उत्तराखंड में स्थित देहरादून एक ऐसा शहर है, जो लोगों को शहरी और हिल स्टेशन दोनों का एक्सपीरियंस देता है। देहरादून उत्तराखंड में दून की पहाड़ियों के बीच बसा हुआ एक शहर है, जो दिल्ली से आने वाले पर्यटकों की लिस्ट में हमेशा ऊपर होता है। देहरादून के आसपास कई वॉटरफॉल्स हैं, जिनकी सुन्दरता में मानसून चार चांद लगा देते हैं।
हालांकि इनमें से कुछ वॉटरफॉल्स तक पहुंचने का रास्ता थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है लेकिन हम दावे के साथ कह सकते हैं कि ऊंची-ऊंची पहाड़ियों से बहते दुध से सफेद झरनों को देखकर आप रास्ते की सारी मुश्किलों को पल भर में भूल जाएंगे।
तो फिर दिल्लीवालों, अपनी कुर्सी की पेटी बांध लो और निकल पड़ो देहरादून की ओर :
भट्टा फॉल

देहरादून के पास ही स्थित यह वॉटरफॉल खासा लोकप्रिय है। 30 फीट की ऊंचाई से गिरता झरने का शीतल पानी गर्मी के मौसम में राहत पहुंचाने वाला होता है। इस वॉटरफॉल के नीचे का कुंड स्वीमिंग के लिए एकदम परफेक्ट होता है। मानसून में परिवार, पार्टनर या फिर दोस्तों के साथ घूमने जाने के लिए यह वॉटरफॉल बिल्कुल आदर्श जगह है। दिल्ली से भट्टा फॉल की दूरी 276 किमी की है। गाड़ी से आप महज 6 से 7 घंटों में यहां पहुंच सकते हैं।
टाइगर वॉटरफॉल
देहरादून से 2 से ढाई घंटे की दूरी पर चकराता में है टाइगर वॉटरफॉल। यह उत्तराखंड में काफी ज्यादा लोकप्रिय नहीं है, इसलिए इसे एक Hidden Gem कहा जा सकता है। ज्यादा लोकप्रिय नहीं होने की वजह से यहां आपको लोगों की बहुत ज्यादा भीड़ भी नहीं मिलेगी और पार्टनर के साथ ऐसे शांत और प्राकृतिक परिवेश में थोड़ा वक्त बिताने का आपको मौका भी मिल जाएगा।

हां, इस बात का ध्यान भी रहे कि यहां ज्यादा पर्यटक नहीं आते हैं, इसलिए इस वॉटरफॉल के आसपास आपको खाने-पीने की ज्यादा दुकाने भी नहीं मिलेंगी। दिल्ली से यह 340 किमी की दूरी पर है। गाड़ी से यहां पहुंचने में आपको 8 से 9 घंटों का समय लग सकता है।
नीरगढ़ वॉटरफॉल
देहरादून से सिर्फ ढाई घंटे की दूरी पर है नीरगढ़ वॉटरफॉल। यह वॉटरफॉल ऋषिकेश से भी काफी पास होगा। नीरगढ़ वॉटरफॉल ज्यादा बड़ा नहीं है, लेकिन इस जगह की खूबसूरती आपको सम्मोहित कर सकती है। अगर आप एडवेंचरस हैं, तो इसके कुंड में डूबकी लगाकर खुद को तरोताजा भी कर सकते हैं।

आप चाहे तो लक्ष्मणझुला से 5 किमी का ट्रेक करते हुए भी इस वॉटरफॉल तक पहुंच सकते हैं। दिल्ली से यह 276 किमी की दूरी पर है जहां गाड़ी से पहुंचने में आपको 5 घंटों का समय लग जाता है। इस वॉटरफॉल की एंट्री फीस 50 रुपये प्रति व्यक्ति है।
सहस्रधारा वॉटरफॉल
यह वॉटरफॉल ना सिर्फ उत्तराखंड बल्कि देशभर में काफी लोकप्रिय है। देहरादून पहुंचने के बाद सबसे पहले आपको यहीं घूमने आना चाहिए। सहस्रधारा वॉटरफॉल में घूमने का बेस्ट समय मानसून ही है, जब सच में इस वॉटरफॉल की हजारों धाराएं पहाड़ के ऊपर से नीचे उतरती है। यकिन मानिए मानसून के समय अगर सहस्रधारा वॉटरफॉल का दीदार कर लिया तो इससे नजरें नहीं हटा पाएंगे आप।

दिल्ली से यह वॉटरफॉल सिर्फ 300 किमी की दूरी पर है, जहां पहुंचने में आपको 6 घंटों का समय ही लगेगा।
इस वॉटरफाल से करीब 16 किमी दूर ही देहरादून का प्रसिद्ध टूरिस्ट स्पॉट रॉबर्स केव या गुच्छु पानी मौजूद है। रॉबर्स केव/गुच्छु पानी या फिर डाकुओं की गुफा के बारे में जानने के लिए पढ़ें, "तेज गर्मी से बचना है तो देहरादून में 'डाकूओं की गुफा' में आराम फरमाएं"।
मालदेवता वॉटरफॉल

मानसून के समय अगर वॉटरफॉल्स की खूबसूरती देखनी है, तो आपको एक बार मालदेवता वॉटरफॉल जरूर आना चाहिए। क्योंकि छोटी-छोटी पहाड़ियां उस समय हरियाली से पूरी भर जाती है और उनके बीच से बहता झरने का पानी अद्भुत सुन्दर लगता है। खास तौर पर अगर आपको सोशल मीडिया पर वीडियोज बनाने का शौक है, तो यह आपके लिए एक अच्छा लोकेशन हो सकता है। दिल्ली से मालदेवता वॉटरफॉल की दूरी 297 किमी की है। यहां गाड़ी से पहुंचने में आपको 6 घंटों का समय लग सकता है।
केम्प्टी फॉल

उत्तराखंड के सबसे खूबसूरत वॉटरफॉल्स में केम्प्टी फॉल प्रमुख है। 50 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरता स्वच्छ पानी 12 किमी नीचे यमुना नदी में जाकर मिलता है। मानसून के समय इस वॉटरफाल से 5 अलग-अलग धाराएं निकलती हैं, जो इसकी सुन्दरता को कई गुना बढ़ा देता है। कहा जा सकता है कि मानसून में बारिश के बाद यह वॉटरफॉल अपने पूरे शबाब पर होता है। यह वॉटरफॉल देहरादून से 48 किमी और दिल्ली से 298 किमी की दूरी पर है। दिल्ली से यहां पहुंचने में आपको 7-7:30 घंटों का समय लग सकता है।



Click it and Unblock the Notifications













