हैदराबाद के मेट्रो स्टेशनों तक पैदल आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हैदराबाद मेट्रो प्रशासन ने हर मेट्रो स्टेशन पर स्काईवॉक (Skywalk) बनाने का फैसला लिया है। 3 मार्च (सोमवार) को हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड (HMRL) के मैनेजिंग डायरेक्टर NVS रेड्डी ने इस बात की घोषणा की। अपनी घोषणा में उन्होंने कहा कि सभी मेट्रो स्टेशनों के सबसे करीबी कमर्शियल अथवा आवासीय परिसर को मेट्रो स्टेशनों से जोड़ने वाली स्काईवॉक का निर्माण करने की योजना है।
बताया जाता है कि इससे हैदराबाद में मेट्रो स्टेशनों के आसपास मौजूद व्यस्त सड़कों अथवा क्रॉसिंग को पार कर आने वाले पैदल यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सकेगा।

इस बाबत Telangana Today की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इन कोशिशों के तहत ही डॉ. अम्बेडकर बालानगर मेट्रो स्टेशन से पास में मौजूद ही फिनिक्स/लैंडमार्क मॉल तक स्काईवॉक का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही वासावी ग्रुप भी एलबी नगर मेट्रो स्टेशन से पास ही मौजूद वासावी आनंदनिलयम कॉम्प्लेक्स तक स्काईवॉक का निर्माण कर रही है।
बताया जाता है कि वासाई आनंदनिलयम कॉम्प्लेक्स, जो 25 एकड़ में फैला हुआ है, कुल 12 टॉवर का निर्माण किया जा रहा है। हर टॉवर में 33 मंजिले हैं। इसलिए उम्मीद जतायी जा रही है कि इस स्काईवॉक के बन जाने से यहां रहने वाले परिवारों को सुविधा होगी।
मीडिया रिपोर्ट में हैदराबाद मेट्रो प्रबंधन के हवाले से दावा किया जा रहा है कि विभिन्न मेट्रो स्टेशनों नागोल, स्टेडियम, दुर्गम चेरुवु, कुकटपल्ली आदि में भी स्काईवॉक बनाने के लिए विभिन्न कंपनियों से बात चल रही है। मेट्रो के एमडी रेड्डी ने बताया कि हैदराबाद मेट्रो के पहले चरण में बने सभी 57 स्टेशनों पर सड़क के इस पार से उस पार तक आने-जाने की सुविधा मौजूद है, जिसका इस्तेमाल सिर्फ मेट्रो यात्री ही नहीं बल्कि पैदल सड़क पार करने वाले लोग भी कर सकते हैं। उन्होंने पैदल चलने वाले लोगों से मुफ्त में मिलने वाली इस सुविधा का उपयोग करने का अनुरोध किया है, ताकि सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सकें।
Deccan Chronicle की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में पंजागट्टा, हाईटेक सिटी और इर्रम मंजिल स्टेशन पर आसपास के मॉल से स्काईवॉक के जरिए यात्री प्रवेश कर सकते हैं। इसके साथ ही जेबीएस और परेड ग्राउंड स्टेशनों के बीच संपर्क बनने की वजह से यात्रियों को घने यातायात वाली सड़कों को पार करने में काफी आसानी हो गयी है। वहीं रायदुर्ग मेट्रो स्टेशन से रहेजा माइंडस्पेस कॉम्प्लेक्स तक एक आधुनिक स्काईवॉक बनाया जा चुका है जो 11 टावरों में स्थित अंतर्राष्ट्रीय कार्यालयों को सेवाएं प्रदान करता है।
इसके साथ ही अगर कोई निजी कंपनी मेट्रो स्टेशनों पर स्काईवॉक का निर्माण करने में दिलचस्प हो, तो उसकी सुविधा के लिए उन्होंने L&T मेट्रो रेल के मेट्रो रेल स्टेशन रिटेल हेड केवी नागेंद्र प्रसाद का मोबाइल नंबर :99000-93820 भी जारी किया है।



Click it and Unblock the Notifications














