अप्रैल के शुरू से ही गर्मी अपना प्रचंड प्रकोप दिखा रही है। गांवों व कस्बों की तुलना में शहरों की स्थिति काफी ज्यादा खराब है। आग बरसाती धूप और लू से बचने के लिए लोग AC का सहारा ले रहे हैं, लेकिन जो बात ठंडी पूर्वैया में है, वो राहत AC कहां दे सकती है।
इसलिए जैसे ही एक-दो दिनों की छुट्टी मिलती है या लॉन्ग वीकेंड आता है लोग बैग पैक करके घूमने निकल पड़ते हैं। ज्यादा दूर या लंबी ट्रिप पर जाने के बजाए लोग ऐसी जगहों को चुनने की कोशिश करते हैं, जहां कम दिनों में ही एक रिफ्रेशिंग ट्रिप किया जा सकें। इस वजह से कुछ चुनिंदा पर्यटन स्थल, जो लोगों को राहत पहुंचाने के लिए मशहूर थे वो अब अत्यधिक भीड़ की वजह से सिरदर्द बनने लगे हैं।

अगर आप भी किसी शॉर्ट ट्रिप पर जाने का प्लान बना रहे हैं तो ध्यान दें। इस वक्त भारत के कई शहर Overcrowded हैं, जिन्हें Avoid करना ही अभी अक्लमंदी कहलाएगी।
आइए जान लेते हैं किन शहरों में अभी सबसे ज्यादा भीड़ हो रही है -
वाराणसी
महादेव की नगरी वाराणसी में आने वाले भक्तों की भीड़ यूं तो सालभर लगी रहती है, लेकिन मार्च के अंत में होली के समय से लेकर अप्रैल में अब तक बनारस आने वाले पर्यटकों की संख्या में कई गुना इजाफा हो गया है। बनारस के घाट से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर, कॉरिडोर और गलियां हर तरफ बस लोग ही लोग नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी कई वीडियो इस समय काफी वायरल हो रहे हैं, जिसमें मजाकिया लहजे में यहां आने वाले पर्यटकों से कहा जा रहा है, "बनारसियों के लिए बनारस में थोड़ी जगह छोड़ दें।" बनारस की भीड़ में इस समय न तो बाबा विश्वनाथ के दर्शन ठीक से हो पाएंगे और न ही घाटों पर शांति से सुकून के कुछ पल बिताने के लिए बैठने की जगह मिलेगी।

कश्मीर
'धरती का स्वर्ग', 'जन्नत-ए-हिन्द' और न जाने किन-किन उपनामों से कश्मीर को बुलाया जाता है। पिछले कुछ समय में कश्मीर घूमने जाने वाले पर्यटकों की संख्या में काफी उछाल देखा जा रहा है, जो एक तरह से इस केंद्रशासित प्रदेश के विकास के लिए अच्छा भी है।
लेकिन बढ़ते-बढ़ते इस जगह पर भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गयी है कि अभी कश्मीर जाने पर प्राकृतिक नजारों और इसकी सुन्दरता के बजाए संभव है आपको वहां अपने पड़ोस वाले मोहल्ले के चाचा मिल जाएं। या थोड़ी दूर आगे बढ़ने पर कोई और जाना-पहचाना चेहरा नजर आ जाए। कश्मीर घाटी से लेकर, यहां के बागानों, गंडोला राईड (गुलमर्ग), सोनमर्ग और पहलगाम हर तरफ इस समय लोगों की खचाखच भीड़ भरी हुई है।

जयपुर
गुलाबी शहर जयपुर अपनी ऐतिहासिक धरोहरों, किलो आदि के लिए मशहूर है। राजस्थान के जयपुर में सर्दियां हो या गर्मियां हर मौसम में पर्यटक घूमने जाना पसंद करते हैं। लेकिन इन दिनों लोगों पर घूमने की ऐसी धुन सवार है, कि बस बैग पैक कर लोग कहीं भी निकल पड़ते हैं।
अगर आप भी शॉर्ट ट्रिप पर इस वक्त जयपुर जाने के बारे में सोच रहे हैं, तो हमारी मानें यह एक बुरा आईडिया साबित हो सकता है। जिस गर्मी और बेचैनी से बचने के लिए आप घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, लोगों की भीड़ और शोर आपको शांति से कुछ पल बिताने का मौका नहीं देने वाली है।
आगरा
जो शहर इन दिनों अत्यधिक भीड़ की समस्या झेल रहे हैं, उस लिस्ट में ताजनगरी आगरा शामिल है। हाल ही में आगरा मेट्रो की शुरुआत हुई है, जिस वजह से ताजमहल तक पहुंचने का रास्ता और भी आसान हो गया है। संभवतः इसका लाभ उठाते हुए ही बड़ी संख्या में पर्यटक आगरा का रूख कर रहे हैं। आगरा में ताजमहल के अलावा और भी कई बागिचे, किले और म्यूजियम हैं, जो देखने लायक हैं।

लेकिन इन सभी जगहों पर सैलानियों की इतनी अधिक भीड़ उमड़ रही है कि न तो आप अभी इन्हें ठीक से निहार सकेंगे और न ही आगरा के मशहूर पेठों का अच्छी तरह स्वाद ले सकेंगे। क्योंकि भीड़ ज्यादा होने की वजह से दुकानदार भी निम्न स्तर का सामान बेचकर मुनाफा कमाने की कोशिश करते हैं।
शिमला-कुल्लु-मनाली
गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा भीड़ हिल स्टेशनों पर जमा होने लगती है। समतल की गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ऊंचे पहाड़ी शहरों का रूख करते हैं। हिमाचल प्रदेश के हिल स्टेशन शिमला, कुल्लु और मनाली हमेशा से ही पर्यटकों की सबसे फेवरेट लिस्ट में शामिल रहते हैं।
भले बर्फबारी का समय हो या गर्मियों से राहत पाने के लिए घूमने जाने का विकल्प। लेकिन गर्मी से राहत पाने के लिए इस समय इतनी ज्यादा संख्या में लोग इन हिल स्टेशंस का रूख कर रहे हैं कि हर तरफ बस लोगों की भीड़ ही नजर आ रही है। घूमने जाने पर जो रिफ्रेशिंग सा अनुभव होता है, वह इस समय इन जगहों से गायब हो चुका है।

इसलिए हमारी सलाह है कि अगर आप भी घूमने जाने के लिए किसी अच्छी जगह की तलाश कर रहे हैं तो इन लोकप्रिय जगहों के बजाए किसी ऐसी जगह का चुनाव करें जो प्राकृतिक सुन्दरता से भरा-पूरा तो है लेकिन सोशल मीडिया पर कम लोकप्रिय है। इससे यहां आपको न सिर्फ सैलानियों की कम भीड़ मिलेगी बल्कि आराम से शांति के कुछ पल बिता पाएंगे जो आपको अंदर से ताजगी से भर देगी।



Click it and Unblock the Notifications













