गुजरात में बना 'सूरत डायमंड बोर्स', जिसने अमेरिका के पेंटागन से भी विश्व का सबसे बड़ा ऑफिस इमारत होने का खिताब छिन लिया है। इसका उद्घाटन 2 दिनों बाद यानी 17 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार पिछले करीब 80 सालों से अमेरिका के डिफेंस हेडक्वार्टर पेंटागन के पास दुनिया का सबसे बड़ा ऑफिस बिल्डिंग होने का खिताब था।
लेकिन अब यह खिताब 'सूरत डायमंड बोर्स' (SDB) के पास चला गया है। इस बिल्डिंग को हीरा व्यापार केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। बता दें, सूरत को विश्व में रत्नों की राजधानी कहा जाता है। दुनिया भर के 90% हीरों को तराशने का काम किया जाता है।
आइए SDB के बारे में आपको विस्तृत जानकारी देते हैं :-
35 एकड़ के क्षेत्र में फैला है SDB
'सूरत डायमंड बोर्स' 35.54 एकड़ के क्षेत्र में फैला व्यापारिक केंद्र हैं। बताया जाता है कि इस एक इमारत में लगभग 4,500 राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय ऑफिस होंगे। इसे बनाने का एक प्रमुख उद्देश्य भारत से हीरे, अन्य मुल्यवान रत्न और जेवरों का विदेशों में व्यापार को बढ़ावा देना है। भारत को दुनिया भर के हीरा, रत्न और ज्वेलरी मार्केट के रूप में विकसित करना है।
इस एक इमारत में 4700 से अधिक हीरा व्यापारियों के ऑफिस हैं। इस बहुमंजीली इमारत में 9 टावर बनाए गये हैं जिसमें हर टावर 15 मंजीला है। सभी टावर सेंट्रल स्पाइन से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इस एक इमारत के विभिन्न विभागों और व्यापारिक केंद्रों को मिलाकर एक बार में लगभग 1.5 लाख लोग काम करेंगे।
किया गया 'पंच तत्व' को शामिल
'सूरत डायमंड बोर्स' सिर्फ एक व्यापारिक केंद्र ही नहीं बल्कि यहां कई अन्य तरह की सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी जैसे रिक्रिएशनल ज़ोन, पार्किंग सुविधा, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था। सबसे खास बात है कि यह व्यापारिक केंद्र एयरपोर्ट से महज 5 किमी की दूरी पर मौजूद है। इस विशालाकार व्यापारिक केंद्र में 'पंच तत्व' का खास तौर पर ध्यान रखा गया है, जो प्रकृति का संतुलन बनाए रखने का काम करते हैं।
व्यापारिक केंद्र में खुला बागिचा और वॉटर फाउंटेन तैयार किया गया जो पंच तत्व में से जल, पृथ्वी और वायु का प्रतिनिधित्व करते हैं। वाटर फाउंटेन के बीच की लाइटिंग इस प्रकार रखी गयी है कि वह दूर से देखने में आग की तरह लगे, जो पंच तत्व का ही एक तत्व है। आखिर में एक अन्य खुली जगह पर आकाश तत्व का प्रतिनिधित्व करते गोलाकार जियोडेसिक पॉलीहेड्रोन को रखा गया है जो आकाश के वास्तविक रंग को रिफ्लेक्ट कर रहा है।
17 दिसंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'सूरत डायमंड बोर्स' का उद्घाटन करेंगे।



Click it and Unblock the Notifications

















