चंडीगढ़ में फैल रही है गुलाब के फूलों की खुशबू और खुशबू आ रही है चंडीगढ़ (Chandigarh) के प्रसिद्ध रोज गार्डन (Zakir Hussain Rose Garden) से, जहां शुरू हुआ है 'ज़ीरो बजट' रोज फेस्टिवल। जी हां, सुनने में थोड़ा अटपटा लगा न...। दरअसल, इस साल वित्तीय संकट से जुझ रहा चंडीगढ़ नगर निगम का रोज फेस्टिवल पूरी तरह से प्रायोजकों (स्पॉन्सर्स) पर निर्भर है।
3 दिनों तक चलने वाला यह रोज फेस्टिवल 21 से 23 फरवरी तक चलेगा। ऐसा पहली बार हो रहा है जब चंडीगढ़ में आयोजित हो रहा रोज फेस्टिवल ज़ीरो बजट है। इस फेस्टिवल के आयोजन पर नगर निगम अपने फंड से एक भी रुपया खर्च नहीं करेगा बल्कि सभी कार्यक्रम और व्यवस्थाएं स्पॉन्सर्स के सहयोग से आयोजित की जा रही हैं।

क्यों है ज़ीरो बजट?
जैसा कि हमने पहले ही बताया है कि चंडीगढ़ नगर निगम इस साल वित्तीय संकट से जुझ रहा है। इसलिए पहले नगर निगम सदन ने फेस्टिवल के लिए ₹1.18 करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव पास भी किया था, लेकिन बाद में वित्तीय संकट की बात को ध्यान में रखते हुए निगम के कमिश्नर अमित कुमार ने फेस्टिवल के लिए इतनी भारी-भरकम रकम को खर्च करने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद भी स्पॉन्सर्स की मदद से इस साल का 53वां रोज फेस्टिवल आयोजित करने का फैसला लिया गया है।
कहां हो रहा है आयोजित?
चंडीगढ़ के सेक्टर 16 में मौजूद जाकिर हुसैन गार्डन में 53वें रोज फेस्टिवल की शुरुआत आज (शुक्रवार) से हुई है। यह फेस्टिवल 23 फरवरी तक जारी रहेगी। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार फेस्टिवल के दौरान यहां करीब 829 प्रजातियों के 50,000 से भी अधिक पौधे देखने को मिलेंगे। यहां मिनीएचर, हाईब्रिड, बोन्साई, फ्लोरीबंड्स, क्लाइम्बर और भी कई तरह के पौधे आप देख सकेंगे।
क्या-क्या कार्यक्रम होंगे आयोजित?
चंडीगढ़ रोज फेस्टिवल के दौरान यहां कई तरह के कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया जा सकता है। मनोरंजन के लिए विभिन्न तरह के कार्यक्रमों के साथ-साथ यहां कई आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी, जैसा पिछले कई सालों के दौरान की गयी थी। 21 फरवरी (शुक्रवार) को रोज फेस्टिवल का उद्घाटन केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया। इस दिन लोक नृत्य प्रतियोगिता, भांगड़ा प्रदर्शन, पंजाबी गायक सुखी बराड़ व ग्रुप की प्रस्तुति दी गयी।

22 फरवरी (शनिवार)
सुबह 9 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। सबसे पहला कार्यक्रम रोज प्रिंस और प्रिंसेस प्रतियोगिता आयोजित होगी।
सुबह 10 बजे - पतंगबाजी शो
सुबह 10.30 बजे - फोटोग्राफी प्रतियोगिता
सुबह 11 बजे - गतका प्रदर्शन
दिन में 11.30 बजे - वरिष्ठ नागरिक रोज क्वीन और किंग प्रतियोगिता
दोपहर 2 बजे - रोज क्विज प्रतियोगिता
दोपहर 3.30 बजे - मिस्टर रोज और मिस रोज प्रतियोगिता
शाम 4.30 बजे - सूफी गायक बलबीर व ग्रुप का कार्यक्रम
शाम 6.30 बजे - लोकप्रिय लोपोके ब्रदर्स की प्रस्तुति
23 फरवरी (रविवार)
सुबह 10 बजे - बंगाली कलाकारों का सांस्कृतिक कार्यक्रम
सुबह 10.30 बजे - ऑन स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता
सुबह 11 बजे - अंताक्षरी प्रतियोगिता
दोपहर 3 बजे - समापन समारोह और पुरस्कार वितरण
शाम 5 बजे - अतुल दुबे व ग्रुप का गीत और गज़ल
शाम 6.30 बजे - नवीन नीर और ग्रुप का कवि सम्मेलन



Click it and Unblock the Notifications


