गुजरात में भुज-नखत्राणा रोड को विस्तृत करने और उसे चौड़ा बनाने का काम किया जाएगा। हाल ही में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस रोड को चौड़ा और विस्तृत करने के लिए आवश्यक अनुदान की घोषणा भी कर दी है। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार भुज-नखत्राणा रोड का विस्तार होने से मुख्य रूप से मटाना मध-धोरडो-सफेद रण के रेगिस्तान तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को काफी सुविधा होगी।
सिर्फ पर्यटन ही नहीं बल्कि भारत-पाकिस्तान के अंतर्राष्ट्रीय बार्डर और पननध्रो लिग्नाइट के खदानों तक आने-जाने के लिए भी यह रोड बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

Ahmedabad Mirror की एक रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार भुज-नखत्राणा रोड को 4 लेन चौड़ा हाई स्पीड कॉरिडोर बनाया जाएगा। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री पटेल ने इस रोड को 4 लेन वाली हाई स्पीड कॉरिडोर बनाने के लिए ₹937 करोड़ का अनुमोदन दिया है। भुज से लगभग 45 किमी की लंबाई में भुज-नोखत्राणा रोड को विकसित किया जाएगा। बता दें, भुज कच्छ जिले का मुख्यालय है। एक बार इस रोड का विकास हो जाता है तो इस हाई-स्पीड कॉरिडोर से होकर पर्यटकों को आवाजाही करने में काफी सुविधा होगी।
गौरतलब है कि भुज-नखत्राणा रोड वर्तमान में 10 मीटर चौड़ा है। इसे चौड़ा करके 4 लेन का बनाया जाएगा। सिर्फ कुछ दूरी तक ही नहीं बल्कि 45 किमी लंबे रोड को चौड़ा बनाया जाएगा ताकि यहां से होकर आने-जाने वाली गाड़ियों को जाम जैसी परेशानियों में न फंसना पड़े।
खास तौर पर अंजानी जगहों पर जाम में फंस जाने से पर्यटकों को काफी मुश्किलें हो जाती हैं। कई बार उन्हें खाने-पीने के लिए सामान मिलने का अभाव होता है तो कभी निर्धारित समय पर अपने होटल आदि में वे नहीं पहुंच पाते हैं। इसके साथ ही जाम की वजह से कभी-कभी दूसरा रास्ता लेने के चक्कर में रास्ता भटक जाने का खतरा भी बना रहता है।
भुज-नखत्राणा रोड के विकसित होने और चौड़ा बन जाने से इन सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। गाड़ियां फर्राटे से 4 लेन की सड़कों पर अपने गंतव्यों के लिए दौड़ेंगी। हालांकि इस रोड को चौड़ा बनाने का काम कब से शुरू होगा और कब तक इसे पूरा किया जाएगा, इस बाबत अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।



Click it and Unblock the Notifications














