गर्मी की छुट्टियों में कुछ समय प्रकृति के बीच बिताने के लिए तमिलनाडु के पहाड़ी शहर ऊटी अथवा कोडईकनाल जाने की योजना बना रहे हैं? ऊटी या फिर कोडईकनाल के लिए घर से निकलने से पहले जान लें, अब बिना ई-पास के आपको यहां एंट्री नहीं मिलने वाली हैं।
मद्रास हाई कोर्ट की स्पेशल डिवीजन बेंच में न्यायाधीश एन. सतीश और बी. भारत चक्रवर्ती ने जिला प्रशासन को इन दोनों लोकप्रिय हिल स्टेशनों पर जाने के इच्छुक वाहनों के लिए ई-पास जारी करने की प्रणाली लागू करने का निर्देश दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार कल यानी 7 मई 2024 से तमिलनाडु के नीलगिरी जिले, जिसमें ऊटी और कोडईकनाल भी शामिल हैं, में प्रवेश करने के लिए ई-पास को अनिवार्य किया गया है। इन दोनों हिल स्टेशनों में प्रवेश करने के लिए ई-पास की अनिवार्यता 30 जून 2024 तक लागू रहेगी। पर अचानक क्यों हाई कोर्ट ने हिल स्टेशन में प्रवेश करने के लिए ई-पास को अनिवार्य करने के लिए कहा?
Read Also :
दरअसल, गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक इन हिल स्टेशनों का रूख करते हैं। लेकिन यहां घूमने आने वाले पर्यटकों का कोई डाटा उपलब्ध नहीं रहता है। ई-पास बनाने से सभी पर्यटकों का रिकॉर्ड रखना संभव हो पाएगा। साथ ही ई-पास यह भी सुनिश्चित करेगा कि घूमने आने वाले पर्यटकों में से सभी को इन दोनों हिल स्टेशन की प्राकृतिक सुन्दरता को उपभोग करने का मौका मिले।

3 रंगों के जारी होंगे ई-पास
ऊटी और कोडईकोनाल समेत नीलगिरी जिले में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति फिर चाहे वह स्थानीय निवासी हो, किसान या मजदूर हो अथवा देसी-विदेशी पर्यटक, सभी के लिए ई-पास लेना जरूरी होगा। हर किसी के लिए तमिलनाडु सरकार अलग-अलग ई-पास जारी करेगी।
इस तरह से 3 रंगों में ई-पास जारी किये जाएंगे। इसमें से हरे रंग का ई-पास स्थानीय निवासियों के लिए जारी होगा। खेतों व अन्य स्थानों से आवश्यक वस्तुओं व फसलों को ले जाने वाले लोगों के लिए नीले रंग का ई-पास और देसी अथवा विदेशी सभी प्रकार के पर्यटकों को बैंगनी रंग का ई-पास जारी किया जाएगा।

कैसे बना सकेंगे ई-पास?
- मोबाइल अथवा कम्प्यूटर से https://epass.tnega.org पर लॉग-इन करें।
- अपनी नागरिकता के आधार पर Within India या Outside India का विकल्प चुनें।
- इसके बाद अपना मोबाइल नंबर डालें। आपके मोबाइल पर एक OTP आएगा, जिसे भरकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूरी कर लें।
- इसके बाद आगे मांगी जाने वाली जानकारियां जैसे आपका पूरा नाम, पता, ठहरने की अवध, वाहन का नंबर-नाम आदि विवरण भरकर ई-पास जेनरेट करने की प्रक्रिया पूरी कर लें।



Click it and Unblock the Notifications














