Search
  • Follow NativePlanet
Share
» »जनवरी तक यात्रियों को मिलेगा रेलवे का बड़ा तोहफा, कई शहरों को जोड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस और मेट्रो

जनवरी तक यात्रियों को मिलेगा रेलवे का बड़ा तोहफा, कई शहरों को जोड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस और मेट्रो

पिछले दिनों केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आधुनिक भारत की तस्वीर सबके सामने रखी थी। इस दौरान उन्होंने बताया था कि साल 2047 तक पूरे भारत में 4500 वंदे भारत एक्सप्रेस चलने वाली हैं। इसी क्रम में जनवरी तक देशभर के कई शहरों को जोड़ने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत मेट्रो शुरू करने की योजना बनायी गयी है।

vande bharat express patna to njp

इसमें इंदौर से उज्जैन के बीच वंदे भारत मेट्रो को शुरू करने की योजना है तो प्रयागराज से आगरा, अजमेर से चंडीगढ़ और पटना से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को शुरू किया जाएगा।

आइए आपको इन ट्रेनों और मेट्रो के बारे में विस्तार से जानकारी देते हैं :-

1. प्रयागराज से आगरा वंदे भारत एक्सप्रेस

जनवरी 2024 को प्रयागराज में होने वाले माघ मेले तक पहुंचना अब और भी आसान होने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार जनवरी 2024 से आगरा से प्रयागराज के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की जाएगी। आगरा रेल मंडल की यह पहली ट्रेन होगी, जिसे यहीं के लोको पायलट और गार्ड चलाएंगे। 11 कोच वाली यह वंदे भारत एक्सप्रेस भगवा रंग की होने वाली है। बताया जाता है कि प्रयागराज से आगरा पहुंचने में वंदे भारत एक्सप्रेस को करीब 4.30 घंटों का समय लगेगा जबकि आमतौर पर 447 किमी की इस दूरी को तय करने में 6.30-7 घंटे का समय लगता है।

vande bharat express agra to prayagraj

यह ट्रेन रास्ते में टूंडला, इटावा और कानपुर स्टेशनों पर रुकेगी। मिली जानकारी के अनुसार जनवरी 2024 में होने वाले माघ मेले और 2025 में होने वाले कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए ही इस स्टेशन तक वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन पर अधिक जोर दिया जा रहा है। हालांकि अभी तक इस ट्रेन का समय, किराया और ट्रेन के शुरू होने की तारीख की घोषणा होनी बाकी है।

2. अजमेर से चंडीगढ़ वंदे भारत एक्सप्रेस

अजमेर से चंडीगढ़ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की गयी है। हाल ही में इसका शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। लेकिन यह ट्रेन कब से शुरू होगी, इसकी अभी तक घोषणा नहीं की गयी है। इस ट्रेन के शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा गुरुग्राम से चंडीगढ़ तक जाने वाले यात्रियों को मिलने वाला है, क्योंकि गुरुग्राम को आर्थिक राजधानी और चंडीगढ़ को प्रशासनीक राजधानी कहा जाता है।

मिली जानकारी के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर - 20977) सुबह 6.20 बजे अजमेर से रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट होते हुए 14.45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से वापसी के समय यह ट्रेन दोपहर को 15.25 बजे रवाना होकर शाम को 18.33 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। दिल्ली कैंट से 18.40 बजे रवाना होकर रात 23.55 बजे यह ट्रेन अजमेर पहुंचेगी। इस रूट पर वंदे भारत के किराए के बारे में अभी तक कोई जानकारी उपलब्ध नहीं करायी गयी है।

3. पटना को मिली नयी वंदे भारत एक्सप्रेस

17 दिसंबर से पटना से न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने वाली है। इस ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार इस दिन पीएम मोदी 10 वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। बता दें, अब तक पटना से रांची और हावड़ा के लिए दो वंदे भारत एक्सप्रेस चलती थी। इस वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने के साथ पटना से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की संख्या 3 हो जाएगी।

vande bharat express ajmer to chandigarh

इस वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से किशनगंज, कटिहार, दार्जिलिंग, उत्तर दिनाजपुर, पूर्णिया, अररिया जिले के यात्रियों को काफी फायदा मिलने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार यह ट्रेन सुबह 6 बजे न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) से खुलेगी जो दोपहर 1 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से यह ट्रेन दोपहर 3 बजे खुलेगी जो NJP रात को 10 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। पटना से NJP का सफर तय करने में इसे महज 7 घंटों का समय लगेगा।

4. इंदौर से उज्जैन वंदे भारत मेट्रो ट्रेन

आने वाले समय में इंदौर से उज्जैन तक का सफर और भी आसान बनने वाला है। सांसद शंकर लालवानी के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंदौर-उज्जैन के बीच मेट्रो ट्रेन को चलाने का फैसला लिया है। उज्जैन में महाकाल लोक बनने के बाद से यहां आने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही इंदौर से उज्जैन के बीच वंदे भारत मेट्रो ट्रेन चलाने से छात्र, व्यवसायी और नौकरीपेशा लोगों को काफी सहूलियत होने वाली है।

बता दें, 100 किमी से कम दूरी के बीच चलने वाली वंदे भारत मेट्रो ट्रेन 8 कोच वाली एक ट्रेन होगी जिसे खासतौर पर कम दूरी के शहरों के बीच चलाने के लिए डिजाइन किया गया है। कम दूरी के शहरों के बीच यह ट्रेन दिन में 4-5 बार आवाजाही करेगी। इससे 100 किमी की दूरी तक के शहरों के बीच आवाजाही करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी।

गौरतलब है कि भारतीय रेलवे 10 राजधानी एक्सप्रेस के स्थान पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने का फैसला लेने वाली है। इनमें से दो राजधानी एक्सप्रेस भोपाल से होकर गुजरती है। भारतीय रेलवे मंत्रालय 2025 तक करीब 100 वंदे भारत स्लीपल ट्रेनों की शुरुआत करने वाली है।

More News

    Notifications
    Settings
    Clear Notifications
    Notifications
    Use the toggle to switch on notifications
    • Block for 8 hours
    • Block for 12 hours
    • Block for 24 hours
    • Don't block
    Gender
    Select your Gender
    • Male
    • Female
    • Others
    Age
    Select your Age Range
    • Under 18
    • 18 to 25
    • 26 to 35
    • 36 to 45
    • 45 to 55
    • 55+