करवा चौथ में कुछ ही दिनों का समय बचा हुआ है। पति की लंबी उम्र और सलामती के लिए 1 नवंबर को पत्नियां निर्जला उपवास रखने वाली हैं। क्या कहा आपने, अभी तक आपने अपनी शॉपिंग भी नहीं की है और हाल ही में दशहरा बीतने की वजह से आपका बजट भी बिगड़ा हुआ है। घबराने की कोई जरुरत नहीं है। अगर आप दिल्ली या उसके आसपास रहते हैं तो करवा चौथ पर अपनी पूरी शॉपिंग सस्ते में निपटाने का बेस्ट तरीका हम आपको बता रहे हैं।

हम आपको दिल्ली के कुछ ऐसे मार्केट्स के बारे में बता रहे हैं, जहां आप काफी कम किमतों पर करवा चौथ पर अपनी शॉपिंग पूरी कर सकते हैं। यकिन मानिए किसी को पता भी नहीं चलेगा कि आपने अपना बजट बढ़ाए बिना ही करवा चौथ की शॉपिंग पूरी कर ली है। इन मार्केट्स से खरीदे गये सामान कहीं से भी सस्ते नहीं बल्कि काफी महंगे ही दिखाई देते हैं।
1. चांदनी चौक

दिल्ली का चांदनी चौक मार्केट सबका फेवरेट वेडिंग शॉपिंग डेस्टिनेशन होता है। लेकिन यहां सिर्फ शादी ही नहीं बल्कि दूसरे त्योहारों के समय भी आपको अच्छी डिजाइन और क्वालिटी में सामान मिल जाएंगे। करवा चौथ से लेकर दिवाली तक के लिए इस मार्केट में आपको कई वेराइटी के परिधान मिल जाएंगे। इसके साथ मैचिंग जूलरी, घर की सजावट, पूजा-पाठ के सामान आदि के कई विकल्प मिलेंगे यहां।
2. सरोजिनी मार्केट

करवा चौथ पर सुन्दर साड़ी, सलवार सूट से लेकर मैचिंग चुड़ियां और जूलरी...हर तरह का सामान सरोजिनी मार्केट में उपलब्ध है। यह मार्केट बजट शॉपिंग के लिए सबसे ज्यादा फेमस है। अगर आपको मोलभाव करना आता है तो इस मार्केट से ज्यादा अच्छी जगह लास्ट मोमेंट शॉपिंग के लिए और कुछ नहीं हो सकती है। करवा चौथ के साथ ही अगर आपको विंटर वियर्स लेनी हो या पार्टी वियर्स, तो सरोजिनी मार्केट का एक चक्कर जरूर लगाएं।
3. लाजपत नगर मार्केट

दिल्ली के लाजपत नगर मार्केट में पहुंचते ही आपको लगेगा आप किसी मेला या फेस्टिवल में पहुंच चुके हैं। हर दुकान पर रंग-बिरंगी सामानों को बड़े ही आकर्षक तरीके से सजाकर रखा गया है। कपड़ों से लेकर जूलरी और फूटवेयर्स की शॉपिंग के लिए दिल्ली का लाजपतनगर मार्केट बेस्ट है। यहां आपको हर सामान के ढेर सारे विकल्प मिल जाएंगे, जिनमें से अपनी पसंद का सामान चुनना आसान बन जाएगा।
4. तिलक नगर मार्केट

यह वेस्ट दिल्ली का एक लोकप्रिय मार्केट है, जहां साल भर भीड़ लगी रहती है। ब्राइडल शॉपिंग से लेकर सामान्य चीजों की शॉपिंग करने आने वाले लोगों को यहां इतनी ज्यादा विकल्प दी जाती है कि वे बार-बार इस मार्केट में ही लौटकर आना पसंद करते हैं। इस मार्केट में आपको हर तरह के बजट में कपड़े, फुटवेयर, कपड़ों को और भी आकर्षक बनाने के लिए लेस, दुपट्टे, घर की सजावट का सामान और पूजा का सामान सब कुछ मिल जाएगा।



Click it and Unblock the Notifications














