Search
  • Follow NativePlanet
Share
» »राम नवमी : बदलेगा रामलला की भोग-आरती का समय, UP रोडवेज चलाएगी स्पेशल बस

राम नवमी : बदलेगा रामलला की भोग-आरती का समय, UP रोडवेज चलाएगी स्पेशल बस

अयोध्या में पहली बार राम मंदिर में रामलला का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। लगभग 500 सालों बाद ऐसा मौका मिल रहा है जब श्रीराम जन्मभूमि पर राम नवमी का त्योहार मनाने की तैयारियां चल रही है। इस साल अयोध्या में राम नवमी का त्योहार काफी खास भी होने वाला है और जैसे-जैसे राम नवमी का दिन नजदीक आता जा रहा है, इसमें शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचने वाले भक्तों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है।

ram navami ram mandir ayodhya

एक अनुमान के मुताबिक इस साल राम नवमी के दिन रामलला का दर्शन करने पहुंचने वाले भक्तों की संख्या 50 लाख से अधिक भी हो सकती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं। एक ओर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से खास तैयारियां की गयी हैं वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश प्रशासन की तरफ से भी जोरो-शोरों से तैयारियां की जा रही हैं।

कपाट खुलने का समय बदलेगा

राम नवमी के मौके पर आने वाले भक्तों को रामलला के दर्शन करने का अधिक से अधिक समय मिल सकें, इसके लिए राम मंदिर के कपाट खुलने का समय बदल दिया जाएगा। राम मंदिर के पुजारी संतोष तिवारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि ट्रस्ट और प्रशासन ने आपस में बातचीत करने के बाद यह फैसला लिया है कि राम नवमी के समय मंदिर के कपाट सुबह 5 बजे खोल दिये जाएंगे।

ayodhya ram navami preparation

ऐसा सिर्फ राम नवमी के समय ही नहीं बल्कि उससे दो दिन पहले यानी 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक होगा। वहीं रात को रामलला की कब शयन आरती की जाएगी, इसका निर्धारण भक्तों की भीड़ के आधार पर ही तय किया जाएगा।

बदलेगा रामलला को जगाने का समय

पहले मीडिया में यह खबरें आ रही थी कि राम नवमी के समय राम मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रखे जाएंगे। लेकिन बाद में संतों ने इस बात पर आपत्ति जतायी और कहा कि राम मंदिर में रामलला एक 5 साल के बालक के रूप में विराजमान हैं। एक 5 साल के बच्चे को ऐसे 24 घंटे नहीं जगाया जा सकता है। इसलिए अब फैसला लिया गया है कि रामलला, जिन्हें सुबह 5 बजे जगाया जाता है, राम नवमी के दिन उन्हें तड़के 3.30 बजे जगा दिया जाएगा।

ayodhya ram mandir ram navami ramlala

इसके बाद दिव्य औषधियों से युक्त चांदी के कलश से उनका अभिषेक किया जाएगा। सुबह 6.15 बजे होने वाली रामलला की श्रृंगार आरती राम नवमी के समय सुबह 5 बजे ही की जाएगी। इसके बाद राम नवमी की दोपहर 12 बजे जन्म की आरती होगी जिसके बाद 12.30 बजे भोग आरती होगी। भोग आरती के समय गर्भगृह में पर्दा लगा दिया जाएगा जो 12.50 बजे यानी सिर्फ 20 मिनट बाद ही हटा दिया जाएगा। शाम की संध्या आरती 6.15 बजे होगी और उस समय पर्दा सिर्फ 10 मिनट के लिए ही लगाया जाएगा।

UP रोडवेज की स्पेशल बसें

राम नवमी के समय अयोध्या जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश रोडवेज के सोहराबगेट और मेरठ डिपो से स्पेशल बसें चलायी जाएंगी। ये बसें 16 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चलेगी। मिली जानकारी के अनुसार स्पेशल बसों का किराया करीब 950 रुपए होगा। सोहराबगेट डिपो से वाया अयोध्या गोरखपुर जाने वाली बसों के अलावा ये बसे चलेंगी।

बता दें, 17 अप्रैल से अयोध्या में राम नवमी का मेला शुरू होने वाला है जो 20 अप्रैल तक होगा। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद इस साल पहली बार राम नवमी का पर्व अयोध्या में आयोजित होने वाला है। इस दिन खास बनाने के लिए राम मंदिर में राम नवमी के दिन रामलला का सूर्य तिलक लगाने की तैयारियां भी पूरी कर ली गयी हैं।

More News

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+