उत्तर प्रदेश में कानपुर के पास शनिवार की अहले सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। वाराणसी से अहमदाबाद जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 19168) के 22 डिब्बे पटरी से उतर गये। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है। मिली जानकारी के अनुसार कानपुर से झांसी के लिए रवाना होने के बाद ही यह ट्रेन दुर्घटना का शिकार हो गयी।
रेल हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। रेलवे की ओर से इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। इस दुर्घटना की वजह से कई ट्रेनों को रद्द और कई ट्रेनों के रूट में परिवर्तन किया गया। अगर आप भी आज इस रूट से होकर यात्रा करने वाले हैं तो पहले अपने ट्रेन की स्थिति का पता जरूर लगा लें।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार बनारस-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस कानपुर-भीमसेन के गोविंदपुरी स्टेशन के पास तड़के 2.30 बजे पटरी से उतर गयी। मीडिया से हुई बातचीत में रेलवे की ओर से बताया गया कि इस दुर्घटना में न तो जान की और न ही माल को कोई भी नुकसान पहुंचा है।
बताया जाता है कि ड्राइवर ने अचानक इंजन के एक बड़े से बोल्डर से टकराने का दावा किया है, जिसके कारण इंजन के आगे वाला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। रिलीफ ट्रेन भी मौके पर पहुंच चुकी है और कई यात्रियों को बसों से भी कानपुर भेजने का इंतजाम किया गया है।
पश्चिमी रेलवे द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर -
- प्रयागराज - 0532-2408128, 0532-2407353
- कानपुर - 0512-2323018, 0512-2323015
- मिर्जापुर -054422200097
- इटावा - 7525001249
- टुंडला - 7392959702
- अहमदाबाद - 07922113977
- वाराणसी सिटी - 8303994411
- गोरखपुर - 0551-2208088

हादसे के बाद जिन ट्रेनों का रूट परिवर्तित और जिन्हें रद्द किया गया -
रद्द की गयी ट्रेनें
1. 01823/01824 (वी झांसी-लखनऊ)
2. 11109 (वी झाँसी-लखनऊ जंक्शन)
3. 01802/01801 (कानपुर-मानिकपुर)
4. 01814/01813 (कानपुर-वी झाँसी)
5. 01887/01888 (ग्वालियर-इटावा)
6. 01889/01890 (ग्वालियर-भिण्ड)
जिन ट्रेनों का रूट हुआ परिवर्तित -
1. 16 अगस्त को खुलने वाली 11110 (लखनऊ जंक्शन-वी झांसी) ट्रेन परिवर्तित मार्ग गोविंदपुरी-इटावा-भिण्ड-ग्वालियर-वी झांसी होकर जाएगी।
2. 16 अगस्त को खुलने वाली 22537 (गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल) ट्रेन गोविंदपुरी-इटावा-भिण्ड-ग्वालियर-वी झांसी होकर जाएगी।
3. 16 अगस्त को खुलने वाली 20104 (गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल) ट्रेन कानपुर-इटावा-भिण्ड-ग्वालियर-वी झांसी होकर जाएगी।
(मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के आधार पर)



Click it and Unblock the Notifications














