पिछले साल रिलीज हुई बॉलीवुड की फिक्शन फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' तो आपने जरूर देखी होगी। अरे भई वहीं फिल्म जिसमें भगवान विष्णु के 10वें अवतार कल्कि की मां का किरदार दीपिका पादुकोण ने, महाभारत के चरित्र अश्वथामा का किरदार सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने और एआई सुपरकार बुज्जी के मालिक भैरव का किरदार निभाया था प्रभास ने।
इस फिल्म में दिखाया गया था कि 2898 ई. में पूरी दुनिया तो नष्ट हो जाती है, रेगिस्तान बन जाती है। लेकिन दुनिया का एकमात्र शहर बच जाता है और वह है वाराणसी। अब फिल्म में दिखाया गया उल्टे पिरामिड के आकार वाला कॉम्प्लेक्स कभी वाराणसी के आकाश में तैरता दिखे या न दिखे लेकिन आप जल्द ही बनारस में जमीन से काफी ऊपर केबल तारों के सहारे आगे बढ़ता देश का पहला शहरी रोपेवे (Ropeway) जरूर देखेंगे।

जी हां, बनारस में जल्द शुरू होने वाला रोपवे। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार बनारस में रोपवे के 3 स्टेशनों का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा होने वाला है। बता दें, मार्च 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अत्याधुनिक शहरी रोपवे का शिलान्यास किया था। लगभग ₹650 करोड़ की लागत से इस परियोजना को पूरा किया जा रहा है। वाराणसी में रोपवे का निर्माण कम समय में भीड़भाड़ वाली सड़कों के बजाए केबल कार की मदद से लोगों को जल्द से जल्द उनके गंतव्यों तक पहुंचा दिया जाए और इस तरीके से पर्यावरण को भी खास नुकसान न हो।
पूरा होने वाला है 3 स्टेशनों का काम
Times of India की रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार वाराणसी के रोपवे परियोजना में 5 स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें से 3 स्टेशनों का निर्माण पूरा होने वाला है। जिन 3 स्टेशनों का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है, उनमें शामिल है i) वाराणसी कैंट ii) विद्यापीठ और iii) रथयात्रा।

बताया जाता है कि इन तीनों स्टेशनों के बीच में खंभों पर रोपवे का केबल लगाने का काम पूरा हो चुका है। संभावना जतायी जा रही है कि अगले 1 महीने के अंदर रोपवे का ट्रायल रन इन तीनों स्टेशन के बीच शुरू हो सकता है। ट्रायल रन को पूरा करने में लगभग 1 से डेढ़ महीने का समय लग सकता है।
इस बारे में वाराणसी के डिविजनल कमिश्नर कौशलराज शर्मा का कहना है कि रोपवे को आधिकारिक रूप से लॉन्च करने से पहले करीब डेढ़ महीने तक ट्रायल रन किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सकें कि सभी सिस्टम अच्छी तरह से काम कर रहे हैं।
कब तक पूरी होगी यह परियोजना?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अगले 2 महीनों में वाराणसी रोपवे का संचालन 5 में से 3 स्टेशनों के बीच शुरू कर दिया जा सकता है। इसके बाद बाकी के दो स्टेशनों, गोदौलिया और गिरीजाघर स्टेशन, को बनाने का काम पूरा किया जाएगा। बताया जाता है कि मई 2025 तक वाराणसी रोपवे परियोजना को पूरा कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जगह की कमी होने की वजह से गोदौलिया स्टेशन को एक तीन मंजिला इमारत में बनाया जा रहा है, जहां ऊपरी मंजिल पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स होगा और नीचली मंजिल पर यात्रियों के आने-जाने की जगह बनायी जाएगी।

बताया जाता है कि केबल कार परियोजना का लाभ न सिर्फ स्थानीय बल्कि पर्यटकों को भी भरपूर मिलेगा। हर दिन रोपवे से होकर करीब 6000 यात्री सफर करेंगे। यह रोपवे वाराणसी के कुछ अत्यधिक भीड़ वाले इलाकों से होकर गुजरेगा, जिससे ट्रैफिक की परेशानियां तो दूर होंगी ही लेकिन इन परेशानियों को दूर करने के लिए पर्यावरण से कोई छेड़छाड़ करने की जरूरत नहीं होगी। वाराणसी रोपवे परियोजना को पूरा करने का काम नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) कर रही है, कंपनी की तरफ से बताया गया है कि यह संरचना अब ट्रायल रन के लिए तैयार है।



Click it and Unblock the Notifications














