खोडाला महाराष्ट्र राज्य के ठाणे जिले में समुद्रतल से 1800 फीट ऊपर एक बहुत सुंदर छोटा सा गाँव है, खोडाला।अपने शांत माहौल के लिए प्रसिद्ध खोडाला, वैतरना झील, इगतपुरी-कसार घाट और त्रिंगलवाड़ी किले के कारण एक बहुत बड़ा पर्यटन केंद्र है। खोडाला, एक पहाड़ी पर बना होने और हरे-भरे घने जंगलों से घिरा होने के कारण ट्रैकिंग और पिकनिक के लिए बहुत अच्छी जगह है। खोडाला, परंपराओं से बंधी एक ऐसी स्थिर और रूखी जगह है जो आज भी दुनिया के लिए अनजान है।
मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों के पास होने पर भी खोडाला, उतना प्रसिद्ध नहीं है जितना कि उसे होना चाहिए। यहाँ बड़ी संख्या में स्थानीय आदिवासी संस्कृति के लोग बसे हुए है जो आज भी पशु बलि जैसी रीतियों को मानते हैं। वे उस देहाती भारत की झलक देते हैं जिसे आधुनिक तकनीक छू भी नहीं सकी जिस पर आज हम पूरी तरह से निर्भर हैं। आदिवासी गीत और संगीत उनकी जिंदगी का हिस्सा है और उनका पहनावा यह दर्शाता है कि वे आज भी अपनी संस्कृति से प्यार करते हैं।
खोडाला के प्रमुख आकर्षण
खोडाला ट्रैकिंग का गढ़ है जहाँ ट्रैकिंग और माउंटेन बाइकिंग के लिए अनेक अवसर मिलते हैं। यहाँ स्थित अमला वन्यजीव अभयारण्य किसी भी वन्यजीव प्रेमी को आकर्षित करेगी क्योंकि यहाँ रेंगने वाले जंतुओं की अनेक प्रजातियाँ देखने को मिलती है। अभयारण्य की वनस्पति और यहाँ आने वाले प्रवासी पक्षी भी प्रमुख हैं।
खोडाला का मौसम पूरा साल सुहावना रहता है लेकिन फिर भी यहाँ आने का सबसे अच्छा समय सर्दियाँ और मानसून के बाद का होता है। आदिवासी त्योहारों के समय यहाँ आने का अलग ही मज़ा है क्योंकि इस समय आपको आदिवासी नृत्य देखने को मिलता है। आप वायुमार्ग, रेलमार्ग और सड़कमार्ग से सुविधापूर्वक खोडाला पहुँच सकते हैं।
खोडाला के सबसे पास छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है जो इसे महाराष्ट्र के शहरों तथा दूसरे बड़े शहरों से भली प्रकार जोड़ता है। रेलगाड़ी से यात्रा करने के लिए 30 किलोमीटर दूर इगतपुरी रेलवे स्टेशन एक बेहतर विकल्प है। अगर आप 450-500 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं तो अपनी गाड़ी से आना बेहद रोमांचक होगा।



Click it and Unblock the Notifications