सर्दी के मौसम में हिमालय की वादियों में घूमना भला किसे नहीं होगा? इनमें से कुछ ऐसे भी होंगे, जो सर्दी में ट्रेकिंग कपने का भी जुनून रखते हैं। ऐसे में अगर आप हिमालय की वादियों में ट्रेकिंग करने के दीवाने हैं तो हम आपके लिए लेकर आए उत्तराखंड के कुछ चुनिंदा ट्रेक्स, जो आपके जिंदगी को रोमांच से भर देंगे। इस लिस्ट में उत्तराखंड का सबसे खतरनाक ट्रेक कहे जाने वाला केदारकंठ ट्रेक भी शामिल है।

केदारकंठ ट्रेक
केदारकंठ का नाम सुनते ही आप सभी के मन में एक ख्याल आता होगा कि शायद केदारनाथ को ही केदारकंठ के नाम से जाना जाता है। लेकिन ऐसा नहीं है, केदारकंठ उत्तरकाशी में स्थित एक बेहतरीन ट्रेक है, जिसे दुनिया का हर ट्रेकर करना चाहता है। यह 20 किमी लंबा ट्रेक है, जिसका रास्ता बेहद कठिन है। ये ट्रेक करना अपना आप में किसी रोमांच से कम नहीं है। आमतौर पर इसे ट्रेकर्स 4 दिन में पूरा करते हैं।
तुंगनाथ ट्रेक
तुंगनाथ ट्रेक का पूरा नाम तुंगनाथ चंद्रशिला ट्रेक है, जिसका रास्ता तुंगनाथ मंदिर (विश्व का सबसे ऊंचा शिव मंदिर) से होकर जाता है। सर्दी के मौसम में यह पूरा रास्ता बर्फ से ढका रहता है। चोपता से शुरू हुआ ये ट्रेक दो खूबसूरत हिमालयी घाटियों के दर्शन कराता है। बर्फीले रास्तों से होकर गुजरना रोमांच से भर देता है। यह ट्रेक काफी छोटा है लेकिन कठिन माना जाता है। इस ट्रेक की दूरी लगभग 3.5 किमी है, जिसे एक दिन में पूरा किया जा सकता है।

नाग टिब्बा ट्रेक
उत्तराखंड का नाग टिब्बा ट्रेक दुनियाभर के एडवेंचर लवर्स के बीच एक लोकप्रिय स्थान है। जहां से आप स्वर्गरोहिणी, बंदरपूंछ, काला नाग, श्रीखंड महादेव, गंगोत्री, केदारनाथ की चोटी, दून घाटी और चांगबांग की बर्फीली चोटियां देख सकते हैं। जंगलों और घास के मैदानों से होकर गुजरता ये ट्रेक अपनी सुंदरता और आकर्षक नजारों से पर्यटकों का मन मोह लेता है। यह मसूरी से लगभग 75 किमी की दूरी पर स्थित है, जो करीब 16 किमी लंबा है और इसे 2 दिन में पूरा किया जा सकता है।
ब्रह्मताल ट्रेक
भगवान ब्रह्मा को समर्पित ब्रह्मताल ट्रेक जंगली रास्तों, बर्फीली वादियों और सुंदर गांवों से होकर गुजरता है, जो आपको एक बेहतरीन नजारों का गवाह बनने का मौका देता है। सर्दी के रास्ते इस ट्रेक का अधिकतर क्षेत्र बर्फ से ढका रहता है, ऐसे में सर्दी में इसे करने का एक अलग ही अनुभव मिलता है। इस ट्रेक की दूरी करीब 22 किमी है, जिसे 4-5 दिन में पूरा किया जा सकता है।
ये सभी ट्रेक हिमालय की सुंदरता से आपको रूबरू करवाते हैं, ऐसे में अगर आप भी हिमालय की वास्तविक सुंदरता का आनंद लेना चाहते हैं तो आप भी जनवरी से लेकर मार्च तक इन ट्रेक को जरूर करें।



Click it and Unblock the Notifications














