड के बीते दिनों के लोकप्रिय संगीतकार आरडी बर्मन के निधन के लगभग 15 सालों बाद वर्ष 2009 में उनकी याद में मुंबई की एक चौक का नाम आरडी बर्मन चौक रखा गया। यह चौक मुंबई में सांताक्रुज वेस्ट में मौजूद है। इस चौक के पास ही आरडी बर्मन का घर भी स्थित है।
मनोज कुमार
बॉलीवुड में भारत कुमार के नाम से प्रसिद्ध एक्टर डायरेक्टर मनोज कुमार साईं बाबा को खुब मानते हैं। वह अक्सर शिरडी में साईं बाबा के दर्शन करने जाया करते थे। उनके सम्मान में ही महाराष्ट्र के शिरडी जाने वाली सड़क का नाम मनोज कुमार गोस्वामी रोड रखा गया।
विदेशों में बजा बॉलीवुड का डंका

बॉलीवुड के शोमैन राज कपूर के नाम पर कनाडा में एक सड़क का नाम रखा गया है। यह रोड कनाडा के ब्रैंपटन में मौजूद है, जिसका नाम राज कपूर क्रिसेंट है। इसके साथ ही कनाडा में ही ऑस्कर विजेता म्यूजिक कंपोजर ए.आर.रहमान के नाम पर भी एक रोड का नाम रखा गया है। कनाडा में मौजूद उनके फैंस ने अपना अपना प्यार जाहिर करने के लिए ओंटारियो में एक सड़क का नाम अल्लाह रक्खा रहमान स्ट्रीट रखा है।



Click it and Unblock the Notifications














