सर्दियां शुरू होते ही गुजरात से घूमने जाने वाले लोगों का पसंदीदा डेस्टिनेशन बन जाता है राजस्थान। पुरानी हवेलियां, रेगिस्तान, इतिहास और धरोहरें यहीं तो होती हैं किसी भी पुराने शहर की जान। कहीं भी घूमने जाने के लिए ट्रेन से आने-जाने में लगने वाले ज्यादा समय को बचाने के लिए अक्सर लोग फ्लाइट के बजटफ्रेंडली विकल्प भी तलाशते रहते हैं।
ऐसे लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए ही एयरलाइंस कंपनी स्पाइसजेट (SpiceJet) ने अहमदाबाद से जयपुर के लिए सीधी उड़ानों की घोषणा को शुरू किया है।

सप्ताह में कब होगा उड़ान का संचालन?
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से जयपुर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए स्पाइसजेट की उड़ान संख्या SG 2957 सप्ताह के सातों दिन उड़ान भरेगी। यानी अब फ्लाइट की उपलब्धता के आधार पर आपको घूमने का अपना प्लान बनाने की जरूरत नहीं है बल्कि अपने प्लान के अनुसार आप फ्लाइट का टिकट बुक कर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार यह उड़ान अहमदाबाद से जयपुर होकर वाराणसी तक जारी रहेगी। तो अगर आपने अपना प्लान बदला और जयपुर के बजाए बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के लिए काशी जाने का प्लान बना लिया, तब भी इस फ्लाइट की बुकिंग कर सकते हैं।
क्या होगी Timing?
मिली जानकारी के अनुसार रविवार से शुक्रवार तक यह फ्लाइट रात को 9.25 बजे अहमदाबाद से उड़ान भरेगी जो रात 11.05 बजे जयपुर में लैंड करेगी। यानी अहमदाबाद से जयपुर का यह सफर मात्र डेढ़ घंटे में पूरा कर सकेंगे। शनिवार को फ्लाइट के समय में थोड़ा बदलाव होगा। शनिवार को यह फ्लाइट अहमदाबाद से रात को 8.20 बजे उड़ान भरेगी जो रात को 9.25 बजे जयपुर में लैंड करेगी।
वापसी में, फ्लाइट नंबर SG 2972 का संचालन जयपुर से अहमदाबाद के बीच हर दिन होगा। रोज शाम को 5.05 बजे यह फ्लाइट जयपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और शाम को 6.26 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंड करेगी।

कितना होगा किराया?
अहमदाबाद से जयपुर तक के लिए स्पाइसजेट की फ्लाइट का किराया मध्यम वर्गीय परिवार के पॉकेट को ध्यान में रखते हुए ही तय किया गया है। अहमदाबाद से जयपुर की फ्लाइट का किराया ₹4823 है जिसमें अतिरिक्त टैक्स व शुल्क जुड़ेंगे। वहीं जयपुर से अहमदाबाद स्पाइस जेट की फ्लाइट का किराया ₹4835 है, जिसमें टैक्स व शुल्क जुड़ेंगे। फ्लाइट के टिकट सस्ते चाहिए तो यात्रा से कुछ दिनों पहले ही टिकट बुक कर लिया किजीए। हालांकि समय और मौके के हिसाब से फ्लाइट की कीमतों में बदलाव भी होता रहता है।
इसके अलावा स्पाइस जेट ने अमृतसर से जयपुर होते हुए अहमदाबाद के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट की घोषणा की है। यह फ्लाइट भी हर दिन उड़ान भरेगी। अमृतसर से स्पाइसजेट की फ्लाइट दोपहर 3.15 बजे उड़ान भरेगी जो शाम 6.25 बजे अहमदाबाद में लैंड करेगी। जयपुर में इस फ्लाइट का आधे घंटे का ठहराव होगा। तो फिर सोच क्या रहे हैं? सर्दियों की शुरुआत हो चुकी है और इसके साथ ही शुरू हो चुके हैं राजस्थान के विंटर फेस्टिवल्स। जल्दी से बैग पैक करें और म्हारो राजस्थान के किसी चोखो सी जगह पर बना ले घूमने का प्लान!



Click it and Unblock the Notifications














