144 साल बाद आए महाकुंभ मेले के दिव्य संयोग का लाभ उठाने के लिए प्रयागराज जाने वाले हैं। प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाकर सभी पापों से मुक्ति पाना चाहते हैं। यह इच्छा लिए हुए ही देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री प्रयागराज का रुख कर रहे हैं। लेकिन प्रयागराज आने वाले अधिकांश तीर्थ यात्री इस सुनहरे मौके को छोड़ना नहीं चाहते और लगे हाथ अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन भी कर लेने के बारे में सोच रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो प्रयागराज आने वाले बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री अयोध्या जरूर जा रहे हैं। अगर आप भी महाकुंभ मेले में शामिल होने प्रयागराज जाने के बारे में सोच रहे हैं और साथ ही में अयोध्या की तीर्थ यात्रा भी सम्पन्न करना चाहते हैं तो हम आपकी मदद कर देते हैं।

यहां हम आपको बताने वाले हैं कि सड़क व ट्रेन के माध्यम से प्रयागराज से अयोध्या कैसे जाएंगे और अयोध्या में कौन सी ऐसी जगहें हैं, जहां तीर्थ यात्रियों को जरूर जाना चाहिए।
कैसे जाएं प्रयागराज से अयोध्या?
प्रयागराज से अयोध्या जाने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। अगर आप ट्रेन से अयोध्या जाने के बारे में सोच रहे हैं तो 3 से 5 घंटों में प्रयागराज से अयोध्या पहुंच सकते हैं। अयोध्या के लिए प्रयागराज से आपको कई ट्रेन मिल जाएंगी जैसे - साकेत एक्सप्रेस, तुलसी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, सरयू एक्सप्रेस। ये सभी ट्रेनें प्रयागराज से सीधे अयोध्या जाती हैं। इन ट्रेनों की बुकिंग आप ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं।
किराया
हालांकि अलग-अलग ट्रेन का किराया अलग-अलग हो सकता है। लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया ₹1135, साकेत एक्सप्रेस के शयनयान कोच का किराया ₹175 और 3एसी का किराया ₹555 तक हो सकता है।
सड़क मार्ग से अयोध्या
ट्रेन के अलावा प्रयागराज से अयोध्या के बीच नियमित रूप से बस सेवा भी उपलब्ध है। ट्रेन के मुकाबले बस से जाने पर समय थोड़ा ज्यादा लग सकता है लेकिन यह प्रयागराज से अयोध्या जाने का बजट फ्रेंडली तरीका है। प्रयागराज से अयोध्या जाने में आपको 4 से 6 घंटे का समय लग सकता है। इन दोनों शहरों के बीच में उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बसें नियमित रूप से चलती हैं। किराया एसी, नॉन एसी, सरकारी और निजी बसों के लिए अलग-अलग हो सकता है।

किराया
प्रयागराज से अयोध्या के लिए नॉन एसी बसों का किराया ₹200-₹300 के बीच हो सकता है। एसी बसों का किराया ₹600 से ₹1000 तक हो सकता है। (हालांकि इस समय, अगर आपको धूल से एलर्जी की समस्या न हो तो एसी बसों की ज्यादा जरूरत नहीं होगी।)
अयोध्या में कौन-कौन सी जगहें हैं मस्ट विजिट
- श्री राम जन्म भूमि मंदिर
- हनुमान गढ़ी
- कनक भवन मंदिर
- सरयू घाट
- नागेश्वरनाथ मंदिर
बता दें, प्रयागराज से अयोध्या आने वाले महाकुंभ के तीर्थ यात्रियों की वजह से अयोध्या में रामलला की मूर्ति और उनकी फोटो की मांग काफी बढ़ गयी है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि श्रद्धालु रामलला के दर्शन करने के बाद अयोध्या के बाजारों से रामलला की फोटो या मूर्ति भी जरूर खरीद रहे हैं।



Click it and Unblock the Notifications














