मुंबई में मेट्रो के अलग-अलग कॉरिडोर का निर्माण पिछले लंबे समय से चल रहा है। धीरे-धीरे सभी मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कार्य पूरा होता जा रहा है, जिसके साथ ही एक-एक कर सभी मेट्रो लाइन पर यात्री सेवाओं को भी शुरू कर दिया जा रहा है। हाल ही में मुंबई मेट्रो की लाइन 2B पर ट्रायल रन शुरू हुआ है। इस मेट्रो लाइन के शुरू होने का इंतजार भी लंबे समय से मुंबईकर कर रहे हैं।
हालांकि मेट्रो लाइन 2B के पूरे कॉरिडोर का ट्रायल रन अभी शुरू नहीं किया गया है बल्कि मेट्रो लाइन 2B के 20 में से फेज 1 के तहत मात्र 5 स्टेशनों के बीच ही मेट्रो के संचालन का ट्रायल रन किया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द सुरक्षा जांच को पार कर मुंबई मेट्रो की लाइन 2B का संचालन आम जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

कौन-कौन से स्टेशन और किन इलाकों से होकर गुजरेगा मुंबई मेट्रो का यलो लाइन कॉरिडोर? कितनी है लंबाई और निर्माण में कितना हुआ खर्च?
आइए जान लें -
परिवहन सेवा को मिलेगी नई ऊंचाई
मेट्रो लाइन 2B के शुरू होने के बाद दावा किया जा रहा है कि मुंबई में परिवहन सेवाओं को नई ऊंचाई मिल जाएगी। यह मेट्रो लाइन पूर्वी और पश्चिमी उपनगरीय क्षेत्रों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है। वर्तमान में मुंबई के पूर्वी उपनगरीय शहरों से पश्चिमी उपनगरीय शहरों तक सड़क मार्ग से आवाजाही करने में जितना समय लगता है, संभावना जतायी जा रही है कि मेट्रो लाइन 2B के शुरू होन के बाद उससे लगभग 50 से 75 प्रतिशत तक कम समय लग सकता है। यह मेट्रो लाइन पूरे मुंबई शहर से होकर निकलेगी, इसलिए यातायात सेवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण भी मानी जा रही है।
मेट्रो लाइन 2B के शुरू होने से जिन महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक आवाजाही आसान बन जाएगी और दूसरी मेट्रो लाइन के इंटरचेंज स्टेशनों से गुजरेगी -
- पश्चिम एक्सप्रेस हाईवे
- पूर्वी एक्सप्रेसवे हाईवे
- पश्चिम और मध्य रेलवे स्टेशन
- मोनो रेल
- मेट्रो लाइन 1 (घाटकोपर से वर्सोवा)
- मेट्रो लाइन 2A (दहीसर से डी.एन. नगर)
- मेट्रो लाइन 4 (वडाला से कासरवडवली)
- मेट्रो लाइन 3 (कोलाबा से सीप्ज़)
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि मुंबई मेट्रो लाइन 2B के शुरू होने से रेलवे, सड़क और मेट्रो तीनों तक पहुंचना पहले के मुकाबले काफी आसान बनने वाला है। इसके साथ ही सरकारी और व्यापारिक संस्थानों तक आवाजाही को भी यह मेट्रो लाइन आसान बना देगा।
मेट्रो लाईन-२ ब- टप्पा-१ तांत्रिक चाचणीला सुरुवात
— MMRDA (@MMRDAOfficial) April 16, 2025
महानगर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी, भाप्रसे, यांनी अतिरिक्त आयुक्त श्री विक्रम कुमार, श्री अश्विन मुदगल तसेच महा मुंबई मेट्रोच्या व्यवस्थापकीय संचालिका श्रीमती रुबल अगरवाल यांच्या उपस्थितीत मेट्रो लाईन-२ ब (फेज-1) प्रकल्पाचा आढावा… pic.twitter.com/KbQWZ0aKgz
मेट्रो लाइन 2B के स्टेशनों की सूची -
मुंबई मेट्रो का लाइन 2B, जिसे यलो लाइन मेट्रो (Yellow Line Metro) कहा जाता है। यह मेट्रो कॉरिडोर लगभग 23.643 किमी लंबा है, जो पूरी तरह से एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर है। इस मेट्रो कॉरिडोर पर 20 स्टेशन बनाए गये हैं, जिनमें शामिल हैं -
- ESIC नगर
- प्रेम नगर
- इंदिरा नगर
- नानावटी अस्पताल
- खीरा नगर
- सारस्वत नगर
- नेशनल कॉलेज
- बांद्रा मेट्रो
- इनकम टैक्स ऑफिस
- ILFS
- MTNL मेट्रो
- एसजी बर्वे मार्ग
- कुर्ला (पूर्व)
- EEH
- चेम्बुर
- डायमंड गार्डन
- शिवाजी चौक
- बीएसएनएल मेट्रो
- मानखुर्द
- मांडले मेट्रो
कौन-कौन से हैं इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन?
- डी.एन. नगर (मेट्रो लाइन 1)
- बांद्रा (उपनगरीय रेल)
- आईटीओ जंक्शन (मेट्रो लाइन 3)
- कुर्ला ईस्ट (उपनगरीय रेल और मेट्रो लाइन 4)
- चेम्बुर (मोनोरेल)
- मानखुर्द (उपनगरीय ट्रेन)
- सीएसटी-पनवेल फास्ट कॉरिडोर
- मुंबई -नवी मुंबई एयरपोर्ट कॉरिडोर
लागत और कब तक हो सकता है शुरू?
मुंबई मेट्रो के लाइन 2B के निर्माण की कुल लागत करीब ₹10,986 करोड़ बतायी जाती है। इस मेट्रो लाइन के पहले चरण के तौर पर 5.5 किमी लंबे एलीवेटेड कॉरिडोर का ट्रायल रन 16 अप्रैल से शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में 5 स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवाओं को शुरू किया जाएगा। जिन 5 स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवाओं को पहले चरण के तहत संचालित किया जाएगा, उनमें शामिल है -
- मांडले
- मानखुर्द
- बीएसएनएल मेट्रो
- शिवाजी चौक
- डायमंड गार्डन
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रिजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) सूत्रों के हवाले से बताया जाता है कि इस मेट्रो लाइन का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसका निर्माण कार्य पूरा होने के तुरंत बाद ही मेट्रो लाइन पर आम यात्री सेवाओं को शुरू कर देने की संभावना जतायी गयी है।



Click it and Unblock the Notifications














