दिल्ली-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार रेलवे प्रेमियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी कर रहे हैं। अगले साल जनवरी के महीने में दिल्ली से श्रीनगर के बीच स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने की सुगबुगाहट काफी तेज हो गयी है। विमान जैसी सुविधाओं वाली देश की पहली सेमी हाई स्पीड लग्जरी ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लिंक (USBRL) से होकर गुजरेगी, जिसकी सबसे बड़ी खासियत चिनाब रेल ब्रिज होगी।
दुनिया की सबसे ऊंची यह रेल ब्रिज अपनी बनावट और कई विशेषताओं की वजह से बड़ी ही खास मानी जा रही है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि दिल्ली से श्रीनगर के बीच जब वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो जाएगा, तब सर्दियों के मौसम में क्या खास इंतजाम करने होंगे? खास तौर पर दिसंबर के अंत से लेकर फरवरी के शुरुआत तक जब कश्मीर में चिल्लाई कलां (यानी की सबसे कड़ाके की सर्दी पड़ती है) शुरू होगी, तब कैसे इस ट्रेन का संचालन किया जाएगा?

क्या होता है चिल्लाई कलां?
सबसे आपको बता दें, कश्मीर में होने वाला चिल्लाई कलां (Chillai Kalan) होता क्या है...हर साल 21 दिसंबर से कश्मीर घाटी में चिल्लाई कलां की शुरुआत हो जाती है, जो अगले 40 दिनों तक चलती है। चिल्लाई कलां वह समय होता है, जब कश्मीर घाटी में सबसे कड़ाके की ठंड पड़ती है। इस साल 21 दिसंबर को जब चिल्लाई कलां की शुरुआत हुई तब कश्मीर घाटी का तापमान -6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आलम यह है कि श्रीनगर का प्रसिद्ध डल झील में पानी भी अब जमने लगा है।
बात अगर दक्षिणी कश्मीर की करें, तो यहां अमरनाथ यात्रा के बेस कैंप - पहलगाम-चंदनवाड़ी में तापमान -8.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। गुलमर्ग का भी तापमान -6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। चिल्लाई कलां के समय में सबसे ज्यादा बर्फबारी दर्ज की जाती है, जब तापमान लगातार जीरो डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहता है। अगले 31 जनवरी तक चिल्लाई कलां चलने वाली है।
ऐसे में जब तापमान शून्य से 8 डिग्री तक नीचे रहेगा तो क्या एसी कोच वाली ट्रेन से सफर करना संभव है? ट्रेन में पानी जमकर बर्फ नहीं हो जाएगी? जी नहीं, ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। दरअसल, बर्फीले मौसम में भी दिल्ली-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा को बनाए रखने के कई खास इंतजाम किये जाएंगे, जिनके बारे में हम आगे बता रहे हैं।

सेंट्रलाइज्ड एसी ही नहीं, होगा सेंट्रली हिटेड भी
जैसा कि हम सभी जानते हैं, वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे लग्जरी ट्रेन सेंट्रलाइज्ड एसी होते हैं। लेकिन दिल्ली-श्रीनगर रूट पर चलने वाली वंदे भारत सेंट्रली हिटेड होगी। मीडिया रिपोर्ट में रेलवे के उच्चाधिकारियों के हवाले से बताया जाता है कि बर्फीले मौसम में यात्रियों को सफर के दौरान कोई समस्या न हो, इसलिए इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को खास तौर पर सेंट्रली हिटेड तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि बाहर के बर्फीले नजारों का लुत्फ उठाते हुए भी यात्रियों को गर्माहट का अहसास होता रहे। ट्रेन में सेंट्रली हिटिंग तकनीक का उपयोग होने का फायदा ट्रेनों के परिचालन में भी होगा।
किये जाएंगे कई और खास इंतजाम
JagranJosh की रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली से श्रीनगर रूट पर जो वंदे भारत एक्सप्रेस चलेगी, उसमें ड्राईवर के सामने वाली खिड़की के कांच पर भी खास Heating एलिमेंट लगाएं जाएंगे ताकि बर्फबारी जैसे मौसम में ट्रेन की खिड़की साफ रहे और लोकोपायलट को सामने का रास्ता साफ-साफ नजर आता रहे। इसके अलावा ट्रेन में लगाए गये पानी की टंकी और उसके पाइप्स को भी गर्म रखने के लिए खास इंतजाम किये जाएंगे ताकि कश्मीर और श्रीनगर जैसे इलाकों से गुजरते समय पानी जमकर बर्फ न बन जाए।

अगर ऐसा होता है तो न सिर्फ यात्रियों को परेशानी होगी बल्कि जमे हुए पानी के अधिक दबाव को न झेल पाने की वजह से पाइप के फट जाने का खतरा भी बन सकता है, जो सफर के दौरान भारी मुसीबत को आमंत्रण देने जैसा ही होगा। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में संभावना जतायी गयी है कि पानी की टंकी में सिलिकॉन हिटिंग पैड जैसी चीजों को डाला जा सकता है, जिससे पानी गर्म बना रहेगा और जमेगा नहीं। बर्फीली वादियों से गुजरते समय भी यात्रियों को शौचालय में गर्म पानी ही मिलेगा।
गौरतलब है कि दिल्ली से श्रीनगर की दूरी को तय करने में किसी भी सामान्य ट्रेन को करीब 20 घंटों का समय लग जाता है लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस इस दूरी को महज 13 घंटों में पूरा करेगी। यह ट्रेन नई दिल्ली स्टेशन से शाम को 7 बजे खुलेगी जो अगले दिन सुबह 8 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
दिल्ली से श्रीनगर के बीच करीब 800 किमी का सफर यह ट्रेन मात्र 13 घंटों में पूरा कर नया कीर्तिमान बनाएगी। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस ट्रेन के एसी 3 टियर का किराया लगभग ₹2,000, एसी 2 टियर का किराया ₹2,500 और एसी फर्स्ट क्लास का किराया ₹3,000 हो सकती है। यह एक स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस होगी।



Click it and Unblock the Notifications













