12 सालों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार प्रयागराज में आयोजित होने वाला है महाकुंभ का मेला। अगले साल 13 जनवरी से शुरू होने वाला महाकुंभ मेला लगभग 45 दिनों तक चलने वाला है। इसे लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने काफी तैयारियां कर रखी हैं। इस मेले में सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होने वाले हैं। इस मेले को लेकर दुनियाभर के कई देशों से लोग एन्क्वायरी कर रहे हैं जिसमें अमेरिका से लेकर फ्रांस, ब्राजिल, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, उरुग्वे तक से लोग पूछताछ कर रहे हैं।
इसी बात को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ स्पेशल मोबाइल ऐप को लॉन्च किया है, जिसमें महाकुंभ से जुड़ी मान्यताओं, परंपराओं और इसके महत्व से लेकर और भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जा रही हैं। ताकि देश-विदेश के श्रद्धालुओं को बस एक क्लिक में ही महाकुंभ से जुड़ी सारी जानकारियां आसानी से मिल सकें।

नहीं होगी परेशान होने की जरूरत
महाकुंभ के महत्व, इससे जुड़ी विभिन्न परंपराओं, तारीखों आदि के बारे में सटिक जानकारी प्राप्त करने के लिए लोग अलग-अलग Keywords के सहारे इन दिनों सर्च इंजन पर जानकारियां जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन इंटरनेट पर मौजूद इतनी सारी जानकारियों में से कौन सही है और कौन गलत, इसका सही पता नहीं होने की वजह से लोग कंफ्यूज भी हो रहे हैं।
अब लोगों को किसी तरह से भी परेशान होने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि महाकुंभ से जुड़ी सारी जानकारियां 'महाकुंभ मेला 2025 ऐप' के माध्यम से उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है जो महाकुंभ 2025 का आधिकारिक ऐप भी है। बताया जाता है कि बड़ी संख्या में लोग इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड भी कर रहे हैं।
मिलेगी कौन-कौन सी जानकारियां?
प्रयागराज भारत के सबसे पुराने शहरों में से एक है। इसे शास्त्रों में प्रयाग या तीर्थराज के नाम से भी संबोधित किया गया है। हर वर्ष माघ के महीने में यहां माघ मेले का आयोजन, हर 6 साल में कुंभ मेला और हर 12 सालों में महाकुंभ मेला का आयोजन किया जाता है। इस साल भी महाकुंभ मेले को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
इस ऐप पर महाकुंभ 2025 से जुड़ी विभिन्न जानकारियों के साथ-साथ ब्लॉग, IIM समेत कई बड़े संस्थानों की रिपोर्ट और महाकुंभ पर लिखी गयी कई ई-बुक्स भी उपलब्ध है। अगर आप प्रयागराज के बारे में या इसके इतिहास से जुड़ी विभिन्न जानकारियां चाहते हैं तो ऐप में 'एक्सप्लोर प्रयागराज' सेक्शन पर जाकर आप आसानी से यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस सेक्शन में यूपी टूरिज्म के ब्लॉग को स्थान दिया गया है।

बताएगा शाही स्नान की तारीख से लेकर समय
महाकुंभ 2025 की शुरुआत 13 जनवरी से होगी जो 26 फरवरी 2025 तक चलेगी। इस दौरान कई शाही स्नान होंगे, जिनके लिए पूर्व निर्धारित तिथियां हैं। कब-कब शाही स्नान होगा, प्रयागराज में कौन-कौन से घाटों पर शाही स्नान होने वाले हैं, इन सबसे जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारियां आपको महाकुंभ ऐप पर बड़ी आसानी से ही मिल जाएंगी।
कब-कब होगा शाही स्नान?
- मकर संक्रांति - 14 जनवरी 2025
- मौनी अमावस्या - 29 जनवरी 2025
- वसंत पंचमी - 3 फरवरी 2025
- माघी पूर्णिमा - 12 फरवरी 2025
- महाशिवरात्रि - 26 फरवरी 2025



Click it and Unblock the Notifications














